Wednesday, September 11, 2019

अच्छ लगा कि...


कुछ दिनों पहले हमारे एक मित्र ने हमारे महल्ले में सात -आठ वर्षों से होने वाले  'भागवत कथा' के बारे में बताया। वे सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं और इस कार्यक्रम के संयोजक भी हैं। राजनीतिक लोगों तक भी इनकी पहुंच है। इन्हीं महाशय से मैंने महल्ले में बच्चों की लाइब्रेरी के बारे में कहा था, जो आज तक संभव नहीं हो पाया। मुझे इनकी मजबूरियों का पता है। खैर!

भागवत कथा आयोजन के बारे में जानकर खुशी हुई। पर तत्काल दिमाग में बच्चे आ गए और एक योजना भी कि इस कथा से बच्चों को कैसे जोड़ा जाए!

डरते हुए मैंने अपनी जिज्ञासा उस महोदय से शेयर की ! उन्होंने कहा, 'आप योजना बताएं? '

मैंने कहा, 'कथा में महिलाओं के साथ बच्चे भी आते होंगे। आप पहले दिन यह घोषणा  करवा दें कि हर बच्चा पहले दिन से कथा सुनें और अंतिम दिन अपना नाम देकर मंच पर बोलने का मौका पाएं! आप या तो सुनी हुई बातों पर बोलें या फिर उससे संबंधित किसी भी विषय पर जो चाहें बोलें! अच्छा बोलने वाले बच्चे को पुरस्कृत किया जाएगा! इस वर्ष तो नहीं, लेकिन अगले वर्ष भगवत्कृपा रही, सबकुछ ठीक रहा तो मैं प्रथम तीन बच्चों को पुरस्कार दूंगा। '

वे महोदय बहुत खुश हुए! हालांकि मुझे यकीन नहीं था कि ऐसा होगा।

बात आई गई, हो गई!  लेकिन कल शाम जब दूध लेने निकला तो कानों में लाउडस्पीकर की आवाज आई। बच्चों के नाम एनाउंस हो रहे थे।  मैं उस यज्ञ स्थल पर नहीं था। पर जहां था, वहीं एक कोने में खड़ा होकर यज्ञ स्थल से लाउडस्पीकर की आती आवाज को सुनने लगा।

बच्चों के नाम एनाउंस हो रहे थे और बच्चे मंच पर आकर कुछ न कुछ बोल रहे थे। मैं जानता था कि बच्चों ने आज मंच पर बोलने के लिए कितनी मेहनत की होगी, कितना सोचा होगा, खुद में कितना आत्मविश्वास पैदा किया होगा। बच्चों को मोबाइल और टीवी से हटाकर समाज से जोड़ने का इससे अच्छा कोई तरीका नहीं हो सकता। मैं यह मानता हूं कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के हर इवैंट से बच्चों को जोड़ना बहुत जरूरी है। 

मन बहुत खुश था। सच कहूं तो मैं अंदर से नाच रहा था। लगभग तीस से चालीस मिनट मैं एक जगह निश्चल खड़ा होकर बच्चों की बातें सुनता रहा। मैं बुदबुदाया, वाह, शानदार!  दिल ने उन बच्चों की मेहनत को दूर से ही नमस्कार किया और मेरी बातों को एक मुकाम देने के लिए उस महोदय को प्रणाम।

घर आकर मैं ने उस महोदय को धन्यवाद देते हुए एक छोटा सा संदेश लिखा, ' अच्छा लगा कि...

Saturday, June 15, 2019

शिक्षक का थप्पड़

शिक्षक का थप्पड़
जो आज भी याद है!!

बाबूजी प्राचार्य के साथ साथ गणित के शिक्षक भी थे। विश्वविधालय से गणित की कौपियां जांच के लिए आती थीं। जांच के बाद उन कौपियों को पुन: पैक कर उस पर विश्वविद्यालय का पता लिख कर भेज दिया जाता।

मैं उस समय इंटरमीडियट का छात्र था और घर पर ही था। मेरी हैंडराइटिंग ठीकठाक थी। कौपियां जांचने के बाद बाबूजी ने उसकी पैकिंग करवाई और मुझे उसके ऊपर अंगरेजी में पता लिखने को कहा।

पता लिखने के बाद मैंने बाबूजी से देख लेने को कहा।  बाबूजी ने जैसे ही लिखा हुआ पता देखा उनका चेहरा तमतमा गया। 

उन्होंने कहा," तुम अपना लिखा फिर से पढो, इसमें गलती है। "

मैंने दोबारा देखते हुए कहा, "इसमें कोई गलती तो नहीं... "

अभी मेरी बात पूरी नहीं हुई थी कि बाबूजी का झन्नाटेदार थप्पड़ लगा। मैं सन्न रह गया। आंखों में आंसू आ गए थे पर रोया नहीं। आंखें नीचे उस शब्द को तलाश रही थी जो मैं ने गलत लिखा था।

कुछ देर बाद बाबूजी ने उस शब्द पर उंगली रखी। शब्द था UNIVERSITY. जिसमें मैं ने 'ई' छोड़ दिया था।

बाबूजी ने कहा, " बात सिर्फ एक शब्द छूटने की नहीं है। पहली बात तो यदि तुम्हें उस शब्द का पता था और फिर तुमने गलती की तो इसका मतलब तुम वह कार्य करते समय वहां नहीं थे, तुम्हारा ध्यान कहीं और था। और दूसरी बात यदि इंटरमीडियट में पढते हुए तुम्हें यह शब्द लिखना नहीं आता तो फिर पढाई कैसी? दोनों स्थितियां तुम्हारे लिए ठीक नहीं इसलिए तुम्हें सजा मिली।"

बात बहुत छोटी थी लेकिन आज भी पढते ,लिखते हुए बाबूजी की बातें ध्यान में ऱखता हूं।

एक पिता के रूप में वे जितने सख्त थे उससे कहीं अधिक शिक्षक के रूप में। शिक्षक दिवस पर अपने जीवन में मिले सभी शिक्षकों के बारे में सोचा, स्मरण किया। लेकिन स्मरण में बाबूजी से अधिक योग्य शिक्षक नहीं ढूंढ पाया। स्वभाविकतया आज उन्हें ही याद कर नमन करना श्रेयस्कर लगा। 

आज के दिन आप भी अपने जीवन के उन श्रेष्ठ शिक्षकों को याद करिए, नमन करिए! अच्छा लगेगा!!

Thursday, January 17, 2019

बाबूजी का जन्मदिन

अब हमें प्रतीक्षा रहती है बाबूजी के जन्मदिन की यानी 17 जनवरी की। और सुखद बात यह है कि हम लोगों से अधिक हमारे बच्चों को प्रतीक्षा रहती है, दादाजी के जन्मदिन की।  दीदी के बच्चे यानी नाती नातिन तो किसी न किसी माध्यम से उपहार तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं। बच्चों का उनके प्रति यह निश्छल प्रेम उनकी सबसे बड़ी  ताकत है।

कल एक बहुत बड़े  व्यक्ति जो एक सफल उद्यमी भी थे की जीवनी पढ रहा था। उस व्यक्ति से किसी ने एक बार पूछा कि एक सफल व्यक्ति की पहचान क्या होती है ? तो उस व्यक्ति का उत्तर था जिस व्यक्ति का बुढापा सुखद हो, आनंद से गुजरे।

उन का कहना था कि आप अपने  अच्छे दिनों में जिस चीज के ऊपर अपनी जिंदगी की ऊर्जा लगाएंगे वही बाद में आप की जरूरत के समय आप की ऊर्जा आप की ताकत बन कर आपके साथ खड़ी होगी।  दुर्भाग्य से उस व्यक्ति का बुढापा अच्छा नहीं गुजरा था क्योंकि उन्होंने पूरी जिंदगी बच्चों को बनाने के बजाय रुपए कमाने में लगा दिए।  बच्चों ने भी सिर्फ पैसा देखा, कभी पिता का प्रेम नहीं देखा। यहीं कमी रह गई।  बच्चे भी कभी पिता से प्रेम नहीं कर पाए।
यह बात समझने की है।

हम ने बाबूजी में सिर्फ प्रेम देखा। उनकी दी गई शिक्षा, संस्कार और नैतिकता को जाना। यह घोषणा करने की चीज नहीं है लेकिन यह कहने में हर्ज भी नहीं है कि जो त्याग उन्होंने हम सभी के लिए किया उसी का परिणाम है कि आज हम सभी और हमारे बच्चे उनसे बहुत करीब हैं ।उनका हम सभी के लिए प्रेम इतना जीवंत और दूरसंवेदी है कि बहुत दूर होकर भी हम सभी उनके प्रेम को  बहुत करीब महसूस करते हैं। उनके जन्मदिन पर हमारी और हमारे बच्चों की ओर से ढेरों शुभकामनाएं !

इस अवसर पर मैं अपने परम आदरणीय स्नेहिल चाचाजी नुनु काका को याद करना नहीं भूलता।
वे आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनका पूरे परिवार के प्रति जो प्रेम था वह जेहन में ताजे फूल की तरह है।  मैं तो जीवनपर्यंत उनका शिष्य ही रहूंगा क्योंकि वे मेरे सांस्कारिक गुरू थे।  संस्कार के मंत्र मुझे उन्होंने ही दिए थे। लेकिन जहां तक मुझे याद है उनका परिवार के बच्चों के प्रति बहुत प्रेम था।  परिवार बहुत बड़ा होने के बावजूद वे सभी बच्चों के प्रति समान रूप से चिंतित  रहते थे।  कौन बच्चा क्या पढ रहा है,  कौन बच्चा क्या कर रहा है इस पर उनकी विशेष निगाह रहती थी।  परिवार को एकजुट रखने में उनका बहुत बड़ा योगदान  था।
हालांकि मैं उस समय छोटा था लेकिन मैं उनके व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित था और बच्चों के प्रति उनका आदर और प्रेम का भाव आज भी मेरे अंदर जीवंत है।  आज के दिन अपने प्रिय नुनु काका को भी शत शत नमन!!!