वे संघर्षों के दिन थे. विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी में व्यस्त रहता था. इसी
दौरान बड़ी भाभी के पिताजी आए हुए थे. एक दिन बातचीत के दौरान उन्होंने पूछा, कभी
ओशो साहित्य को पढा है. मेरा सीधा सा जवाब था, नहीं. लेकिन ओशो के प्रति मेरी
जिज्ञासा बढ़ गई. पास में ही एक पेड़ के नीचे एक मैगजीन वाला बैठता था, जहां मैं अक्सर
जाता था. उस दिन जब वहां पहुंचा तो सबसे पहले मेरी नजर जिस पत्रिका पर पड़ी, वह
थी, ओशो वर्ल्ड. खरीद ली. पढ़ना शुरू किया पर समझ नहीं पाया. लेकिन पढना जारी
रखा. धीरे धीरे जैसे जैसे समझने लगा, वैसे वैसे मेरी हैरानी बढ़ती गई. फिर ओशो साहित्य
के वृहद संसार में घुसता गया और किताबें खरीदनी शुरू की. मजा आने लगा.
दरअसल साहित्य हमें जीवन की घटनाओं, स्थिति, परिस्थिति का आभास कराती है,
जबकि दर्शन हमें जीवन की कड़वी सच्चाइयों का साक्षात्कार करवाती है.
ओशो साहित्य पूरा दर्शन है.आज तक ओशो से जुड़ी किसी संस्था में नहीं गया,
न ही शिष्य बनने की चेष्टा की पर ओशो साहित्य के पठन पाठन से कई लाभ हुए.
स्वयं में कई बदलाव महसूस किए.
यदि समय हो और इच्छा करे तो ओशो साहित्य को एक बार जरूर पढना चाहिए. हो सकता
है जीवन का कोई पक्ष उससे भी मजबूत हो.