Wednesday, December 8, 2021

कौआ और कबूतर

लौकडाउन के दौरान प्रत्येक दिन सवेरे की चाय, दो घंटे की पढाई और लेखनी बालकनी में होती थी। चा़य की प्याली हाथ में और निगाहें सामने वाले मकान की एसी पर रहती थीं!  वह एसी  बहुत खूबसूरत था इसलिए नहीं, बल्कि वहां अक्सर कबूतरों की चहल पहल रहती थी इसलिए! और प्रकृति, पक्षियों को देखना मुझे अच्छा लगता है।

कई दिनों से देख रहा था एक कबूतर, फुर्र फुर्र उड़कर जाता, तिनके लाता, एसी के ऊपर जमा करता। फिर जाता, तिनके लाता। कई हफ्तों की मेहनत के बाद उसका घर पूरा हो गया था। उसने बहुत मेहनत से घर बनाया था, मैं इस बात का गवाह था।

फिर मेरी व्यस्तता थोड़ी बढ़ गई और दो तीन दिनों तक मैं उस कबूतर को नहीं देख पाया।  

उस दिन सुबह मैं बालकनी में आकर बैठा। अनायास नजर उस एसी की ओर चली गई। कबूतर सिर झुकाए अपने घर से बाहर बैठा था। वह कुछ कुछ उदास सा लग रहा था। चेहरे पर मायूसी थी। हैरानी की बात थी कि वह अपने ही बनाए नए घर से थोड़ी दूरी पर बैठा था!

जिज्ञासा थी तो मैं ने खड़े होकर झांका। मैं अवाक् रह गया! उसके बनाए घर के बाहर एक कौआ बैठा था। कबूतर के मेहनत से बनाए उस घर के दरवाजे पर शायद उस ढीठ कौए ने अपना नाम लिख दिया था।  इसीलिए वह स्वाभिमानी कबूतर अपने ही बनाए घर से दूर बैठा था और वह बेशर्म ढीठ कौआ उसके घर के बाहर!  

मुझे बेहद तकलीफ हुई। लौकडाउन के दौरान उस कबूतर ने मेरा अच्छा खासा मनोरंजन भी किया था और मेरी कई रचनाओं का सहायक भी बना था। मैं उसके लिए संवेदनशील था और एहसानमंद भी। इसलिए मैं  उदास हो गया।

अब बालकनी में कम बैठता हूं। लेकिन जब बैठता हूं तो उधर निहारता रहता हूं। इस उम्मीद से कि शायद कौए को कुछ शर्म आ जाए और कबूतर की वापसी देख सकूं। ऐसा कब होगा? होगा भी कि नहीं? मुझे पता नहीं।

पर इतना जरूर पता है कि कौआ मूर्ख था, मूर्ख है और मूर्ख ही रहेगा। क्योंकि वह कबूतर की अथक मेहनत को नहीं समझ पाया। वह यह नहीं समझ पाया कि कबूतर मेहनती है और उस के पास अपनी कला है इसलिए एक दिन वह इससे भी सुंदर घर बना लेगा। पर दूसरों के  बने बनाए घर पर कब्जा करने वाले उस दुष्ट कौए का क्या होगा?  

मैं हर दिन सुबह बालकनी से कबूतर के बनाए उस घर को एक बार देखने जरूर जाता हूं। और दुआ करता हूं कि कबूतर को अपना घर वापस मिल जाए।

Sunday, June 6, 2021

एक पौधा लगाया होता...

शहर के पास ही,
काश एक बगीचा
हम सबने मिलकर 
बनाया होता!
हर घर से एक पौधा
वहां जाकर लगाया होता!
तो शहर में आज
इतनी गन्दी हवा न होती!
शहर की कोई जिंदगी आज
हमसे खफा न होती! 


Sunday, May 30, 2021

चिंता से मुक्ति कैसे? chinta se mukti kase?

क्या आप जानते हैं कि क्या है खुश रहने का, चिंता से मुक्ति का राज ? कभी पशु पक्षियों को या छोटे शिशुओं को गौर से देखिए! इन्हें बीमार होने के अलावा हर समय उमंग, उत्साह में ही देखा होगा, खुश ही देखा होगा ।  क्या इनको आपने कभी खाली बैठे देखा है? निश्चित रूप से पशु पक्षियों या छोटे शिशुओं को आपने हर समय busy ही देखा होगा। और यही है, खुश रहने का, चिंता से मुक्ति का राज। आप जितने busy रहेंगे चिंता आपसे उतनी दूर रहेगी।

Winston churchill  युद्ध के दौरान एक दिन में 18-19 घंटे काम करते थे। एक बार किसी ने उनसे पूछ लिया आप के ऊपर इतनी जिम्मेदारियां हैं। क्या आप कभी चिंतित नहीं होते?

चर्चिल ने कहा - मैं इतना व्यस्त रहता हूं कि मेरे पास चिंता करने का time ही नहीं है।

यह सही है। जब हम व्यस्त नहीं होते, तो प्रकृति हमारे दिमाग में negative भावनाओं को अधिक तेजी से भरना शुरू कर देती है। जो चिंता का मूल कारण होता है। 

व्यस्त रहने की कला पशु पक्षियों और छोटे शिशुओं सीखी जा सकती है। और व्यस्त रहकर चिंताओं से दूर रहा जा सकता है!!

Saturday, May 29, 2021

स्वामी विवेकानंद से एक मुलाकात swami vivekanand se ek mulakat

कैसे हुई swami vivekanand se ek mulakat?  बहुत पुरानी बात है, लगभग 20 साल पुरानी। उस समय दिल्ली में metro चली नहीं थी। बस में ही office आना जाना होता था। दिल्ली की पुरानी DTC वाली बस। जिस की ऊंचाई बहुत अधिक थी और मेरी हाईट बहुत कम। बस के ऊपरी हैंडिल को पकड़ पाना मेरे लिए बहुत मुश्किल था। 

उस दिन औफिस के लिए निकला तो लेट हो गया था। प्रतीक्षा कर नहीं सकता था। अतः एक भीड़ वाली बस में किसी तरह पीछे की ओर खिसक गया। अगले stand पर बस रुकी तो बच्चों का हुजूम शोरगुल करते हुए अंदर आ गए। रेलम पेल जबर्दस्त थी और बस के ऊपर के हैंडल को पकड़ पाना मेरे लिए संभव न था।

 मैं पीछे एक सीट से चिपका हुआ था। तभी 8 - 10 बच्चे धड़धड़ाते हुए मेरे ऊपर आ गए। मैं ने  पूरी ताकत से बच्चों को अपने ऊपर से हटाने की कोशिश की। 

तभी एक 16-17 साल का बच्चा मेरी ओर गुर्राते हुए देख कर बोला, " दिखाई नहीं देता, धक्का क्यों दे रहे हो? "

" मैं ने धक्का नहीं दिया। खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था। " मैं ने शालीनता से कहा।

उसने एक भद्दी सी गाली देते हुए कहा, " नहीं, तुमने मुझे जानबूझ कर धक्का दिया है। " कह कर वह मेरी ओर बढा। 

उसके पीछे से कई और बच्चे भी मेरी ओर लपके। सभी 15 से 20 साल के थे। उन्होंने मेरी कौलर पकड़ ली, तभी पीछे से एक वृद्ध सज्जन चिल्लाए, " ये क्या कर रहे हो, तुमलोग?"

"मारपीट कर रहा हूं, दिखाई नहीं देता बुड्ढे?"  कहकर सभी बच्चों ने ठहाके लगाए। 

मैंने गुस्से में कहा, " तुम्हें तमीज नहीं है? किसी बूढे बुजुर्ग से ऐसे बात की जाती है?"

ये कहने की देरी थी कि कुछ बच्चे मेरे ऊपर और कुछ उस वृद्ध के ऊपर टूट पड़े। ज्यादा चोट तो नहीं लगी पर हमदोनों के कपड़े फट गए। 

अगले स्टैंड पर सारे बच्चे धड़धड़ाते हुए उतर गए।  मैं उस वृद्ध सज्जन के पास गया। हमदोनों अजनबी थे। अवाक् होकर एकदूसरे की ओर देख रहे थे। मैं ने कहा, " सर,  मेरी वजह से आपके साथ भी... "

"नहीं,  नहीं....कोई बात नहीं!" उस सज्जन ने कहा। लेकिन उनकी हालत देख मेरी आंखें भर आईं थीं। अगले ही स्टैंड पर वे मेरी ओर निरीह दृष्टि से देखते हुए उतर गए। 

मेरे कपड़े फट गए थे पर मुझे इस बात की चिंता नहीं थी। मुझे तो इस बात की चिंता थी कि हमारे समाज के बच्चे कितने अशिष्ट, असभ्य होते जा रहे हैं। यदि इन्हें सही दिशा नहीं दी गई तो आगे हमारे समाज का भविष्य कैसा होगा?

उस रात खाना खाकर जब मैं बिस्तर पर आया तो मन बहुत उदास था।  मैं अपने लिए नहीं, उस वृद्ध व्यक्ति के साथ हुए व्यवहार के लिए बहुत दुखी था। एक बच्चा यदि एक बुजुर्ग को सम्मान देना बंद कर दे, अशिष्टता की सारी सीमाएं लांघ दे तो सुनहरे कल की कल्पना कैसे की जाए? अंदर एक अजीब सी छटपटाहट थी। इस  छटपटाहट के बीच बोझिल पलकों में कब नींद छा गई पता भी नहीं चला... 

तभी अंधेरे कमरे में एक छाया उभरी। वे स्वामी विवेकानंद थे। मैं उन्हें साफ साफ देख पा रहा था। चेहरे पर सौम्य मुसकराहट थी। 

वे बोले,  "आज जो तुम्हारे साथ या उस वृद्ध के साथ हुआ यह एक स्वाभाविक घटना है। और इसके लिए तुम सभी जिम्मेदार भी हो। जब भी किसी के साथ ऐसा हादसा होता है तो तुम सभी यह सोचकर कन्नी काट लेते हो कि यह मेरे साथ नहीं हुआ, जिसके साथ हुआ वह जाने।  

"लेकिन यह मत भूलो कि तुम सभी एक ही समाज के हिस्से हो।  इस समाज का कोई भी वर्ग यदि किसी समस्या से पीड़ित होता है तो उसका असर पूरे समाज पर पडे़गा। विशेष रूप से बच्चों पर ध्यान देना तो बहुत ही जरूरी है। क्योंकि बच्चे भविष्य के निर्माता होते हैं! 

" मैं ने कहा था कि बच्चे की शिक्षा ऐसी हो जिससे उसका शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास हो। यह याद रखना कि यदि शिक्षा द्वारा बच्चों के चरित्र निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया तो आनेवाला समाज और प्रदूषित होगा। एक चारित्रिक दोष वाला व्यक्ति कभी एक अच्छे परिवार, एक सुंदर समाज, एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सहायक नहीं हो सकता! 

"इसलिए उठो, जागो और स्वस्थ, सुंदर राष्ट्र के लिए एक चरित्रवान बच्चे के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दो!"

"उठो... जागो... " की आवाज इतनी तेज थी कि मेरी नींद खुल गई। घड़ी में सुबह के पांच बज रहे थे। मैं बिस्तर पर उठ कर बैठ गया।  '

हां, विवेकानंद ने सही कहा। कल का समाज अच्छा हो इसके लिए आज के बच्चे का चरित्रवान होना जरूरी है। मुझे भी कुछ करना चाहिए। पर आज के हालात में क्या यह संभव है? " सोचते हुए बालकनी में आकर खड़ा हो गया। 

ठंडी हवा चल रही थी। तभी सामने की बालकनी पर एक सुंदर सा बच्चा स्कूल ड्रैस में आकर खड़ा हो गया। जिन्हें मैं रोज देखता था। पर कभी बातचीत नहीं हुई थी।

उस दिन मैं ने हाथ हिलाया, " हैलो, आज आप इतनी जल्दी तैयार हो गए? "

" हां अंकल, स्कूल में 26 जनवरी की तैयारी चल रही है। पता है,  मैं स्वामी विवेकानंद बनकर जाऊंगा और बोलूंगा, उतिष्ठत, जागृत, प्राप्य वरान्निबोधत... " वह बच्चा तुतलाती आवाज में बोला। 

अपने पिताजी को अपने संबोधनों में अक्सर इस श्लोक का प्रयोग करते सुना है। आज एक छोटे से बच्चे के मुंह से वही श्लोक सुनकर मैं झूम उठा।

'उस छोटे से बच्चे ने ऐसा कहा इसका मतलब अभी भी बहुत संभावनाएं बची हुई हैं! बस, हमें इसके लिए प्रयास करना होगा और मैं अवश्य करूंगा। ' सोचते हुए मैं खुशियों से भर गया।

कचरे का dabba kavita


शहर की बड़ी बड़ी 

बिल्डिंगों के पीछे

जो कचरे का ढेर है,

वहीं रहता है, वहीं जीता है।

और वहीं मर जाता है,

कचरे से बीनता है,

इसलिए कहा जाता है उसे

कचरे का डब्बा...

उस दिन मैं उससे बातें करने लगा,

तो वह रोने लगा,

फिर हंस हंस कर बताने लगा...

हूं समय का पाबंद,

रोज सुबह निकलता हूं

कंधे पर डाल बोरियां,

भटकता हूं, इकट्ठा करता हूं

प्लास्टिक की बोतलें, टूटे फ़ूटे डब्बे,

सड़ी गली पन्नियां, कागज,

और पता नहीं क्या क्या...

धूप खाने से चमड़ियां 

जल जाती हैं,

ठंड उतरती है 

तो हड्डियां गल जाती हैं,

पैरों में कांटे, शीशे तो रोज चुभते हैं,

पर दबा देता हूं खुद ही

सड़ा लेता हूं घावों को,

कहूं भी तो किससे कहूं

यही मेरी नियति है

कि चुपचाप सहता रहूं...

अंतड़ियां जब कुलबुलाने 

लगती हैं,

भूख जब बेदम कर देती है,

तो उन्हीं कचरों से 

खाना बीन लेता हूं,

नहीं तो कुत्तों के मुंह से ही

रोटी छीन लेता हूं...

शाम को लौट आता हूं,

कचरे के उसी ढ़ेर में घुस जाता हूं,

छलछलाती आंखों से 

कुछ ढूंढता हूं चारों ओर,

तो शून्य, अंधकार के अलावा

कुछ  दिखाई नहीं देेेता,

कुत्ते के भौंभौं के अलावा

कुछ सुनाई नहीं देता...

न पिता याद करते हैं,

न मां की याद आती है,

सन्नाटे की सांय सांय में,

नींंद आती जाती  है...

पर कुरूप सच है कि,

हंसते हुए रोता हूं,

और रोते हुए हंसता हूं,

कचरों की गोद में ही

गीत गाते सोता हूं...


वह छोटा सा पौधा ( 20 अप्रैल 2021 )

पार्क से गुजर रहा था। अचानक मौसम खराब हो गया। चारों ओर अंधेरा छाने लगा।  बूंदाबांदी के बीच तेज हवा चलने लगी।  

हवा बहुत तेज थी, बहुत तेज। मेरे पैर जमीन से उखड़ने लगे थे।  मैं ने पार्क में चारों ओर देखा। दूर दूर तक कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा था।

बारिश के पानी में पैर को टिका पाना मुश्किल हो रहा था। बारिश का पानी सिर से उतर रहा था। जिसकी वजह से  मैं कांपने भी लगा था। अचानक मैं वहीं थलथले पानी में गिर पड़ा।

मैं जहां गिरा। वहां ठीक बगल में एक बहुत ही नन्हा सा पौधा उस तेज हवा में भी फड़फड़ा रहा था। लगता ऐसा था कि किसी भी क्षण उसे जड़ सहित यह हवा एक झटके में उखाड़ कर दूर फेंक देगी। पर उस पौधे की हिम्मत देखने लायक थी। उसने स्वयं को बहुत ही मजबूती से थलथले पानी में दबा रखा‌ था। 

हवा के तेज रुख से एक बार तो लगता कि अब यह पौधा बस...। पर दूसरे ही पल वह पौधा उतनी ही तेजी से स्वयं को मजबूती से खड़ा कर लेता। उस पौधे को देखते हुए मैं जोश से भर गया। सोचने लगा, जब इतना छोटा पौधा अपनी जड़ को जी-जान से बचाने में लगा है। फिर मैं...

और अचानक मैं चिल्लाते हुए उठ खड़ा हुआ। ठीक सामने खड़े एक पेड़ को मजबूती से पकड़ लिया। अब मेरा डर गायब हो चुका था।  थोड़ी ही देर बाद हवा मद्धम होने लगी। सबकुछ शांत होता चला गया। पर मैं अभी भी उस बडे़ पेड़ से लिपटा हुआ, छोटे पौधे की ओर देखता जा रहा था।

वह छोटा पौधा भी एकटक मेरी ओर देख रहा था। मानो कह रहा हो, हिम्मत के लिए बड़ा होना, विशाल होना, मजबूत होना जरूरी नहीं। बस, डराने वाले के सामने निडरता से खड़े हो जाओ।
ध्यान रखना, डराने वाला स्वयं बहुत डरा रहता है। तुम यदि निडरता से उसके सामने खड़े‌ हो गए। तो परिस्थितियां कैसी भी‌ हों, वह तुम्हारा बाल भी बांका नहीं कर सकता।

' वाह, मेरे प्यारे मासूम पौधे! तुमने क्या बात कही है!' कहकर मैं जोर जोर से ताली बजाने लगा और अचानक मेरी नींद खुल गई।

घड़ी देखी तो सुबह के पांच बज रहे थे। मैं बिस्तर से निकलकर सीधे बालकनी पहुंचा। गमले में लगे अपने उस प्यारे मासूम पौधे को गले से  लगा लिया।

ये इन्सां सबसे ऊपर है!!

ये इन्सां सबसे ऊपर हैं!!

खुद घर में रहकर करें विश्राम,
बाहर की हवा अभी ठीक नहीं,
घर का मौसम गुलजार करें,
बाहर का मौसम अभी ठीक नहीं!

अपनों को छोड़ जो बाहर हैं,
उन अपनों को भी याद करें,
दिन रात उनके लिए दुआ करें,
वे डाक्टर, पुलिस, सफाई वाले हैं,
ये कर्मवीर मतवाले हैं,
हम सबके रखवाले हैं,
जिनकी सेवा सब से बेहतर है!
ये इन्सां सबसे ऊपर है!

बस दुआ की इन्हें जरूरत है!
दिन में एक बार तो दुआ करें,
ये जहां मिलें, इन्हें प्यार करें,
दिल से इन्हें  हम करें सलाम,
खुद घर में रहकर करें विश्राम,
बाहर की हवा अभी ठीक नहीं,
घर का मौसम गुलजार करें,
बाहर का मौसम अभी ठीक नहीं!




सम्मान करें!

आज कोरोना से लोग परेशान हैं, बेचैन हैं। सभी के चेहरे पर डर, उदासी और मायूसी है। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी समाज के दो वर्ग ऐसे हैं, जो हंसते हुए, मुस्कराते हुए घरों से बाहर निकल कर, अपनी जान हथेली पर रख कर लोगों की सेवा में लगे हैं, जान बचाने में लगे हैं। ये हैं, डाक्टर और पुलिस।  

हमारे पास यह विकल्प हो सकता है कि हम अपनी सुरक्षा के लिए बाहर ही न निकलें। लेकिन  पुलिस और डाक्टर के पास यह विकल्प नहीं। यदि ये भी अपनी सुरक्षा के लिए खुद को घरों में बंद कर लें तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है, इसकी मात्र कल्पना करके देखिए, रोंगटे खड़े हो जाएंगे। 

आज की तारीख में कोरोना एक संकट है, लेकिन इन वर्गों के लिए अन्य कई चुनौतियां भी हैं। जहां डाक्टर अन्य बीमारियों के लिए भी अपनी सेवाएं लगातार दे रहे हैं, वहीं पुलिस अपनी अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों को भी निभा रहे है।

ऐसी स्थिति में भी कुछ लोग जानबूझकर, तो कुछ लोग अज्ञानतावश, कुछ लोग व्यक्तिगत, तो कुछ लोग व्यायवसायिक हितों के लिए इन वर्गों के प्रति गलत रवैया अपना कर संवेदनहीनता का परिचय देते हैं। जो दुखद है। हमें ऐसे गलत लोगों से सावधान रहना चाहिए और एक साथ मिलकर ऐसे लोगों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। 

डाक्टर और पुलिस का कार्य आपकी और हमारी सुरक्षा के लिए है। इसलिए यह जिम्मेदारी हमारी, आपकी है कि इन दोनों वर्गों का, इन के परिवार का हम सभी ध्यान रखें,  हम सभी इनका उचित सम्मान करें।

एक पौधा लगाइए!

शहर दर शहर का कोई कोना
ऐसा नहीं बचा,
जहां की हवाएं जहरीली न हों!
मत टहलिए इधर उधर,
घर में रहिए।
आज हवा बेवफा क्यों हो गई आखिर?
सोचिए!
आज से, अब से ही,
अपने मोहल्ले की हवा को, 
ठीक करिए!
प्लीज अपने आप को ही 
सुरक्षित कर लीजिए! 
अपने घर की छत पर ही सही!
एक सुंदर सा 
पौधा लगाइए!!

असली पूजा, भक्ति क्या है? ( एक कहानी)

उसका नाम था, मोहन । वह दिन रात ईश्वर की भक्ति में लगा रहता। लेकिन यह सिर्फ लोगों को दिखाने के लिए था। वह दिन भर यह दिखाने की कोशिश में रहता कि वह भगवान का बहुत बड़ा भक्त है। उसे न अपने घर के किसी कार्य से मतलब था, न ही अपने आसपास के लोगों से, प्रकृति से कोई मतलब था। 

जबकि उसकी पत्नी दिन भर अपने काम में लगी रहती। काम करते हुए गीत गाना, गुनगुना उसका स्वभाव था। 

सुबह सुबह वह अपने पौधों को पानी देती, तो गुनगुनाती। अपने घर के बाहर झाड़ू लगाती, तो गुनगुनाती। आसपास के लोगों से बातें करती, तो मुस्कुराती। खाना बनाते हुए, गाना गाती। बच्चों के साथ रहते हुए, पति की सेवा करते हुए भी उसका गाना, गुनगुनाना और मुस्कुराना जारी रहता। यानी उसका हर काम गाते, गुनगुनाते, मुस्कुराते ही होता था। दिन भर वह अपने कामों में व्यस्त रहते हुए भी सदा खुश रहती।

लेकिन पति उससे खुश नहीं था। वह बार बार पत्नी को टोकता, ' तुम्हारे गीत गाते रहने से मुझे परेशानी होती है। मैं भगवान की पूजा में एकाग्र ( Concentrate ) नहीं हो पाता। तुम अपना यह नाटक बंद करो, ताकि मैं प्रभु वंदना ठीक से कर सकूं।'

पर वह महिला अपने व्यवहार को बदल न सकी। बल्कि उसके गीतों का स्वर और तेज हो गया। अब तो नींद में भी उस महिला के होंठों से सुस्वर मीठे गीत निकलते।

आखिरकार मोहन यह शिकायत लेकर अपने गुरु के पास पहुंच गया। उन्हें सारी बातें बताई। गुरु प्रज्ञावान थे। वे सारी बातें समझ गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ' ठीक है, कल सुबह 4 बजे मैं तुम्हारे घर आऊंगा और तुम्हारी पत्नी को समझाने का प्रयत्न करूंगा।'

मोहन खुशी खुशी अपने घर पहुंचा। उसने पत्नी से कहा, ' कल मेरे गुरुदेव आ रहे हैं। उनकी आवभगत जरा ठीक से करना। और हां, जरा अपनी चोंच को बंद रखना। वे तुम्हें ही समझाने आ रहे हैं।'

पत्नी ने मुस्कुराते हूंए सारी बातें सुन ली। 

उस दिन मोहन सुबह के तीन बजे ही उठ गया। नहाधो कर पूजा पर बैठ गया। जैसे जैसे समय आगे बढ़ता जा रहा था, उसकी बेचैनी बढ़ती जा रही थी। ' पता नहीं गुरुदेव कब आएंगे? आएंगे भी या नहीं?' वह बार बार खिड़की से मुंह निकाल कर पत्नी से पूछता, ' गुरु जी आ रहे हैं? देखना जरा, गुरु जी आते हुए दिखाई दे रहे हैं?'

लेकिन पत्नी बेचैन नहीं थी। उसके दैनिक कार्यों में कोई परिवर्तन नहीं था। वह अन्य दिनों की भांति गुनगुनाती हुए उठी। गुनगुनाते हुए अपने पेड़ पौधों‌ से बातें कीं, पानी दिया। और फिर गाते हुए अपने घर के बाहर झाड़ू देने लगी।

तभी गुरु जी आ गए। पत्नी भागकर गई। कुर्सी लेकर आई। पानी लेकर आई। गुरु जी के पैर धोकर आशीर्वाद लिए। ये सारे कार्य मोहन खिड़की से झांकते हुए देख रहा था। उसने जोर जोर से पाठ करना शुरू कर दिया, ताकि गुरु तक उसकी आवाज पहुंच सके।

गुरु जी ने पूछा, ' मोहन कहां है? '

पत्नी ने कहा, ' वे तो अभी अभी अपनी चप्पल ठीक कराने बाहर गए हैं। '

यह सुनते ही मोहन अपने कमरे से भागता हुआ बाहर आया। चिल्लाते हुए बोला, ' देखा न गुरु जी, मैं न कहता था मेरी पत्नी मुझे परेशान करने के लिए कुछ भी कर सकती‌‌ है। अब देखिए, मैं घर में बैठा पूजा कर रहा हूं और आपसे कह दिया कि मैं बाहर गया हूं। अब बताइए, इतना बड़ा झूठ कौन बोल सकता है?'

गुरु जी ने कहा, ' शांत हो जाओ, मोहन! मैं ने सबकुछ अपनी आंखों से देख लिया। अब तुम्हें कुछ भी बताने की जरूरत नहीं।

और जो मैं ने देखा, उसमें दोषी तुम हो। तुम्हारी पत्नी नहीं। मैं जब यहां पहुंचा तो तुम्हारी पत्नी अपने नित्यकर्म में अन्य दिनों की भांति ही तल्लीनता से लगी हुई थी। क्योंकि उसमें बनावटीपन, दिखावा नहीं था। लेकिन तुममें बेचैनी थी। इस दिखावे की बेचैनी कि तुम पूजा पाठ में व्यस्त हो। यही कारण था कि मेरे आते ही तुम्हारा स्वर ऊंचा हो गया। 

तुम्हारी पत्नी ने जानबूझकर झूठ बोला कि तुम घर पर नहीं हो। पर तुम तो पूजा कर रहे थे। तुम्हारे कानों तक यह आवाज पहुंची कैसे? जो तुम भागते हुए बाहर आ गए। 

आज जो मैंने देखा, उसके आधार पर मैं यह कह सकता हूं कि भगवान की असली भक्ति तुम्हारी पत्नी कर रही है। तुम नहीं। क्योंकि वह जो भी कार्य करती है, उसमें समर्पण है, तल्लीनता और एकाग्रता है। 

मोहन, एकाग्रता बाहर से आने वाली कोई चीज नहीं। यह तो मन पर नियंत्रण का विषय है। और जिसने अंदर मन पर नियंत्रण कर लिया, उसे बाहरी हलचल, शोरगुल कभी प्रभावित नहीं कर सकते।

तुम अपनी ही पत्नी को देख लो। क्या उसे आसपास के वातावरण, बाहरी दुनिया प्रभावित नहीं करती होंगी? जरूर करती होंगी। फिर भी वह अपना हर कार्य गीत गाते हुए, गुनगुनाते हुए करती हैं,  खुशी खुशी करती है। और जिसकी आत्मा खुश है, उससे परमात्मा भी खुश रहते हैं। क्योंकि ऐसे लोग अपनी खुशियां ईश्वर की बनाई हुई पूरी प्रकृति में बांट देते हैं। 

मुझे तो लगता है, तुम्हारे दिन रात की ईश्वर भक्ति व्यर्थ है, दिखावा है। यदि सीखना हो तो पहले गाना सीखो, मुस्कुराना सीखो। हर चीज से प्रेम करना सीखो। यदि ईश्वर की बनाई चीजों से प्रेम करने लगे, तो ईश्वर से अपने आप प्रेम हो जाएगा। और ईश्वर से प्रेम ही तो सच्चे अर्थों में भक्ति है, पूजा है।'

उस दिन मोहन की आंखें खुल गईं। उसे पूजा का, भक्ति का वास्तविक अर्थ का पता चल गया।




मदर्स डे...

मदर्स डे भारतीय सभ्यता और संस्कृति का हिस्सा नहीं है। फिर भी मां के लिए मनाया जाने वाला यह दिन अच्छा है।  भागती दौड़ती जिंदगी, एकल परिवार के सोच ने भारत में भी मां नामक संस्था को प्रभावित किया है।  यदि मदर्स डे के बहाने ही मां को याद कर लिया जाता है तो यह अच्छी बात है।

जीवनदायिनी मां के त्याग और समर्पण ही वे कारण हैं कि हम अपनी सभी पूजी जाने वाली देवियों के आगे मां जरूर लगाते हैं.  जैसे, मां दुर्गा,  मां काली,  मां सरस्वती आदि।  लेकिन क्या हम सभी अपनी और अपने समाज की मांओं को ऐसा ही सम्मान दे पाते हैं। कभी सोचिए!  

भावनात्मक संबंधों की यही विशेष बात होती है कि इन संबंधों को याद कर,  इनके साथ बिताए दिनों को याद कर हम भाव विह्वल हो जाते हैं।  लेकिन उनकी जरूरतों,  उनकी समस्याओं पर जितना ध्यान देना चाहिए वह दिया नहीं जाता। 

इसका जीता जागता उदाहरण है भारत में चल रही हजारों,  लाखों वृद्धाश्रम जिनमें लाखों की संख्याओं में बूढी मांएं रह रही हैं। बेशक कुछ मांएं विशेष परिस्थितियों की शिकार हो सकती हैं  लेकिन अधिकतर मांएं अपने बच्चों द्वारा ही निष्कासित  की गई हैं।  यह बहुत ही दुखद है।

पैरेंट्स के रूप में, शिक्षक के रूप में, एक सामाजिक व्यक्ति के रूप में हमारी यह जिम्मेदारी भी बनती है कि हम अपने समाज के बच्चों को सिर्फ मेरी मां तक सीमित न रखें। हम बच्चों को हर मां का सम्मान करना सिखाएं।

मदर्स डे पर अपनी अपनी मांओं के साथ चित्र शेयर करना चाहिए। अच्छा ही लगता है। पर मांओं की समस्याओं, उनकी जरूरतों का भी ध्यान रखना चाहिए। वास्तव में किसी दिन और दिवस को याद करने का उद्देश्य भी यही होता है। 

सभी मांओं को प्रणाम!!

Thursday, May 27, 2021

उसका इंतजार!

बहुत बेसब्री से 
मैं इंतजार कर रहा था।
उसे बार बार मैसेज भेज रहा था,
कभी कमरे में, कभी बालकनी में,
बेचैनी से टहल रहा था,
हर क्षण अपना पहलू बदल रहा था।
पता नहीं कब, कितने बजे तक आएगा?
कब मेरे इंतजार की घड़ियां खत्म होंगी?
तभी पीं...पीं...पीं की आवाज आई!
मैं भागकर बाहर आया,
उसे देखकर चैन आया!
दरअसल उससे खाना
मंगवाया था।
वह डब्बूजी ढाबे वाला था।

क्योंकि हंसना जरूरी है!!
😃😃😃😃

अपने ज्ञान का प्रकाश फैलाएं!

प्रकृति ने हर चीज हमें मुफ्त में बांट दी है। चाहे सूरज की रोशनी हो या नदियों का कल कल करता स्वच्छ पानी। मिट्टी, फूल, पेड़ पौधे, हवा जैसी अन्य कितनी ही चीजें प्रकृति ने हमें यूं ही दे दी है। 

   चित्र स्रोत: गूगल से साभार 

पर हम सभी प्रकृति से ही सब कुछ लेकर, प्रकृति से ही कई बातें सीख कर जीवन में आगे बढ़ जाते हैं। प्रकृति को, समाज को बस उतना ही दे पाते हैं, जितने में हमारा निजी फायदा हो रहा हो।

ऐसा क्यों?

जबकि जो ज्ञान हमने पाया या सीखा। चाहे किसी भी विषय का हो, किसी भी क्षेत्र का हो।  यह बांटने की चीज है। कोई शिक्षक है, तो कोई डाक्टर या इंजीनियर। कोई मैकेनिक है, तो कोई टैक्सी या रिक्शा चलाने वाला। कुछ न कुछ कला ईश्वर ने हर शख्स को दिया है। 

कोई ज्ञान में बड़ा है, तो कोई सम्मान में। कोई पद से बड़ा है, तो कोई पैसे से।  लेकिन सोचिए, यदि जूते बनाने वाला जूते न बनाए। कपड़े बनाने वाला कपड़े न तैयार करे। सफाई वाला सफाई न करे। तो क्या होगा?

अपने ज्ञान के साथ साथ किसी के भी ज्ञान को कम मत आंकिए। हर किसी का अस्तित्व सिर्फ इसलिए है क्योंकि उसके पास कुछ न कुछ विशेष ज्ञान है। इसलिए समाज के हर व्यक्ति को, पूरी प्रकृति को हमें सम्मान के नजरिए से देखना चाहिए। 

साथ ही प्रकृति ने हमें जो भी संस्कार दिए हैं, शिक्षा दी है, ज्ञान दिया है। उस ज्ञान को अपने पूरे समाज में फैलाने का प्रयास भी जरूरी है। हो सकता है, इस प्रयास से किसी के ज्ञान का विस्तार हो जाए। किसी का  भला हो जाए।

मान लीजिए, आप एक टीचर हैं। टीचर के रूप में आपके पास बच्चों और पैरेंट्स की समस्याओं से संबंधित कई प्रकार के अनुभव होंगे। स्कूल में आप अपनी सेवा किसी खास विषय को पढाकर देते होंगे। लेकिन आपके अनुभवों का लाभ किसी अन्य तक नहीं पहुंच पा रहा। जबकि आपके अनुभवों से कई बच्चों को, पैरेंट्स को, कई टीचर्स को भी लाभ हो सकता है। 

ऐसा किया जा सकता है कि आप अपने उपलब्ध माध्यमों पर कभी बच्चों को, कभी पैरेंट्स को, कभी टीचरों को बुलाइए। और अपने अनुभव शेयर कीजिए। आपको खुद तो संतुष्टि होगी ही। किसी और का भी फायदा हो जाएगा। 

आपकी वजह से किसी के ज्ञान में थोड़ी रोशनी हो जाए, थोड़ा प्रकाश हो जाए। इससे आपका कोई नुक़सान नहीं। तो फिर अपने ज्ञान के प्रकाश को चारों ओर फैलाने की कोशिश क्यों न की जाए? जो प्रकृति और प्रयास से हमने पाया है उसे यहीं खुलकर क्यों न बांट दिया जाए?

प्रयास करिए! 

Wednesday, May 26, 2021

खुश रहने के राज क्या हैं?

खुश रहने के राज क्या हैं?

आज के तनावपूर्ण माहौल में हर कोई खुश रहना चाहता है।  खुशी चाहता है।  यह स्वाभाविक भी है। और यह होना भी चाहिए। लेकिन अक्सर इन  खुशियों के पीछे भागते हुए जाने या अनजाने हम चीजों को पकड़ने की, बांधने की कोशिश करते हैं। पर वे चीजें नहीं बंधती, हम स्वयं बंध जाते हैं। अंततः हमारे हाथ खुशियों के बजाय दुख के डोर आ जाते हैं।  

दरअसल, हम जिन चीजों को जितनी शिद्दत से मुट्ठी में बांधने की कोशिश करेंगे। वे हमसे उतनी ही दूर चली जाएंगी। हमारे पास वही चीजें ठहरती हैं, जिन्हें हम छोड़ना जानते हैं। खुश वही रह सकता है, जो छोड़ना जानता है।  ये बातें अजीब लगती हैं। पर समझकर देखिए!

हम प्रकृति से बने हैं। कभी प्रकृति को गौर से देखिए। एक पेड़ अपने फूल और फलों को छोड़ना जानता है।  नदियां पानी को समेटने का प्रयास नहीं करतीं। सूरज और चंद्रमा यह जानते हुए ‌भी कि हमें डूबना है। कभी अपने प्रकाश को रोकने का प्रयास नहीं करते। क्या प्रकृति की इन चीजों को कभी उदास या निराश देखा है?

   चित्र स्रोत: गूगल से साभार 
हमें भारी भरकम जहाज से उड़ने में भी डर लगता है। यह जानते हुए भी कि उसमें हमारी सुरक्षा की पर्व्ययाप्त व्यवस्था है। पर पक्षियों को देखिए। वह आकाश में निडरता से उड़ता है।  उसकी निर्भीकता के कारण क्या हैं? 

पक्षियों ने अपने‌ आपको, अपने पंखों‌ को बांध‌कर रखने का प्रयास नहीं किया। उसने डर को केवल छोड़ा ही नहीं, बल्कि स्वयं को भी आकाश के हवाले कर दिया। और पक्षी कभी उदास नहीं दिखाई देते।

बंजारों के बारे में तो सुना होगा। इन का कोई ठौर ठिकाना नहीं होता। जहां रुकते हैं, अपना तंबू लगाते हैं और दूसरे तीसरे दिन वहां से विदा हो जाते हैं। आज भी ये बंजारे या इनसे‌ मिलता-जुलता समाज है। सड़क किनारे तंबू‌ लगाए ऐसे समाज के लोगों को देखा होगा।‌ ये लोग बिना किसी पहचान के, बिना स्थायी मकान के रहते हैं।
 
ऐसे लोगों से मौका मिले तो मिलिए। ये आपको हंसते, खेलते, गुनगुनाते ही मिलेंगे। क्यों? क्योंकि ये किसी बात के, किसी वक्त के, किसी समय, परिस्थिति, जगह, जमीन या व्यक्ति के गुलाम बनकर नहीं रहते। ये इन्हें छोड़ना जानते हैं। और ये खुश हैं। 

अपने आसपास या अपने घर के ही किसी सफल व्यक्ति की सफलता की वजह का सूक्ष्मता से निरीक्षण कीजिए। आप पाएंगे कि ऐसे लोगों ने बहुत कुछ छोड़ा है। उसने छोड़ना सीख लिया, इसलिए वे सफल हैं।

बचपन से घर, परिवार, माता पिता से चिपटे रहने वाले बच्चों की सफलता संदिग्ध हो जाती है। कभी अपने बच्चों के ही सफल या असफल होने के कारणों को समझिए। यदि वह असफल है तो किसी चीज के बंधन में है। यदि वह सफल‌ है, तो उसने बहुत कुछ छोड़ा है। वह बंधन से मुक्त ‌है, आजाद है। चूंकि वह छोड़ने में खुश है इसलिए सफल है। 

ओशो ने कहा है, " खोजना कम है, खोना ज्यादा है। बीज स्वयं को खोकर वृक्ष बनता है, और बूंद सागर। हम अक्सर सुख‌ की खोज में रहते हैं। दुख से दूर भागते हैं। पर कभी सुख को छोड़कर देखिए, दुख को जागकर देखिए। जो दुख को भी जाग कर देखेगा उन्हें ये चीजें प्रभावित नहीं कर सकतीं। पर हर वक्त सुख की‌ तलाश में रहने वाला व्यक्ति थोड़े से‌ दुख के आने से‌ भी घबड़ा जाता है। "

बुद्ध, महावीर राजघराने से थे। लेकिन उन्होंने राजपाट छोड़ दिया और सुखी हो गए। ऐसे बहुत से उदाहरण मिल जाएंगे।  

यह सच है कि हम इन्सान हैं, तो हमारा स्वभाव, प्रवृतियां और आदतें इन्सानों की तरह ही होंगी। हम भी खुश रहना चाहते हैं। यह स्वाभाविक है। लेकिन इसके लिए हमारी हिम्मत, हमारी स्वीकृति छोड़ने की हो। छोटी छोटी सामान्य सी बातों को भी हम पकड़ कर बैठ जाते हैं। जो हमारे दुख, हमारी मुसीबत का कारण बनती हैं। 

हमें स्वयं को विकारों, भारों से दबाकर रखने की आदत हो गई है। खुश रहने के लिए हमें निर्विकार, निर्भार होने की जरूरत है। ये बातें गैर व्यवहारिक होते हुए भी सच के बहुत करीब है। 

यदि हमने छोड़ना सीख लिया। हर बातों से मुक्त और आजाद रहना अपने व्यवहार में शामिल कर लिया तो यह तय है कि हम दुखी नहीं हो सकते। हम खुशी के बहुत पास होते हैं। 

तो खुश रहने के लिए छोड़ना सीखिए! और खुश रहिए!

बेटे, जरा साइड हो जा! ( मेरी हाइट भाग - 2 )

पिछले वर्ष के लौकडाउन में मैंने अपनी हाइट से संबंधित पीड़ा को व्यंग के रूप में व्यक्त किया था। हालांकि व्यंग्यकार नहीं हूं। बस लेखन के हर विधाओं को चैलेंज की तरह लेकर लिखने का प्रयास करता हूं। लेकिन पहले भाग को लोगों ने बहुत पसंद किया था। 

यह सच है कि लोग सच को सुनना, पढ़ना पसंद करते हैं। इसलिए मेरी हाइट और उससे संबंधित आंशिक सच्चाई का दूसरा भाग तैयार है। जिसे शेयर कर रहा हूं। 

पहले भाग को पढ़ने वाले सभी पाठकों को मेरी हाइट का अंदाजा हो गया होगा। मेरी हाइट एवरेज से भी कम है। और दुबला पतला तो ऐसा हूं कि कभी बगल से तेज रफ़्तार बाइक गुजर जाती है तो उस हवा के साथ दो चार मीटर आगे तो निकल ही जाता हूं। इसी डर से बाइक तो छोड़िए, साइकिल तक से परहेज़ करता हूं। 

एक बार तो ऐसा सपना भी देख लिया कि बस पूछिए मत। सपने में देखा कि एक नई बुल्लेट खरीद कर लाया और स्टार्ट कर औफिस के लिए निकला। कुछ देर बाद पता चला कि मैं तो वहीं खड़ा रह गया, जहां था। बुल्लेट औफिस पहुंच गया।  जब नींद खुली, तो मैं हंसते हंसते लोटपोट होने लगा। पत्नी ने डांटा तो मुंह दबाकर एक कोने में दुबक गया।

एक बार तो इससे भी अधिक मजेदार बात हो गई।  बाजार में कुछ सामान लेना था। सामान लेकर मैं ने एक रिक्शा रुकवाया। मैं सामान रखकर रिक्से पर बैठ गया। अभी रिक्सा आगे बढ़ता कि एक मित्र ने आवाज लगाई और मैं रिक्से से उतर कर उनसे बातें करने लगा।  बातचीत के बाद पलट कर देखा तो रिक्शावाला गायब। मैं हैरान, परेशान। अब क्या करूं? रिक्सा वाला भी गया और सामान भी।

अभी कुछ समझ पाता कि वह रिक्सा वाला दूर से आता दिखा। गुस्सा तो बहुत आ रहा था। पर मेरे कुछ बोलने से पहले वह रिक्सा वाला बोल पड़ा, ' साहब, अपना कुछ वेट बढ़ाइए। आप रिक्से पर बैठ कर, उतर भी गए। और मुझे पता भी नहीं चला। वह तो अगले मोड़ पर जब रिक्से को मोड़ा तो पीछे नजर पड़ गई। आप गायब थे...'

मेरा चेहरा देखने से तो आप उम्र का पता लगा सकते हैं। पर वैसे आप 15-16 वर्ष से अधिक का नहीं कह सकते। इसके कई फायदे हुए तो नुकसान भी कम नहीं हुआ। 

मैट्रो या बस में कई बार लोग बच्चा समझकर सीटें दे देते हैं।। लेकिन जब उन्हें समझ आता है कि यह बच्चा नहीं, यह तो चच्चा है। तो सीटें देने के बाद धकिया कर उठा भी देते हैं। सीटें मिलने का आनंद जब तक महसूस करता हूं, तब तक धकिया कर उठाए जाने की दुखद स्थिति आ जाती है। 

अब तो मैं ने अपने फिजिकल स्टेटस की वजह से गुस्सा करना भी छोड़ दिया है।  चूंकि घर वालो को थोड़ा मेरे ओहदे का ख्याल है इसलिए कभी कभी मजाक - मजाक में उन पर ही गुस्से का शौक निकाल लेता हूं। वे भी अब सीरियसली नहीं लेते। बल्कि जिन बच्चों को मैं उंगली पकड़कर कभी टहलाता था। वे अब मेरे साथ कहीं जाने से कतराते हैं। 

कुछ दिनों पहले की ही बात है। भतीजे के साथ पैदल ही नजदीक के बाजार की ओर निकला। हम सभी के चेहरे पर मास्क थे। रास्ते में उसका एक दोस्त मिल गया। मेरी ओर देखते हुए उसके दोस्त ने कहा, ' अरे यार, अभी इस हालात में इस बच्चे को लेकर कहां जा रहे हो?'

भतीजा मेरी ओर देख रहा था। मैंने अपने मास्क को थोड़ा और ऊपर खींच लिया। अब मेरे उस भतीजे का जवाब सुनिए, जो 8-10 साल पहले तक मेरी उंगलियां पकड़ कर घूमने निकलता था। भतीजे ने कहा, ' हां, बहुत जिद्दी बच्चा है। किसी की सुनता ही नहीं।' इस घटना के बाद से मेरे साथ बच्चे कहीं जाना नहीं चाहते। कहते हैं शर्म आती है।

अब बहुत पुरानी बात बताता हूं। उस समय दिल्ली में डीटीसी की खटारा बसें चला करती थीं। पुरानी बसों में ऊपर पकड़ने वाली हैंडिल की ऊंचाई बहुत अधिक होती थी और अपनी हाइट की वजह से उस हैंडिल तक नहीं पहुंच पाता था। परिणाम स्वरूप कई बार खुद ही दब जाता था। तो कई बार लोगों द्वारा दबा दिया जाता था। 

कई बार बस से उतरते उतरते दो तीन स्टैंड आगे भी निकल जाता था। पर हर जगह कुछ बुरे तो कुछ अच्छे लोग भी मिल जाते हैं। उन अच्छे लोगों ने बड़ी मुश्किल से कई बार मुझे उस भीड़ से बाहर भी निकाला। लेकिन उतारते हुए वे अच्छी अच्छी टिप्पणी भी चिपका देते थे कि पता नहीं कैसे कैसे मां बाप हैं? इतनी भीड़ में भी बच्चे को अकेला छोड़ देते हैं। 

मुझे यह सुनते हुए अच्छा तो नहीं लगता था लेकिन वे लोग जिस भीड़ से मुझे निकाल लेते थे। उस में दबने से तो अच्छा था कि उन अच्छे लोगों की बातें ही सुन ली जाए।

मैं ने यह भी महसूस किया कि मेरी हाइट के बारे में मुझसे अधिक कुछ अन्य लोग चिंतित रहते थे। एक बार किसी ने मुझे सलाह दी कि यदि हाइट बढ़ानी हो तो सुबह सुबह किसी पेड़  से लटक कर थोड़ा एक्सरसाइज कर लिया कऱो।

मैं किसी की सलाह पर न सिर्फ जल्दी यकीन कर लेता हूं बल्कि अमल भी करने का प्रयास करता हूं। बस एक दिन सुबह सुबह पार्क की ओर निकल गया। अभी एक पेड़ की टहनी से लटका ही था कि पीछे से खिलखिलाने की आवाज आई।

मैं ने पलट कर देखा तो वह एक पहलवान जैसा व्यक्ति मुझे ही देखकर हंस रहा था। उसने इशारे से मुझे पास बुलाया।

' क्यों भई, हाथ पैर तुड़वाने का इरादा है के? इस उम्र में लटक रहा है, ऐं। तू जैसे कर रहा है न, ऐसे में तेरा हाथ टहनी में लटका रहा जाएगा और तू नीचे चला आएगा। समझा?' उसने पहलवानी वाले रौब में कहा।

उस दिन के बाद मैं ने कभी पार्क की ओर मुड़कर नहीं देखा। और उसी दिन इस बात का भी एहसास हुआ कि मेरे बारे में मैं खुद इतना नहीं सोचता, जितना कि लोग सोचते हैं।

एक दिन बिना कुछ सोचे-समझे मूवी देखने निकल पड़ा।  टिकट खिड़की थोड़ी ऊंची थी। टिकट लेने के लिए किसी तरह हाथ को अंदर पहुंचाया, तो टिकट क्लर्क ने हाथ झटक दिया। न उसका चेहरा मुझे दिखाई दे रहा था, न मेरा उसे।  मैं ने किसी तरह दोबारा हाथ अंदर किया, तो उसने फिर से हाथ झटक दिया। मैं परेशान हो गया। मैं ने खिड़की से लटक कर पूछा, ' भाई साहब, क्या दिक्कत है? टिकट क्यों नहीं दे रहे?'

उसने कहा, ' बेटे, यह फिल्म बच्चों के लिए नहीं है।'

तकलीफ तो हुई। पर अपने लिए बेटे जैसे संबोधन अक्सर सुनने की वजह से उतनी तकलीफ नहीं हुई।

अक्सर बसों में, मैट्रो में सातवीं आठवीं क्लास के बच्चे भी पीछे से कह देते हैं, ' बेटे, जरा साइड हो जा। मुझे आगे निकलने दे।' और मैं उन्हें साइड दे देता हूं।

जीवन के इन कड़वे अनुभवों के बीच भी मुझे बच्चों के बीच रहना, बचपन के साथ रहना अच्छा लगता है। क्योंकि बच्चे अपने बीच, अपने जैसे ही ही किसी इंसान को देख बहुत खुश होते हैं। और बच्चों को खुश देखकर मैं बहुत-बहुत खुश हो जाता हूं। यदि मेरे इन संस्मरणों को पढ़कर पाठकों को भी खुशी हुई हो, तो खुश हो लीजिए। हर्ज क्या है? आप खुश होंगे, तो मुझे भी खुशी मिलेगी।

लौकडाउन और मेरी हाइट ( भाग - एक )

लेखन की एक विधा हास्य और व्यंग भी‌ है। पर व्यंग यदि अपने ऊपर हो तो सुनने या‌ पढने वाले को अधिक आनंद आता है। कुछ सच्चाई और कुछ कल्पना के साथ‌ यह व्यंग लिखा है। पूर्ण लेखक नहीं हूं।  यह प्रयास सिर्फ आज के माहौल में अपनों की‌ खुशी के लिए है। हंसी बेशक न आए, मुसकराहट‌ भी आ जाए तो मेरे लिए खुशी की बात होगी! यह 2020 में लगे पहले लौकडाउन की बात है!
पढ़िए, शायद अच्छी लगे!!
--------------------------------------------------------

लौकडाउन और मेरी हाइट!!

लौकडाउन की घोषणा को 3 दिन हो गए थे। चौथे दिन मेरी पत्नी जी ने कहा, "कुछ सामान खत्म हो गए हैं, ले आएं तो अच्छा रहेगा।"

हालांकि मैं भी दहशत में था लेकिन कोई दूसरा रास्ता भी नहीं थ। चेहरे पर मास्क लगाया और झोला लेकर घर से बाहर निकल गया।

एक गली पर मुड़ते ही मेन रोड है, जहां कोने पर एक मंदिर है। मंदिर के पास पहुंचते ही मैंने बाइक पर सवार दो पुलिस वाले को देखा। मुझे मेन रोड की और आते देख वे तेजी से मेरी ओर लपके।

"ऐ, किधर जा रहा है? तुम्हें पता नहीं लौकडाउन है? और बच्चों का तो घर से निकलना बिल्कुल मना है। " एक पुलिस वाले ने कहा।

मैंने समझाते हुए कहा, "लेकिन मैं बच्चा..."

"मैं बच्चा... क्या बच्चा...? यही तो कह रहा हूं बच्चों को बाहर नहीं निकलना चाहिए।" दूसरे ने मेरी बात काटते हुए कहा, " बेटे, चलो जाओ वापस अपने घर। घर जाकर खेलो कूदो... मेरी बात को समझो।" 

मेरी बात दोनों पुलिस वाले सुनने को तैयार नहीं थे‌। दोनों पुलिस वालों की उम्र यही कोई 40 - 45 साल यानी मेरे बराबर ही होगी पर दोनों मुझे 'बेटे.. बेटे...बच्चा...बच्चा' कह रहे थे। मैं हैरान भी था और परेशान भी।

"सुनाई नहीं देता क्या ? चल भाग यहां से..."  मुझे वहां से हिलता न देख दोनों अब सख्ती पर उतर आए थे। एक ने डंडा संभाला तो मैं वहां से भाग खड़ा हुआ। खाली झोला लिए मैं अपने घर पहुंचा। मुझे हांफते देख पत्नी जी भी घबरा गईं।

" क्या हुआ? खाली झोला लिए घर क्यों आ गए? और हांफ क्यों रहे हो?" पत्नी जी ने एक साथ दो तीन सवाल दाग दिए।

"अरे, वह बाहर पुलिस वाले कह रहे हैं कि बच्चे को बाहर निकलना मना है।"  मैंने झल्लाते हुए कहा, " मेरी हाइट वैसे ही कम है ऊपर से तुमने निक्कर और टीशर्ट पहना कर बाहर भेज दिया। अरे, मैं कोई पार्क में खेलने थोड़े ही जा रहा था? मैं ने निकलते हुए कहा भी कि मैं पैंट पहन लेता हूं पर तुम भी तो.. मुझे बच्चा बना कर छोड़ोगी।"
कह कर मैंने झोला एक और फेंक दिया।

पत्नी जी मुस्कुराईं। झोला उठाया। बच्चों को कुछ जरूरी बातें समझा कर मुझ से कहा, "अच्छा, चलिए तो मेरे साथ।"

मुझे पत्नी जी की हिम्मत देख गर्व हुआ। थोड़ी‌ देर के लिए मैं अपनी हाइट भूल गया। अच्छा लगा। आगे आगे पत्नी जी और पीछे पीछे मैं। मेरे अंदर भी साहस का संचार हो चुका था। पर मंदिर के पास पहुंचते ही मेरी हवा निकल गई। सामने बाइक पर वही दोनों पुलिस वाले बैठे हुए थे। मैं पत्नी जी के पीछे हो लिया।

पास पहुंचते ही एक पुलिस वाला बाइक से उछल कर सामने आ गया। मुझे पत्नी जी के पीछे से खींचते हुए बोला, "अबे, तू अब अपनी मम्मी के साथ चला आया?  तेरे को बात समझ में नहीं आती क्या? ऐं... बताया था ना कि बच्चे को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।"

तभी दूसरा पुलिस वाला पत्नी जी की ओर मुखातिब होते हुए बोला, "मैडम, यह तो बच्चा है, पर आप तो समझदार, पढ़े-लिखे लगते हो।  बाहर का मौसम क्या है आपको नहीं पता? आपको तो पता होगा फिर भी बच्चे को पल्लू में बांधकर बाहर निकल आए... ऐं...?"

पत्नी जी हैरान तो हुईं लेकिन अपने लिए पढ़े लिखे और समझदार सुनकर उन्होंने मौन रखकर समझदारी का परिचय दिया। मेरी जेब से एक झटके में सामान की पर्ची और रुपए निकाले और मुझे वहां से जाने का इशारा करने लगी।

"क्यों? मैं क्यों वापस जाऊं मुझे भी तो.." मैंने कहना चाहा, तभी एक पुलिस वाला लट्ठ लेकर मेरी और दौड़ा।

मैं वापस अपने घर की ओर भागा। भागते भागते बस इतना ही देख पाया कि पत्नी जी तेजी से आगे निकल गई थीं।

घर के पास पहुंचा तो नीचे मकान मालकिन बैठी थीं।

"क्या हुआ? आप भागते हुए क्यों आ रहे हो?" उन्होंने बहुत ही प्रेम से पूछा।

"अरे, भाभी क्या बताऊं? मंदिर के पास एक सांड बैठा है। उसी ने मुझे दौड़ा दिया।"  मैंने मुस्कुराते हुए झूठ बोला।

"सांड? मंदिर के पास कैसे आया? जरा मेरे साथ चलिए तो, मैं देखती हूं।"  उन्होंने मुझे अपने साथ चलने का इशारा किया।

"अरे नहीं, भाभी, आप क्यों परेशान होते हो? कोई बात नहीं।" मैं हिचक रहा था पर भाभी जी मानने को तैयार नहीं थीं। उन्होंनै मुझे घसीट लिया।

हम दोनों उस मंदिर के पास पहुंचे। मुझे दूर से ही पुलिस वाले की बाइक दिखाई दे गई थी।

पास पहुंचते एक पुलिस वाला मेरी ओर देख कर बड़बड़ाया, "अरे, यह तो बहुत जिद्दी और शरारती बच्चा है। पहले मम्मी के साथ आया था अब दादी के साथ आ गया है। पता नहीं इसकी निक्कर में चूहे क्यों दौड़ रहे ‌‌‌हैं।"

" अबे तू बिना लट्ठ खाए मानेगा नहीं क्या?" एक ने पीछे से मेरी टी-शर्ट पकड़ते हुए कहा, "अब बता, जिस दादी को लेकर तू आया है वह तुझे बचा लेंगी क्या? अब तेरे घुटने ही तोड़ देता हूं तभी तू घर से बाहर नहीं निकलेगा।" कह कर उसने अपनी लाठी ऊपर उठाई। 

तभी भाभी चिल्लाई, "अरे यह क्या कर रहे हो?"

"आप लोग कुछ नहीं करोगे, तो हमें ही करना होगा ना? इतना जिद्दी और शरारती बच्चा आज तक मैंने नहीं देखा है। बार बार समझा रहा हूं फिर भी बाहर निकल जाता है।" कहते हुए वह पुलिस वाला भाभी की ओर मुड़ कर बोला, "चलो, यह तो बच्चा है आप तो समझदार और पढ़ी लिखी लगती हो, फिर भी बच्चे को लेकर बाहर निकल आईं!  इसे फौरन यहां से ले जाओ, बल्कि मैं तो कहूंगा इसके पैरों में रस्सी बांध दो। इस बच्चे से हम इतने परेशान हो गए तो पता नहीं आप लोग इसे कैसे संभालती हो।" कह कर उसने मुझे धक्का दे दिया।

भाभी ने मुझे समय रहते संभाल लिया, वरना मेरे आगे के दो तीन दांतों का रुखसत होना तय था। भाभी ने भी पुलिस वालों के सामने समझदारी और पढ़े लिखे होने का सबूत दिया और मेरी उंगली पकड़कर घर की ओर चल पड़ीं।

घर पहुंच कर मेरी और देखते हुए भाभी ने हैरानी से कहा, "मैं कुछ समझी नहीं?"

"समझा तो मैं भी नहीं," समझ कर भी नासमझ होने के अलावा ‌मेरे‌ पास कोई चारा न था।

अपने फ्लोर पर पहुंचते ही बच्चों ने पूछा, "पापा, मम्मी कहां रह गईं?"

"तुम्हारी या मेरी?" मैंने गुस्से में कहा। और मैं सोचने लगा कि क्या बच्चे भी इतने नासमझ, जिद्दी और बेवकूफ होते हैं? जितना मुझे पुलिस वालों ने बताया।

तभी पत्नी जी सीढियों से ऊपर आते हुए दिखाई दीं  उन्होंने कहा, " टेंशन मत लीजिए, इसमेें आपकी कोई गलती नहीं है। यह सब आपकी हाइट की वजह से हुआ है।"

"मैं ने कब कहा‌ कि तुम्हारी हाइट की वजह से हुआ है। पर मैं तो भूल गया था। इस कमबख्त ‌लौकडाउन ने फिर से मेरी हाइट की औकात बता दी। और तुम तो ठहरी पढ़ी लिखी और समझदार...मैं ठहरा बच्चा..ऐं?"
कहकर मैं बाथरूम में घुस गया।

Monday, May 24, 2021

कभी झूठ नहीं बोलता था...

एक आदमी ने देखा कि कुछ बच्चे एक पिल्ले के चारों ओर घेरा बनाकर बैठे हैं. उसने उन बच्चों से पूछा, तुम सब इस पिल्ले के साथ क्या कर रहे हो?

एक बच्चे ने कहा, हम खेल रहे हैं कि जो भी सबसे बड़ा झूठ बोलेगा, पिल्ला उसका हो जाएगा.

" ओह," उस आदमी ने कहा, बड़े शर्म की बात है. जब मैं तुम्हारे जितना छोटा था तो कभी झूठ नहीं बोलता था."

इस बात पर वहां सन्नाटा छा गया. एक बच्चे ने धीरे से कहा, " ठीक है. अब पिल्ला इन्हें दे दो."

बड़ी मुसीबत : कोरोना : छोटी मुसीबत

आज कोरोंना संकट से विश्व के साथ साथ हमारा समाज, हमारा राष्ट्र भी जूझ रहा है। यह वैश्विक संकट, आपदा दुखद है। पर बहुत जल्द हम इस संकट से मुक्ति‌ पा लेंगे। हम सभी जानते ‌हैं कि‌ जीवन में आए दुख और सुख ठहरते नहीं। जैसे सुख के बाद, दुख का आना तय है, वैसे ही दुख के‌ बाद सुख का आना। इसीलिए ऐसी मुसीबतों, आपदाओं से डरना, दुखी या निराश होना खुद को कमजोर करना है। 

यदि इन क्षणों में आप अपने व्यक्तिगत जीवन के पहिए को घुमा कर देखें तो जीवन में कई बार विपरीत परिस्थितियां आई होंगी। इससे भी बड़ी मुसीबतें आई होंगी और आपने मजबूती से उस का सामना किया होगा। आज उससे अलग क्या है? सोचकर देखिए!  इस मुसीबत को छोटा करने के लिए, आप अपनी जिंदगी की उससे बड़ी‌ मुसीबत की रेखा खींच दीजिए...जो आपकी जिंदगी में कभी तूफान की तरह आकर चली 
गई हो! 

दो तीन दिन पहले ऐसे ही एक पुलिस वाले मित्र से मुलाकात हो गई। बातचीत चली तो‌ मैं ने पूछ लिया, ' आज की परिस्थितियों ‌में काम करते हुए डर नहीं लगता?'

उसने कहा, ' कोरोना एक बीमारी‌ है, जिसकी दवा न होने के बावजूद सोशल डिस्टैंसिंग, क्वरैंटाइन और आइसोलेट होकर हम बच‌ सकते हैं।
लेकिन पुुुलिस की अपनी ड्यूटी करते हुए दिन रात मैं चोर, लुटेरे और  हत्यारे जैसे कोरोनाओं का सामना करता रहा हूं। कोरोना से लड़ते हुए यह पता है कि हमारा दुश्मन कौन और कितना ख़तरनाक है, पर उन कोरोनाओं का तो बिलकुल पता नहीं। हल्की सी चूक हुई और सब कुछ खत्म! तो अब इन छोटे मोटे कोरोनाओं से बिल्कुल डर नहीं लगता। 

जिन बड़ी‌ मुसीबतों को उसने करीब से देखा, के बारे में सोचते ही कोरोना जैसी मुसीबत उसे बहुत छोटी लगती है। और यही एहसास उस पर भय को हावी‌ होने नहीं देता। हमारी जिंदगी की मुसीबतें, किसी भी कोरोना के आगे कम नहीं। फिर डरना क्यों?

सकारात्मक रहिए! समाचार से बहुत भला‌ होने वाला नहीं, इसलिए कम समाचार देखिए, कम समाचार पढ़िए! हल्की फुल्की कहानियां, कविताएं, जोक्स, संस्मरण पढ़िए, पढ़ाइए! पति, पत्नी, बच्चों से टास्क लीजिए, टास्क दीजिए। सब मिलकर इनडोर गेम्स खेलिए। पति या पत्नी से नहीं, हो सके तो बच्चों से लड़िए और हार जाइए। ध्यान रखिए,  बच्चों से हारने में भी आप खुश होंगे और बच्चे तो...! वक्त बेशक साथ ‌नहीं, पर पास तो है! एंज्वाय करिए!!

आईना और अकेला उत्सव

सबको असली चेहरे का,
का वह रंग दिखा देता है!
झूठ देखता रहता है खुद,
पर सच दिखा देता है,
इसके बगैर इक पल भी
रह नहीं सकते हैं,
हम सभी इस शीशे को
आईना भी कहते हैं!

*********************

अकेला उत्सव

मौसम के मिजाज को देखकर, 
हसरतों को दबा रहे है।
मिलना हुआ है मुश्किल,, 
हर उत्सव अकेले मना रहे हैं!

**********************




हालात

दरवाजे पर दस्तक हुई. डाक्टर एज ने दरवाजा खोला. बाहर वही रोबोट खड़ा था, लेनोलैप्पी. भूरी आंखों वाला वह रोबोट आकर्षक और सुंदर था. इसे एज के वैज्ञानिक मित्र डा. एवी ने भेजा था, उनकी सहायता के लिए.

डाक्टर एज और डाक्टर एवी किड्स रिसर्च सैंटर में वैज्ञानिक थे. वे दोनों अभी बच्चों के मैंटल डेवलपमेंट के लिए एक नई खोज पर काम कर रहे थे, जो सीआरसी यानी चाइल्ड रिसर्च सैंटर का प्रोजैक्ट था।  इन के पास समय कम था और काम अधिक. एवी सीनियर साइंटिस्ट थे. उन्हें रिसर्च सैंटर से अच्छी सैलरी के अलावा और भी कई सुविधाएं मिल रही थीं. उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी थी, इसलिए उन्होंने अपने पैसों से घर पर भी एक छोटी सी लैबोरेटरी बना रखी थी. जहां वह रिसर्च से संबंधित कई काम कर लेते थे.  

डाक्टर एज के साथ ऐसा नहीं था। एज की सैलरी भी कम थी और अभी कोई सुविधा भी नहीं मिल रही थी। जिसकी वजह से उनके आर्थिक हालात ठीक नहीं थे। हालांकि अपने सीमित साधनों में भी वे बहुत मेहनत से काम कर रहे थे।  पर कम समय में अधिक काम हो, इसके लिए उन्हें भी एक छोटी सी लैब की जरूरत थी. पर उके आर्थिक हाालात इसकी इजाजत नहीं दे रहे थे.

एक दिन डा. एवी ने कहा," डा. एज, यू आर एफिसिएंट, बट हमें काम में और तेजी
लाने की आवश्यकता है."

" यस यू आर राइट मिस्टर एवी, बट व्हाट आई कैन डू. आप मेरी हालत से अच्छी
तरह परिचित हैं," कह कर एज चुप हो गए।

एवी ने मुसकराते हुए कहा, " तो आपको घर पर भी एक छोटी लैब चाहिए. हूं, एम आई राईट?"

" शायद," एज ने धीरे से कहा.

"ओके, डौंट वौरी," एवी ने मुसकराते हुए कहा," तो फिर मैं आपके लिए एक रोबोट मंगवाता हूं, लैनोलैप्पी."

"लैनोलैप्पी?" एज ने थोड़ा हैरान से पूछा.

"हां, डा. एज, लैनोलैप्पी है तो एक रोबोट, पर वह एक चलता फिरता लैब है. आप के काम में यह पूरा सहयोग करेगा."

आज वही रोबोट सामने खड़ा था. एज उसे अंदर आने देने से पहले कुछ देर और सोचना
चाहता था. इसे अंदर आने दूं या नहीं? उनके मन में कई तरह के सवाल उमड़ घुनड़ रहे थे.

वे सोच रहे थेे कि अपनी सहायता के लिए किसी और की सहायता लूं कि नहीं? क्या इन्हीं
हालातों में रह कर इस रिसर्च को पूरा नहीं किया जा सकता? यह दूसरे की अमानत होगी,
मैं संभाल पाऊंगा? इतना महंगा रोबोट? रोबोट का कुछ भलाबुरा हो गया तो?  यह मेरा रोबोट तो होगा नहीं...

"हैलो, डा. एज, मे आई कम इन?" अचानक रोबोट की तेज आवाज आई तो एज चौंक गए.

" य...स," एज ने चौंकते हुए कहा.

वह रोबोट धीरे धीरे चलते हुए घर के अंदर आ गया. एज भी उसके पीछे दरवाजा बंद कर
अंदर आ गए.

रोबोट देखते ही बच्चे चिल्ला पड़े, " वाऊ, रोबोट." बच्चे बहुत खुश थे.

" न...छूना मत. यह रोबोट डा. एवी का है. मेरी सहायता के लिए आया है," एज ने मुरझाए
हुए शब्दों में कहा.

तभी छोटी बेटी किड्डी ने उसका एक बटन दबा दिया.

"हाय किड्डी," रोबोट से आवाज आई. और उसने अपना हाथ आगे बढा दिया.

किड्डी ने अभी अपना हाथ आगे बढाया ही था कि एज की पत्नी तेजी से किचन से निकल कर आईं. किड्डी का हाथ पकड़ कर दूसरे कमरे में ले गईं. 

किड्डी को समझाते हुए कहा, " नहीं, बिलकुल नहीं, बेटा यह अपना रोबोट नहीं है. यह पापा के दोस्त डा. एवी का है. तुम तो अच्छे बच्चे हो. तुम्हें पता है न कि दूसरों की चीजें..."

पत्नी किड्डी को समझाती जा रहीं थीं. पर किड्डी मानने को तैयार नहीं थी.

"तड़ाक..." शायद पत्नी ने किड्डी को चांटा मार दिया था. दूसरे कमरे से किड्डी के रोने की आवाज आ रही थी.

एज स्तब्ध था. यह कैसी खुशी थी, जो अपनी नहीं थी. एज खुश नहीं थे। आंखें डबडबा गईं थीं अपने हालात पर।  वे सोच रहे थे कि काश यह रोबोट अपना होता, तो किड्डी को छूने से कोई मना तो नहीं करता...असमंजस में कब नींद आ गई, उन्हें पता ही नहीं चला.

सुबह जागे, तो एवी का मैसेज था," आर यू हैप्पी, एज?"

" यस हैप्पी, औल आर हैप्पी हेयर." उन्होंने बेड पर पलट कर देखा तो किड्डी सो रही थी.

उसकी मासूम आंखों के जायज आंसू गालों पर लुढक कर सो चुके थे. हालात से उपजे उसके सूखे आंसुओं को उन्होंने टटोला और बेड से उतर कर बाथरूम की ओर बढ गए.