हमारी गली के गार्जियन थे, शर्मा अंकल। नहीं रहे, जानकर बहुत तकलीफ हुई।
१३ जनवरी, २०१७ शनिवार का दिन था। मैं ७ बजे शाम को जब अपनी गली में घुसा तो यह दुखद जानकारी मिली। बैग रखकर सीधे उनके यहां भागा। कारुणिक दृश्य था। सभी रो रहे थे। स्वाभाविक रूप से मेरी आंखें भी गीली हो रही थीं।
सुबह के सात बजे अंतिम यात्रा शुरू हुई। जीवन में पहली बार इस तरह की यात्रा में शामिल हो रहा था। राम नाम सत्य है।।। राम नाम सत्य है।।। के बीच मेरे कदम आगे बढते जा रहे थे लेकिन मेरी याद्दाश्त मुझे लगभग २० साल पीछे लिए जा रही थी....
शर्माजी सिर्फ शर्माजी ही नहीं थे, बल्कि मेरे दिल्ली के एकमात्र मित्र बाजू के पिता भी थे। पिता के व्यक्तित्व को पता करने का प्रयास मैंने कभी नहीं किया पर एक दोस्त के रूप में बाजू की दोस्ती बहुत विराट थी, इसका एहसास बाजू ने मुझे बहुत बार कराया।
१९९५ में दिल्ली आने पर हम किसी को जानते तक नहीं थे। जानने की इच्छा भी नहीं थी। एक लक्ष्य था, जिसे पाने के लिए श्रम करना था। लेकिन लगातार पढ़ाई से मन थकने लगता था। बगल में पुस्तकालय था वहां जाने लगा। लेकिन मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है जल्द ही इसका बोध होने लगा। इसी बीच बाजू से संपर्क हुआ और निकटता बढ़ती गयी। आना जाना भी बढ़ता गया। उस समय लैंडलाइन फोन हुआ करता था। बाजू के यहां ही मेरे घर से फोन आते। कभी कभी तो रात को भी शर्मा अंकल खुद बुलाने आ जाते। ओए झा, जल्दी आ जा तेरे घर से फोन है... आवाज दमदार थी। कभी कभी डांट भी पड़ती थी, लेकिन वह प्यार की झिड़की से अधिक कुछ नहीं था। जहां यहां के लोग बाहर के लोगों पर भरोसा नहीं करते, वहीं शर्मा अंकल
ने बाजू को मेरे साथ मेरे घर तक जाने की आज्ञा दी थी। उनका यह विश्वास दिखाना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी। ऐसी कई बातें थीं जिसे भुला पाना संभव नहीं।
...पापा...तभी एक चिल्लाहट से मैं चौंक गया। हम लोग इस यात्रा के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके थे। बाजू के बड़े भाई का रूदन था। मुखाग्नि दे दी गई थी। शर्मा अंकल का शरीर धू-धू कर जलने लगा। यादें कहीं और ले जा रही थीं पर ठहरी हुई आंखें कुछ और करने पर आमादा थीं। मेरे हाथ श्रद्धा से जुड़ गए। मैं ने कभी यह सब देखा नहीं था इसलिए मन कह रहा था यही जीवन का अंतिम दर्शन है। दिल कह रहा था ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। मैं दो फांक हो गया था।