Wednesday, May 26, 2021

लौकडाउन और मेरी हाइट ( भाग - एक )

लेखन की एक विधा हास्य और व्यंग भी‌ है। पर व्यंग यदि अपने ऊपर हो तो सुनने या‌ पढने वाले को अधिक आनंद आता है। कुछ सच्चाई और कुछ कल्पना के साथ‌ यह व्यंग लिखा है। पूर्ण लेखक नहीं हूं।  यह प्रयास सिर्फ आज के माहौल में अपनों की‌ खुशी के लिए है। हंसी बेशक न आए, मुसकराहट‌ भी आ जाए तो मेरे लिए खुशी की बात होगी! यह 2020 में लगे पहले लौकडाउन की बात है!
पढ़िए, शायद अच्छी लगे!!
--------------------------------------------------------

लौकडाउन और मेरी हाइट!!

लौकडाउन की घोषणा को 3 दिन हो गए थे। चौथे दिन मेरी पत्नी जी ने कहा, "कुछ सामान खत्म हो गए हैं, ले आएं तो अच्छा रहेगा।"

हालांकि मैं भी दहशत में था लेकिन कोई दूसरा रास्ता भी नहीं थ। चेहरे पर मास्क लगाया और झोला लेकर घर से बाहर निकल गया।

एक गली पर मुड़ते ही मेन रोड है, जहां कोने पर एक मंदिर है। मंदिर के पास पहुंचते ही मैंने बाइक पर सवार दो पुलिस वाले को देखा। मुझे मेन रोड की और आते देख वे तेजी से मेरी ओर लपके।

"ऐ, किधर जा रहा है? तुम्हें पता नहीं लौकडाउन है? और बच्चों का तो घर से निकलना बिल्कुल मना है। " एक पुलिस वाले ने कहा।

मैंने समझाते हुए कहा, "लेकिन मैं बच्चा..."

"मैं बच्चा... क्या बच्चा...? यही तो कह रहा हूं बच्चों को बाहर नहीं निकलना चाहिए।" दूसरे ने मेरी बात काटते हुए कहा, " बेटे, चलो जाओ वापस अपने घर। घर जाकर खेलो कूदो... मेरी बात को समझो।" 

मेरी बात दोनों पुलिस वाले सुनने को तैयार नहीं थे‌। दोनों पुलिस वालों की उम्र यही कोई 40 - 45 साल यानी मेरे बराबर ही होगी पर दोनों मुझे 'बेटे.. बेटे...बच्चा...बच्चा' कह रहे थे। मैं हैरान भी था और परेशान भी।

"सुनाई नहीं देता क्या ? चल भाग यहां से..."  मुझे वहां से हिलता न देख दोनों अब सख्ती पर उतर आए थे। एक ने डंडा संभाला तो मैं वहां से भाग खड़ा हुआ। खाली झोला लिए मैं अपने घर पहुंचा। मुझे हांफते देख पत्नी जी भी घबरा गईं।

" क्या हुआ? खाली झोला लिए घर क्यों आ गए? और हांफ क्यों रहे हो?" पत्नी जी ने एक साथ दो तीन सवाल दाग दिए।

"अरे, वह बाहर पुलिस वाले कह रहे हैं कि बच्चे को बाहर निकलना मना है।"  मैंने झल्लाते हुए कहा, " मेरी हाइट वैसे ही कम है ऊपर से तुमने निक्कर और टीशर्ट पहना कर बाहर भेज दिया। अरे, मैं कोई पार्क में खेलने थोड़े ही जा रहा था? मैं ने निकलते हुए कहा भी कि मैं पैंट पहन लेता हूं पर तुम भी तो.. मुझे बच्चा बना कर छोड़ोगी।"
कह कर मैंने झोला एक और फेंक दिया।

पत्नी जी मुस्कुराईं। झोला उठाया। बच्चों को कुछ जरूरी बातें समझा कर मुझ से कहा, "अच्छा, चलिए तो मेरे साथ।"

मुझे पत्नी जी की हिम्मत देख गर्व हुआ। थोड़ी‌ देर के लिए मैं अपनी हाइट भूल गया। अच्छा लगा। आगे आगे पत्नी जी और पीछे पीछे मैं। मेरे अंदर भी साहस का संचार हो चुका था। पर मंदिर के पास पहुंचते ही मेरी हवा निकल गई। सामने बाइक पर वही दोनों पुलिस वाले बैठे हुए थे। मैं पत्नी जी के पीछे हो लिया।

पास पहुंचते ही एक पुलिस वाला बाइक से उछल कर सामने आ गया। मुझे पत्नी जी के पीछे से खींचते हुए बोला, "अबे, तू अब अपनी मम्मी के साथ चला आया?  तेरे को बात समझ में नहीं आती क्या? ऐं... बताया था ना कि बच्चे को घर से बाहर नहीं निकलना चाहिए।"

तभी दूसरा पुलिस वाला पत्नी जी की ओर मुखातिब होते हुए बोला, "मैडम, यह तो बच्चा है, पर आप तो समझदार, पढ़े-लिखे लगते हो।  बाहर का मौसम क्या है आपको नहीं पता? आपको तो पता होगा फिर भी बच्चे को पल्लू में बांधकर बाहर निकल आए... ऐं...?"

पत्नी जी हैरान तो हुईं लेकिन अपने लिए पढ़े लिखे और समझदार सुनकर उन्होंने मौन रखकर समझदारी का परिचय दिया। मेरी जेब से एक झटके में सामान की पर्ची और रुपए निकाले और मुझे वहां से जाने का इशारा करने लगी।

"क्यों? मैं क्यों वापस जाऊं मुझे भी तो.." मैंने कहना चाहा, तभी एक पुलिस वाला लट्ठ लेकर मेरी और दौड़ा।

मैं वापस अपने घर की ओर भागा। भागते भागते बस इतना ही देख पाया कि पत्नी जी तेजी से आगे निकल गई थीं।

घर के पास पहुंचा तो नीचे मकान मालकिन बैठी थीं।

"क्या हुआ? आप भागते हुए क्यों आ रहे हो?" उन्होंने बहुत ही प्रेम से पूछा।

"अरे, भाभी क्या बताऊं? मंदिर के पास एक सांड बैठा है। उसी ने मुझे दौड़ा दिया।"  मैंने मुस्कुराते हुए झूठ बोला।

"सांड? मंदिर के पास कैसे आया? जरा मेरे साथ चलिए तो, मैं देखती हूं।"  उन्होंने मुझे अपने साथ चलने का इशारा किया।

"अरे नहीं, भाभी, आप क्यों परेशान होते हो? कोई बात नहीं।" मैं हिचक रहा था पर भाभी जी मानने को तैयार नहीं थीं। उन्होंनै मुझे घसीट लिया।

हम दोनों उस मंदिर के पास पहुंचे। मुझे दूर से ही पुलिस वाले की बाइक दिखाई दे गई थी।

पास पहुंचते एक पुलिस वाला मेरी ओर देख कर बड़बड़ाया, "अरे, यह तो बहुत जिद्दी और शरारती बच्चा है। पहले मम्मी के साथ आया था अब दादी के साथ आ गया है। पता नहीं इसकी निक्कर में चूहे क्यों दौड़ रहे ‌‌‌हैं।"

" अबे तू बिना लट्ठ खाए मानेगा नहीं क्या?" एक ने पीछे से मेरी टी-शर्ट पकड़ते हुए कहा, "अब बता, जिस दादी को लेकर तू आया है वह तुझे बचा लेंगी क्या? अब तेरे घुटने ही तोड़ देता हूं तभी तू घर से बाहर नहीं निकलेगा।" कह कर उसने अपनी लाठी ऊपर उठाई। 

तभी भाभी चिल्लाई, "अरे यह क्या कर रहे हो?"

"आप लोग कुछ नहीं करोगे, तो हमें ही करना होगा ना? इतना जिद्दी और शरारती बच्चा आज तक मैंने नहीं देखा है। बार बार समझा रहा हूं फिर भी बाहर निकल जाता है।" कहते हुए वह पुलिस वाला भाभी की ओर मुड़ कर बोला, "चलो, यह तो बच्चा है आप तो समझदार और पढ़ी लिखी लगती हो, फिर भी बच्चे को लेकर बाहर निकल आईं!  इसे फौरन यहां से ले जाओ, बल्कि मैं तो कहूंगा इसके पैरों में रस्सी बांध दो। इस बच्चे से हम इतने परेशान हो गए तो पता नहीं आप लोग इसे कैसे संभालती हो।" कह कर उसने मुझे धक्का दे दिया।

भाभी ने मुझे समय रहते संभाल लिया, वरना मेरे आगे के दो तीन दांतों का रुखसत होना तय था। भाभी ने भी पुलिस वालों के सामने समझदारी और पढ़े लिखे होने का सबूत दिया और मेरी उंगली पकड़कर घर की ओर चल पड़ीं।

घर पहुंच कर मेरी और देखते हुए भाभी ने हैरानी से कहा, "मैं कुछ समझी नहीं?"

"समझा तो मैं भी नहीं," समझ कर भी नासमझ होने के अलावा ‌मेरे‌ पास कोई चारा न था।

अपने फ्लोर पर पहुंचते ही बच्चों ने पूछा, "पापा, मम्मी कहां रह गईं?"

"तुम्हारी या मेरी?" मैंने गुस्से में कहा। और मैं सोचने लगा कि क्या बच्चे भी इतने नासमझ, जिद्दी और बेवकूफ होते हैं? जितना मुझे पुलिस वालों ने बताया।

तभी पत्नी जी सीढियों से ऊपर आते हुए दिखाई दीं  उन्होंने कहा, " टेंशन मत लीजिए, इसमेें आपकी कोई गलती नहीं है। यह सब आपकी हाइट की वजह से हुआ है।"

"मैं ने कब कहा‌ कि तुम्हारी हाइट की वजह से हुआ है। पर मैं तो भूल गया था। इस कमबख्त ‌लौकडाउन ने फिर से मेरी हाइट की औकात बता दी। और तुम तो ठहरी पढ़ी लिखी और समझदार...मैं ठहरा बच्चा..ऐं?"
कहकर मैं बाथरूम में घुस गया।

No comments:

Post a Comment

Please do not enter any spam link in comment box.