Sunday, May 30, 2021

चिंता से मुक्ति कैसे? chinta se mukti kase?

क्या आप जानते हैं कि क्या है खुश रहने का, चिंता से मुक्ति का राज ? कभी पशु पक्षियों को या छोटे शिशुओं को गौर से देखिए! इन्हें बीमार होने के अलावा हर समय उमंग, उत्साह में ही देखा होगा, खुश ही देखा होगा ।  क्या इनको आपने कभी खाली बैठे देखा है? निश्चित रूप से पशु पक्षियों या छोटे शिशुओं को आपने हर समय busy ही देखा होगा। और यही है, खुश रहने का, चिंता से मुक्ति का राज। आप जितने busy रहेंगे चिंता आपसे उतनी दूर रहेगी।

Winston churchill  युद्ध के दौरान एक दिन में 18-19 घंटे काम करते थे। एक बार किसी ने उनसे पूछ लिया आप के ऊपर इतनी जिम्मेदारियां हैं। क्या आप कभी चिंतित नहीं होते?

चर्चिल ने कहा - मैं इतना व्यस्त रहता हूं कि मेरे पास चिंता करने का time ही नहीं है।

यह सही है। जब हम व्यस्त नहीं होते, तो प्रकृति हमारे दिमाग में negative भावनाओं को अधिक तेजी से भरना शुरू कर देती है। जो चिंता का मूल कारण होता है। 

व्यस्त रहने की कला पशु पक्षियों और छोटे शिशुओं सीखी जा सकती है। और व्यस्त रहकर चिंताओं से दूर रहा जा सकता है!!

Saturday, May 29, 2021

स्वामी विवेकानंद से एक मुलाकात swami vivekanand se ek mulakat

कैसे हुई swami vivekanand se ek mulakat?  बहुत पुरानी बात है, लगभग 20 साल पुरानी। उस समय दिल्ली में metro चली नहीं थी। बस में ही office आना जाना होता था। दिल्ली की पुरानी DTC वाली बस। जिस की ऊंचाई बहुत अधिक थी और मेरी हाईट बहुत कम। बस के ऊपरी हैंडिल को पकड़ पाना मेरे लिए बहुत मुश्किल था। 

उस दिन औफिस के लिए निकला तो लेट हो गया था। प्रतीक्षा कर नहीं सकता था। अतः एक भीड़ वाली बस में किसी तरह पीछे की ओर खिसक गया। अगले stand पर बस रुकी तो बच्चों का हुजूम शोरगुल करते हुए अंदर आ गए। रेलम पेल जबर्दस्त थी और बस के ऊपर के हैंडल को पकड़ पाना मेरे लिए संभव न था।

 मैं पीछे एक सीट से चिपका हुआ था। तभी 8 - 10 बच्चे धड़धड़ाते हुए मेरे ऊपर आ गए। मैं ने  पूरी ताकत से बच्चों को अपने ऊपर से हटाने की कोशिश की। 

तभी एक 16-17 साल का बच्चा मेरी ओर गुर्राते हुए देख कर बोला, " दिखाई नहीं देता, धक्का क्यों दे रहे हो? "

" मैं ने धक्का नहीं दिया। खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था। " मैं ने शालीनता से कहा।

उसने एक भद्दी सी गाली देते हुए कहा, " नहीं, तुमने मुझे जानबूझ कर धक्का दिया है। " कह कर वह मेरी ओर बढा। 

उसके पीछे से कई और बच्चे भी मेरी ओर लपके। सभी 15 से 20 साल के थे। उन्होंने मेरी कौलर पकड़ ली, तभी पीछे से एक वृद्ध सज्जन चिल्लाए, " ये क्या कर रहे हो, तुमलोग?"

"मारपीट कर रहा हूं, दिखाई नहीं देता बुड्ढे?"  कहकर सभी बच्चों ने ठहाके लगाए। 

मैंने गुस्से में कहा, " तुम्हें तमीज नहीं है? किसी बूढे बुजुर्ग से ऐसे बात की जाती है?"

ये कहने की देरी थी कि कुछ बच्चे मेरे ऊपर और कुछ उस वृद्ध के ऊपर टूट पड़े। ज्यादा चोट तो नहीं लगी पर हमदोनों के कपड़े फट गए। 

अगले स्टैंड पर सारे बच्चे धड़धड़ाते हुए उतर गए।  मैं उस वृद्ध सज्जन के पास गया। हमदोनों अजनबी थे। अवाक् होकर एकदूसरे की ओर देख रहे थे। मैं ने कहा, " सर,  मेरी वजह से आपके साथ भी... "

"नहीं,  नहीं....कोई बात नहीं!" उस सज्जन ने कहा। लेकिन उनकी हालत देख मेरी आंखें भर आईं थीं। अगले ही स्टैंड पर वे मेरी ओर निरीह दृष्टि से देखते हुए उतर गए। 

मेरे कपड़े फट गए थे पर मुझे इस बात की चिंता नहीं थी। मुझे तो इस बात की चिंता थी कि हमारे समाज के बच्चे कितने अशिष्ट, असभ्य होते जा रहे हैं। यदि इन्हें सही दिशा नहीं दी गई तो आगे हमारे समाज का भविष्य कैसा होगा?

उस रात खाना खाकर जब मैं बिस्तर पर आया तो मन बहुत उदास था।  मैं अपने लिए नहीं, उस वृद्ध व्यक्ति के साथ हुए व्यवहार के लिए बहुत दुखी था। एक बच्चा यदि एक बुजुर्ग को सम्मान देना बंद कर दे, अशिष्टता की सारी सीमाएं लांघ दे तो सुनहरे कल की कल्पना कैसे की जाए? अंदर एक अजीब सी छटपटाहट थी। इस  छटपटाहट के बीच बोझिल पलकों में कब नींद छा गई पता भी नहीं चला... 

तभी अंधेरे कमरे में एक छाया उभरी। वे स्वामी विवेकानंद थे। मैं उन्हें साफ साफ देख पा रहा था। चेहरे पर सौम्य मुसकराहट थी। 

वे बोले,  "आज जो तुम्हारे साथ या उस वृद्ध के साथ हुआ यह एक स्वाभाविक घटना है। और इसके लिए तुम सभी जिम्मेदार भी हो। जब भी किसी के साथ ऐसा हादसा होता है तो तुम सभी यह सोचकर कन्नी काट लेते हो कि यह मेरे साथ नहीं हुआ, जिसके साथ हुआ वह जाने।  

"लेकिन यह मत भूलो कि तुम सभी एक ही समाज के हिस्से हो।  इस समाज का कोई भी वर्ग यदि किसी समस्या से पीड़ित होता है तो उसका असर पूरे समाज पर पडे़गा। विशेष रूप से बच्चों पर ध्यान देना तो बहुत ही जरूरी है। क्योंकि बच्चे भविष्य के निर्माता होते हैं! 

" मैं ने कहा था कि बच्चे की शिक्षा ऐसी हो जिससे उसका शारीरिक, मानसिक और आत्मिक विकास हो। यह याद रखना कि यदि शिक्षा द्वारा बच्चों के चरित्र निर्माण पर ध्यान नहीं दिया गया तो आनेवाला समाज और प्रदूषित होगा। एक चारित्रिक दोष वाला व्यक्ति कभी एक अच्छे परिवार, एक सुंदर समाज, एक स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में सहायक नहीं हो सकता! 

"इसलिए उठो, जागो और स्वस्थ, सुंदर राष्ट्र के लिए एक चरित्रवान बच्चे के निर्माण की दिशा में कार्य प्रारंभ कर दो!"

"उठो... जागो... " की आवाज इतनी तेज थी कि मेरी नींद खुल गई। घड़ी में सुबह के पांच बज रहे थे। मैं बिस्तर पर उठ कर बैठ गया।  '

हां, विवेकानंद ने सही कहा। कल का समाज अच्छा हो इसके लिए आज के बच्चे का चरित्रवान होना जरूरी है। मुझे भी कुछ करना चाहिए। पर आज के हालात में क्या यह संभव है? " सोचते हुए बालकनी में आकर खड़ा हो गया। 

ठंडी हवा चल रही थी। तभी सामने की बालकनी पर एक सुंदर सा बच्चा स्कूल ड्रैस में आकर खड़ा हो गया। जिन्हें मैं रोज देखता था। पर कभी बातचीत नहीं हुई थी।

उस दिन मैं ने हाथ हिलाया, " हैलो, आज आप इतनी जल्दी तैयार हो गए? "

" हां अंकल, स्कूल में 26 जनवरी की तैयारी चल रही है। पता है,  मैं स्वामी विवेकानंद बनकर जाऊंगा और बोलूंगा, उतिष्ठत, जागृत, प्राप्य वरान्निबोधत... " वह बच्चा तुतलाती आवाज में बोला। 

अपने पिताजी को अपने संबोधनों में अक्सर इस श्लोक का प्रयोग करते सुना है। आज एक छोटे से बच्चे के मुंह से वही श्लोक सुनकर मैं झूम उठा।

'उस छोटे से बच्चे ने ऐसा कहा इसका मतलब अभी भी बहुत संभावनाएं बची हुई हैं! बस, हमें इसके लिए प्रयास करना होगा और मैं अवश्य करूंगा। ' सोचते हुए मैं खुशियों से भर गया।

कचरे का dabba kavita


शहर की बड़ी बड़ी 

बिल्डिंगों के पीछे

जो कचरे का ढेर है,

वहीं रहता है, वहीं जीता है।

और वहीं मर जाता है,

कचरे से बीनता है,

इसलिए कहा जाता है उसे

कचरे का डब्बा...

उस दिन मैं उससे बातें करने लगा,

तो वह रोने लगा,

फिर हंस हंस कर बताने लगा...

हूं समय का पाबंद,

रोज सुबह निकलता हूं

कंधे पर डाल बोरियां,

भटकता हूं, इकट्ठा करता हूं

प्लास्टिक की बोतलें, टूटे फ़ूटे डब्बे,

सड़ी गली पन्नियां, कागज,

और पता नहीं क्या क्या...

धूप खाने से चमड़ियां 

जल जाती हैं,

ठंड उतरती है 

तो हड्डियां गल जाती हैं,

पैरों में कांटे, शीशे तो रोज चुभते हैं,

पर दबा देता हूं खुद ही

सड़ा लेता हूं घावों को,

कहूं भी तो किससे कहूं

यही मेरी नियति है

कि चुपचाप सहता रहूं...

अंतड़ियां जब कुलबुलाने 

लगती हैं,

भूख जब बेदम कर देती है,

तो उन्हीं कचरों से 

खाना बीन लेता हूं,

नहीं तो कुत्तों के मुंह से ही

रोटी छीन लेता हूं...

शाम को लौट आता हूं,

कचरे के उसी ढ़ेर में घुस जाता हूं,

छलछलाती आंखों से 

कुछ ढूंढता हूं चारों ओर,

तो शून्य, अंधकार के अलावा

कुछ  दिखाई नहीं देेेता,

कुत्ते के भौंभौं के अलावा

कुछ सुनाई नहीं देता...

न पिता याद करते हैं,

न मां की याद आती है,

सन्नाटे की सांय सांय में,

नींंद आती जाती  है...

पर कुरूप सच है कि,

हंसते हुए रोता हूं,

और रोते हुए हंसता हूं,

कचरों की गोद में ही

गीत गाते सोता हूं...


वह छोटा सा पौधा ( 20 अप्रैल 2021 )

पार्क से गुजर रहा था। अचानक मौसम खराब हो गया। चारों ओर अंधेरा छाने लगा।  बूंदाबांदी के बीच तेज हवा चलने लगी।  

हवा बहुत तेज थी, बहुत तेज। मेरे पैर जमीन से उखड़ने लगे थे।  मैं ने पार्क में चारों ओर देखा। दूर दूर तक कुछ भी नहीं दिखाई दे रहा था।

बारिश के पानी में पैर को टिका पाना मुश्किल हो रहा था। बारिश का पानी सिर से उतर रहा था। जिसकी वजह से  मैं कांपने भी लगा था। अचानक मैं वहीं थलथले पानी में गिर पड़ा।

मैं जहां गिरा। वहां ठीक बगल में एक बहुत ही नन्हा सा पौधा उस तेज हवा में भी फड़फड़ा रहा था। लगता ऐसा था कि किसी भी क्षण उसे जड़ सहित यह हवा एक झटके में उखाड़ कर दूर फेंक देगी। पर उस पौधे की हिम्मत देखने लायक थी। उसने स्वयं को बहुत ही मजबूती से थलथले पानी में दबा रखा‌ था। 

हवा के तेज रुख से एक बार तो लगता कि अब यह पौधा बस...। पर दूसरे ही पल वह पौधा उतनी ही तेजी से स्वयं को मजबूती से खड़ा कर लेता। उस पौधे को देखते हुए मैं जोश से भर गया। सोचने लगा, जब इतना छोटा पौधा अपनी जड़ को जी-जान से बचाने में लगा है। फिर मैं...

और अचानक मैं चिल्लाते हुए उठ खड़ा हुआ। ठीक सामने खड़े एक पेड़ को मजबूती से पकड़ लिया। अब मेरा डर गायब हो चुका था।  थोड़ी ही देर बाद हवा मद्धम होने लगी। सबकुछ शांत होता चला गया। पर मैं अभी भी उस बडे़ पेड़ से लिपटा हुआ, छोटे पौधे की ओर देखता जा रहा था।

वह छोटा पौधा भी एकटक मेरी ओर देख रहा था। मानो कह रहा हो, हिम्मत के लिए बड़ा होना, विशाल होना, मजबूत होना जरूरी नहीं। बस, डराने वाले के सामने निडरता से खड़े हो जाओ।
ध्यान रखना, डराने वाला स्वयं बहुत डरा रहता है। तुम यदि निडरता से उसके सामने खड़े‌ हो गए। तो परिस्थितियां कैसी भी‌ हों, वह तुम्हारा बाल भी बांका नहीं कर सकता।

' वाह, मेरे प्यारे मासूम पौधे! तुमने क्या बात कही है!' कहकर मैं जोर जोर से ताली बजाने लगा और अचानक मेरी नींद खुल गई।

घड़ी देखी तो सुबह के पांच बज रहे थे। मैं बिस्तर से निकलकर सीधे बालकनी पहुंचा। गमले में लगे अपने उस प्यारे मासूम पौधे को गले से  लगा लिया।

ये इन्सां सबसे ऊपर है!!

ये इन्सां सबसे ऊपर हैं!!

खुद घर में रहकर करें विश्राम,
बाहर की हवा अभी ठीक नहीं,
घर का मौसम गुलजार करें,
बाहर का मौसम अभी ठीक नहीं!

अपनों को छोड़ जो बाहर हैं,
उन अपनों को भी याद करें,
दिन रात उनके लिए दुआ करें,
वे डाक्टर, पुलिस, सफाई वाले हैं,
ये कर्मवीर मतवाले हैं,
हम सबके रखवाले हैं,
जिनकी सेवा सब से बेहतर है!
ये इन्सां सबसे ऊपर है!

बस दुआ की इन्हें जरूरत है!
दिन में एक बार तो दुआ करें,
ये जहां मिलें, इन्हें प्यार करें,
दिल से इन्हें  हम करें सलाम,
खुद घर में रहकर करें विश्राम,
बाहर की हवा अभी ठीक नहीं,
घर का मौसम गुलजार करें,
बाहर का मौसम अभी ठीक नहीं!