हवा बहुत तेज थी, बहुत तेज। मेरे पैर जमीन से उखड़ने लगे थे। मैं ने पार्क में चारों ओर देखा। दूर दूर तक कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा था।
बारिश के पानी में पैर को टिका पाना मुश्किल हो रहा था। बारिश का पानी सिर से उतर रहा था। जिसकी वजह से मैं कांपने भी लगा था। अचानक मैं वहीं थलथले पानी में गिर पड़ा।
मैं जहां गिरा। वहां ठीक बगल में एक बहुत ही नन्हा सा पौधा उस तेज हवा में भी फड़फड़ा रहा था। लगता ऐसा था कि किसी भी क्षण उसे जड़ सहित यह हवा एक झटके में उखाड़ कर दूर फेंक देगी। पर उस पौधे की हिम्मत देखने लायक थी। उसने स्वयं को बहुत ही मजबूती से थलथले पानी में दबा रखा था।
हवा के तेज रुख से एक बार तो लगता कि अब यह पौधा बस...। पर दूसरे ही पल वह पौधा उतनी ही तेजी से स्वयं को मजबूती से खड़ा कर लेता। उस पौधे को देखते हुए मैं जोश से भर गया। सोचने लगा, जब इतना छोटा पौधा अपनी जड़ को जी-जान से बचाने में लगा है। फिर मैं...
और अचानक मैं चिल्लाते हुए उठ खड़ा हुआ। ठीक सामने खड़े एक पेड़ को मजबूती से पकड़ लिया। अब मेरा डर गायब हो चुका था। थोड़ी ही देर बाद हवा मद्धम होने लगी। सबकुछ शांत होता चला गया। पर मैं अभी भी उस बडे़ पेड़ से लिपटा हुआ, छोटे पौधे की ओर देखता जा रहा था।
वह छोटा पौधा भी एकटक मेरी ओर देख रहा था। मानो कह रहा हो, हिम्मत के लिए बड़ा होना, विशाल होना, मजबूत होना जरूरी नहीं। बस, डराने वाले के सामने निडरता से खड़े हो जाओ।
ध्यान रखना, डराने वाला स्वयं बहुत डरा रहता है। तुम यदि निडरता से उसके सामने खड़े हो गए। तो परिस्थितियां कैसी भी हों, वह तुम्हारा बाल भी बांका नहीं कर सकता।
' वाह, मेरे प्यारे मासूम पौधे! तुमने क्या बात कही है!' कहकर मैं जोर जोर से ताली बजाने लगा और अचानक मेरी नींद खुल गई।
घड़ी देखी तो सुबह के पांच बज रहे थे। मैं बिस्तर से निकलकर सीधे बालकनी पहुंचा। गमले में लगे अपने उस प्यारे मासूम पौधे को गले से लगा लिया।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in comment box.