आज कोरोना से लोग परेशान हैं, बेचैन हैं। सभी के चेहरे पर डर, उदासी और मायूसी है। ऐसी विषम परिस्थितियों में भी समाज के दो वर्ग ऐसे हैं, जो हंसते हुए, मुस्कराते हुए घरों से बाहर निकल कर, अपनी जान हथेली पर रख कर लोगों की सेवा में लगे हैं, जान बचाने में लगे हैं। ये हैं, डाक्टर और पुलिस।
हमारे पास यह विकल्प हो सकता है कि हम अपनी सुरक्षा के लिए बाहर ही न निकलें। लेकिन पुलिस और डाक्टर के पास यह विकल्प नहीं। यदि ये भी अपनी सुरक्षा के लिए खुद को घरों में बंद कर लें तो स्थिति कितनी भयावह हो सकती है, इसकी मात्र कल्पना करके देखिए, रोंगटे खड़े हो जाएंगे।
आज की तारीख में कोरोना एक संकट है, लेकिन इन वर्गों के लिए अन्य कई चुनौतियां भी हैं। जहां डाक्टर अन्य बीमारियों के लिए भी अपनी सेवाएं लगातार दे रहे हैं, वहीं पुलिस अपनी अन्य प्रशासनिक जिम्मेदारियों को भी निभा रहे है।
ऐसी स्थिति में भी कुछ लोग जानबूझकर, तो कुछ लोग अज्ञानतावश, कुछ लोग व्यक्तिगत, तो कुछ लोग व्यायवसायिक हितों के लिए इन वर्गों के प्रति गलत रवैया अपना कर संवेदनहीनता का परिचय देते हैं। जो दुखद है। हमें ऐसे गलत लोगों से सावधान रहना चाहिए और एक साथ मिलकर ऐसे लोगों के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए।
डाक्टर और पुलिस का कार्य आपकी और हमारी सुरक्षा के लिए है। इसलिए यह जिम्मेदारी हमारी, आपकी है कि इन दोनों वर्गों का, इन के परिवार का हम सभी ध्यान रखें, हम सभी इनका उचित सम्मान करें।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in comment box.