Monday, May 24, 2021

हालात

दरवाजे पर दस्तक हुई. डाक्टर एज ने दरवाजा खोला. बाहर वही रोबोट खड़ा था, लेनोलैप्पी. भूरी आंखों वाला वह रोबोट आकर्षक और सुंदर था. इसे एज के वैज्ञानिक मित्र डा. एवी ने भेजा था, उनकी सहायता के लिए.

डाक्टर एज और डाक्टर एवी किड्स रिसर्च सैंटर में वैज्ञानिक थे. वे दोनों अभी बच्चों के मैंटल डेवलपमेंट के लिए एक नई खोज पर काम कर रहे थे, जो सीआरसी यानी चाइल्ड रिसर्च सैंटर का प्रोजैक्ट था।  इन के पास समय कम था और काम अधिक. एवी सीनियर साइंटिस्ट थे. उन्हें रिसर्च सैंटर से अच्छी सैलरी के अलावा और भी कई सुविधाएं मिल रही थीं. उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी थी, इसलिए उन्होंने अपने पैसों से घर पर भी एक छोटी सी लैबोरेटरी बना रखी थी. जहां वह रिसर्च से संबंधित कई काम कर लेते थे.  

डाक्टर एज के साथ ऐसा नहीं था। एज की सैलरी भी कम थी और अभी कोई सुविधा भी नहीं मिल रही थी। जिसकी वजह से उनके आर्थिक हालात ठीक नहीं थे। हालांकि अपने सीमित साधनों में भी वे बहुत मेहनत से काम कर रहे थे।  पर कम समय में अधिक काम हो, इसके लिए उन्हें भी एक छोटी सी लैब की जरूरत थी. पर उके आर्थिक हाालात इसकी इजाजत नहीं दे रहे थे.

एक दिन डा. एवी ने कहा," डा. एज, यू आर एफिसिएंट, बट हमें काम में और तेजी
लाने की आवश्यकता है."

" यस यू आर राइट मिस्टर एवी, बट व्हाट आई कैन डू. आप मेरी हालत से अच्छी
तरह परिचित हैं," कह कर एज चुप हो गए।

एवी ने मुसकराते हुए कहा, " तो आपको घर पर भी एक छोटी लैब चाहिए. हूं, एम आई राईट?"

" शायद," एज ने धीरे से कहा.

"ओके, डौंट वौरी," एवी ने मुसकराते हुए कहा," तो फिर मैं आपके लिए एक रोबोट मंगवाता हूं, लैनोलैप्पी."

"लैनोलैप्पी?" एज ने थोड़ा हैरान से पूछा.

"हां, डा. एज, लैनोलैप्पी है तो एक रोबोट, पर वह एक चलता फिरता लैब है. आप के काम में यह पूरा सहयोग करेगा."

आज वही रोबोट सामने खड़ा था. एज उसे अंदर आने देने से पहले कुछ देर और सोचना
चाहता था. इसे अंदर आने दूं या नहीं? उनके मन में कई तरह के सवाल उमड़ घुनड़ रहे थे.

वे सोच रहे थेे कि अपनी सहायता के लिए किसी और की सहायता लूं कि नहीं? क्या इन्हीं
हालातों में रह कर इस रिसर्च को पूरा नहीं किया जा सकता? यह दूसरे की अमानत होगी,
मैं संभाल पाऊंगा? इतना महंगा रोबोट? रोबोट का कुछ भलाबुरा हो गया तो?  यह मेरा रोबोट तो होगा नहीं...

"हैलो, डा. एज, मे आई कम इन?" अचानक रोबोट की तेज आवाज आई तो एज चौंक गए.

" य...स," एज ने चौंकते हुए कहा.

वह रोबोट धीरे धीरे चलते हुए घर के अंदर आ गया. एज भी उसके पीछे दरवाजा बंद कर
अंदर आ गए.

रोबोट देखते ही बच्चे चिल्ला पड़े, " वाऊ, रोबोट." बच्चे बहुत खुश थे.

" न...छूना मत. यह रोबोट डा. एवी का है. मेरी सहायता के लिए आया है," एज ने मुरझाए
हुए शब्दों में कहा.

तभी छोटी बेटी किड्डी ने उसका एक बटन दबा दिया.

"हाय किड्डी," रोबोट से आवाज आई. और उसने अपना हाथ आगे बढा दिया.

किड्डी ने अभी अपना हाथ आगे बढाया ही था कि एज की पत्नी तेजी से किचन से निकल कर आईं. किड्डी का हाथ पकड़ कर दूसरे कमरे में ले गईं. 

किड्डी को समझाते हुए कहा, " नहीं, बिलकुल नहीं, बेटा यह अपना रोबोट नहीं है. यह पापा के दोस्त डा. एवी का है. तुम तो अच्छे बच्चे हो. तुम्हें पता है न कि दूसरों की चीजें..."

पत्नी किड्डी को समझाती जा रहीं थीं. पर किड्डी मानने को तैयार नहीं थी.

"तड़ाक..." शायद पत्नी ने किड्डी को चांटा मार दिया था. दूसरे कमरे से किड्डी के रोने की आवाज आ रही थी.

एज स्तब्ध था. यह कैसी खुशी थी, जो अपनी नहीं थी. एज खुश नहीं थे। आंखें डबडबा गईं थीं अपने हालात पर।  वे सोच रहे थे कि काश यह रोबोट अपना होता, तो किड्डी को छूने से कोई मना तो नहीं करता...असमंजस में कब नींद आ गई, उन्हें पता ही नहीं चला.

सुबह जागे, तो एवी का मैसेज था," आर यू हैप्पी, एज?"

" यस हैप्पी, औल आर हैप्पी हेयर." उन्होंने बेड पर पलट कर देखा तो किड्डी सो रही थी.

उसकी मासूम आंखों के जायज आंसू गालों पर लुढक कर सो चुके थे. हालात से उपजे उसके सूखे आंसुओं को उन्होंने टटोला और बेड से उतर कर बाथरूम की ओर बढ गए.

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in comment box.