शहर की बड़ी बड़ी
बिल्डिंगों के पीछे
जो कचरे का ढेर है,
वहीं रहता है, वहीं जीता है।
और वहीं मर जाता है,
कचरे से बीनता है,
इसलिए कहा जाता है उसे
कचरे का डब्बा...
उस दिन मैं उससे बातें करने लगा,
तो वह रोने लगा,
फिर हंस हंस कर बताने लगा...
हूं समय का पाबंद,
रोज सुबह निकलता हूं
कंधे पर डाल बोरियां,
भटकता हूं, इकट्ठा करता हूं
प्लास्टिक की बोतलें, टूटे फ़ूटे डब्बे,
सड़ी गली पन्नियां, कागज,
और पता नहीं क्या क्या...
धूप खाने से चमड़ियां
जल जाती हैं,
ठंड उतरती है
तो हड्डियां गल जाती हैं,
पैरों में कांटे, शीशे तो रोज चुभते हैं,
पर दबा देता हूं खुद ही
सड़ा लेता हूं घावों को,
कहूं भी तो किससे कहूं
यही मेरी नियति है
कि चुपचाप सहता रहूं...
अंतड़ियां जब कुलबुलाने
लगती हैं,
भूख जब बेदम कर देती है,
तो उन्हीं कचरों से
खाना बीन लेता हूं,
नहीं तो कुत्तों के मुंह से ही
रोटी छीन लेता हूं...
शाम को लौट आता हूं,
कचरे के उसी ढ़ेर में घुस जाता हूं,
छलछलाती आंखों से
कुछ ढूंढता हूं चारों ओर,
तो शून्य, अंधकार के अलावा
कुछ दिखाई नहीं देेेता,
कुत्ते के भौंभौं के अलावा
कुछ सुनाई नहीं देता...
न पिता याद करते हैं,
न मां की याद आती है,
सन्नाटे की सांय सांय में,
नींंद आती जाती है...
पर कुरूप सच है कि,
हंसते हुए रोता हूं,
और रोते हुए हंसता हूं,
कचरों की गोद में ही
गीत गाते सोता हूं...