कैसे हुई swami vivekanand se ek mulakat? बहुत पुरानी बात है, लगभग 20 साल पुरानी। उस समय दिल्ली में metro चली नहीं थी। बस में ही office आना जाना होता था। दिल्ली की पुरानी DTC वाली बस। जिस की ऊंचाई बहुत अधिक थी और मेरी हाईट बहुत कम। बस के ऊपरी हैंडिल को पकड़ पाना मेरे लिए बहुत मुश्किल था।
उस दिन औफिस के लिए निकला तो लेट हो गया था। प्रतीक्षा कर नहीं सकता था। अतः एक भीड़ वाली बस में किसी तरह पीछे की ओर खिसक गया। अगले stand पर बस रुकी तो बच्चों का हुजूम शोरगुल करते हुए अंदर आ गए। रेलम पेल जबर्दस्त थी और बस के ऊपर के हैंडल को पकड़ पाना मेरे लिए संभव न था।
मैं पीछे एक सीट से चिपका हुआ था। तभी 8 - 10 बच्चे धड़धड़ाते हुए मेरे ऊपर आ गए। मैं ने पूरी ताकत से बच्चों को अपने ऊपर से हटाने की कोशिश की।
तभी एक 16-17 साल का बच्चा मेरी ओर गुर्राते हुए देख कर बोला, " दिखाई नहीं देता, धक्का क्यों दे रहे हो? "
" मैं ने धक्का नहीं दिया। खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था। " मैं ने शालीनता से कहा।
उसने एक भद्दी सी गाली देते हुए कहा, " नहीं, तुमने मुझे जानबूझ कर धक्का दिया है। " कह कर वह मेरी ओर बढा।
उसके पीछे से कई और बच्चे भी मेरी ओर लपके। सभी 15 से 20 साल के थे। उन्होंने मेरी कौलर पकड़ ली, तभी पीछे से एक वृद्ध सज्जन चिल्लाए, " ये क्या कर रहे हो, तुमलोग?"
"मारपीट कर रहा हूं, दिखाई नहीं देता बुड्ढे?" कहकर सभी बच्चों ने ठहाके लगाए।
मैंने गुस्से में कहा, " तुम्हें तमीज नहीं है? किसी बूढे बुजुर्ग से ऐसे बात की जाती है?"
ये कहने की देरी थी कि कुछ बच्चे मेरे ऊपर और कुछ उस वृद्ध के ऊपर टूट पड़े। ज्यादा चोट तो नहीं लगी पर हमदोनों के कपड़े फट गए।
अगले स्टैंड पर सारे बच्चे धड़धड़ाते हुए उतर गए। मैं उस वृद्ध सज्जन के पास गया। हमदोनों अजनबी थे। अवाक् होकर एकदूसरे की ओर देख रहे थे। मैं ने कहा, " सर, मेरी वजह से आपके साथ भी... "
"नहीं, नहीं....कोई बात नहीं!" उस सज्जन ने कहा। लेकिन उनकी हालत देख मेरी आंखें भर आईं थीं। अगले ही स्टैंड पर वे मेरी ओर निरीह दृष्टि से देखते हुए उतर गए।
मेरे कपड़े फट गए थे पर मुझे इस बात की चिंता नहीं थी। मुझे तो इस बात की चिंता थी कि हमारे समाज के बच्चे कितने अशिष्ट, असभ्य होते जा रहे हैं। यदि इन्हें सही दिशा नहीं दी गई तो आगे हमारे समाज का भविष्य कैसा होगा?
उस रात खाना खाकर जब मैं बिस्तर पर आया तो मन बहुत उदास था। मैं अपने लिए नहीं, उस वृद्ध व्यक्ति के साथ हुए व्यवहार के लिए बहुत दुखी था। एक बच्चा यदि एक बुजुर्ग को सम्मान देना बंद कर दे, अशिष्टता की सारी सीमाएं लांघ दे तो सुनहरे कल की कल्पना कैसे की जाए? अंदर एक अजीब सी छटपटाहट थी। इस छटपटाहट के बीच बोझिल पलकों में कब नींद छा गई पता भी नहीं चला...
तभी अंधेरे कमरे में एक छाया उभरी। वे स्वामी विवेकानंद थे। मैं उन्हें साफ साफ देख पा रहा था। चेहरे पर सौम्य मुसकराहट थी।
वे बोले, "आज जो तुम्हारे साथ या उस वृद्ध के साथ हुआ यह एक स्वाभाविक घटना है। और इसके लिए तुम सभी जिम्मेदार भी हो। जब भी किसी के साथ ऐसा हादसा होता है तो तुम सभी यह सोचकर कन्नी काट लेते हो कि यह मेरे साथ नहीं हुआ, जिसके साथ हुआ वह जाने।
"लेकिन यह मत भूलो कि तुम सभी एक ही समाज के हिस्से हो। इस समाज का कोई भी वर्ग यदि किसी समस्या से पीड़ित होता है तो उसका असर पूरे समाज पर पडे़गा। विशेष रूप से बच्चों पर ध्यान देना तो बहुत ही जरूरी है। क्योंकि बच्चे भविष्य के निर्माता होते हैं!
" मैं ने कहा था कि बच्चे की शिक्षा ऐसी हो जिससे उसका शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास हो। यह याद रखना कि यदि शिक्षा द्वारा बच्चों के चरित्र निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया तो आनेवाला समाज और प्रदूषित होगा। एक चारित्रिक दोष वाला व्यक्ति कभी एक अच्छे परिवार, एक सुंदर समाज, एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सहायक नहीं हो सकता!
"इसलिए उठो, जागो और स्वस्थ, सुंदर राष्ट्र के लिए एक चरित्रवान बच्चे के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दो!"
"उठो... जागो... " की आवाज इतनी तेज थी कि मेरी नींद खुल गई। घड़ी में सुबह के पांच बज रहे थे। मैं बिस्तर पर उठ कर बैठ गया। '
हां, विवेकानंद ने सही कहा। कल का समाज अच्छा हो इसके लिए आज के बच्चे का चरित्रवान होना जरूरी है। मुझे भी कुछ करना चाहिए। पर आज के हालात में क्या यह संभव है? " सोचते हुए बालकनी में आकर खड़ा हो गया।
ठंडी हवा चल रही थी। तभी सामने की बालकनी पर एक सुंदर सा बच्चा स्कूल ड्रैस में आकर खड़ा हो गया। जिन्हें मैं रोज देखता था। पर कभी बातचीत नहीं हुई थी।
उस दिन मैं ने हाथ हिलाया, " हैलो, आज आप इतनी जल्दी तैयार हो गए? "
" हां अंकल, स्कूल में 26 जनवरी की तैयारी चल रही है। पता है, मैं स्वामी विवेकानंद बनकर जाऊंगा और बोलूंगा, उतिष्ठत, जागृत, प्राप्य वरान्निबोधत... " वह बच्चा तुतलाती आवाज में बोला।
अपने पिताजी को अपने संबोधनों में अक्सर इस श्लोक का प्रयोग करते सुना है। आज एक छोटे से बच्चे के मुंह से वही श्लोक सुनकर मैं झूम उठा।
'उस छोटे से बच्चे ने ऐसा कहा इसका मतलब अभी भी बहुत संभावनाएं बची हुई हैं! बस, हमें इसके लिए प्रयास करना होगा और मैं अवश्य करूंगा। ' सोचते हुए मैं खुशियों से भर गया।