Thursday, May 27, 2021

अपने ज्ञान का प्रकाश फैलाएं!

प्रकृति ने हर चीज हमें मुफ्त में बांट दी है। चाहे सूरज की रोशनी हो या नदियों का कल कल करता स्वच्छ पानी। मिट्टी, फूल, पेड़ पौधे, हवा जैसी अन्य कितनी ही चीजें प्रकृति ने हमें यूं ही दे दी है। 

   चित्र स्रोत: गूगल से साभार 

पर हम सभी प्रकृति से ही सब कुछ लेकर, प्रकृति से ही कई बातें सीख कर जीवन में आगे बढ़ जाते हैं। प्रकृति को, समाज को बस उतना ही दे पाते हैं, जितने में हमारा निजी फायदा हो रहा हो।

ऐसा क्यों?

जबकि जो ज्ञान हमने पाया या सीखा। चाहे किसी भी विषय का हो, किसी भी क्षेत्र का हो।  यह बांटने की चीज है। कोई शिक्षक है, तो कोई डाक्टर या इंजीनियर। कोई मैकेनिक है, तो कोई टैक्सी या रिक्शा चलाने वाला। कुछ न कुछ कला ईश्वर ने हर शख्स को दिया है। 

कोई ज्ञान में बड़ा है, तो कोई सम्मान में। कोई पद से बड़ा है, तो कोई पैसे से।  लेकिन सोचिए, यदि जूते बनाने वाला जूते न बनाए। कपड़े बनाने वाला कपड़े न तैयार करे। सफाई वाला सफाई न करे। तो क्या होगा?

अपने ज्ञान के साथ साथ किसी के भी ज्ञान को कम मत आंकिए। हर किसी का अस्तित्व सिर्फ इसलिए है क्योंकि उसके पास कुछ न कुछ विशेष ज्ञान है। इसलिए समाज के हर व्यक्ति को, पूरी प्रकृति को हमें सम्मान के नजरिए से देखना चाहिए। 

साथ ही प्रकृति ने हमें जो भी संस्कार दिए हैं, शिक्षा दी है, ज्ञान दिया है। उस ज्ञान को अपने पूरे समाज में फैलाने का प्रयास भी जरूरी है। हो सकता है, इस प्रयास से किसी के ज्ञान का विस्तार हो जाए। किसी का  भला हो जाए।

मान लीजिए, आप एक टीचर हैं। टीचर के रूप में आपके पास बच्चों और पैरेंट्स की समस्याओं से संबंधित कई प्रकार के अनुभव होंगे। स्कूल में आप अपनी सेवा किसी खास विषय को पढाकर देते होंगे। लेकिन आपके अनुभवों का लाभ किसी अन्य तक नहीं पहुंच पा रहा। जबकि आपके अनुभवों से कई बच्चों को, पैरेंट्स को, कई टीचर्स को भी लाभ हो सकता है। 

ऐसा किया जा सकता है कि आप अपने उपलब्ध माध्यमों पर कभी बच्चों को, कभी पैरेंट्स को, कभी टीचरों को बुलाइए। और अपने अनुभव शेयर कीजिए। आपको खुद तो संतुष्टि होगी ही। किसी और का भी फायदा हो जाएगा। 

आपकी वजह से किसी के ज्ञान में थोड़ी रोशनी हो जाए, थोड़ा प्रकाश हो जाए। इससे आपका कोई नुक़सान नहीं। तो फिर अपने ज्ञान के प्रकाश को चारों ओर फैलाने की कोशिश क्यों न की जाए? जो प्रकृति और प्रयास से हमने पाया है उसे यहीं खुलकर क्यों न बांट दिया जाए?

प्रयास करिए! 

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in comment box.