उसका नाम था, मोहन । वह दिन रात ईश्वर की भक्ति में लगा रहता। लेकिन यह सिर्फ लोगों को दिखाने के लिए था। वह दिन भर यह दिखाने की कोशिश में रहता कि वह भगवान का बहुत बड़ा भक्त है। उसे न अपने घर के किसी कार्य से मतलब था, न ही अपने आसपास के लोगों से, प्रकृति से कोई मतलब था।
जबकि उसकी पत्नी दिन भर अपने काम में लगी रहती। काम करते हुए गीत गाना, गुनगुना उसका स्वभाव था।
सुबह सुबह वह अपने पौधों को पानी देती, तो गुनगुनाती। अपने घर के बाहर झाड़ू लगाती, तो गुनगुनाती। आसपास के लोगों से बातें करती, तो मुस्कुराती। खाना बनाते हुए, गाना गाती। बच्चों के साथ रहते हुए, पति की सेवा करते हुए भी उसका गाना, गुनगुनाना और मुस्कुराना जारी रहता। यानी उसका हर काम गाते, गुनगुनाते, मुस्कुराते ही होता था। दिन भर वह अपने कामों में व्यस्त रहते हुए भी सदा खुश रहती।
लेकिन पति उससे खुश नहीं था। वह बार बार पत्नी को टोकता, ' तुम्हारे गीत गाते रहने से मुझे परेशानी होती है। मैं भगवान की पूजा में एकाग्र ( Concentrate ) नहीं हो पाता। तुम अपना यह नाटक बंद करो, ताकि मैं प्रभु वंदना ठीक से कर सकूं।'
पर वह महिला अपने व्यवहार को बदल न सकी। बल्कि उसके गीतों का स्वर और तेज हो गया। अब तो नींद में भी उस महिला के होंठों से सुस्वर मीठे गीत निकलते।
आखिरकार मोहन यह शिकायत लेकर अपने गुरु के पास पहुंच गया। उन्हें सारी बातें बताई। गुरु प्रज्ञावान थे। वे सारी बातें समझ गए। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, ' ठीक है, कल सुबह 4 बजे मैं तुम्हारे घर आऊंगा और तुम्हारी पत्नी को समझाने का प्रयत्न करूंगा।'
मोहन खुशी खुशी अपने घर पहुंचा। उसने पत्नी से कहा, ' कल मेरे गुरुदेव आ रहे हैं। उनकी आवभगत जरा ठीक से करना। और हां, जरा अपनी चोंच को बंद रखना। वे तुम्हें ही समझाने आ रहे हैं।'
पत्नी ने मुस्कुराते हूंए सारी बातें सुन ली।
उस दिन मोहन सुबह के तीन बजे ही उठ गया। नहाधो कर पूजा पर बैठ गया। जैसे जैसे समय आगे बढ़ता जा रहा था, उसकी बेचैनी बढ़ती जा रही थी। ' पता नहीं गुरुदेव कब आएंगे? आएंगे भी या नहीं?' वह बार बार खिड़की से मुंह निकाल कर पत्नी से पूछता, ' गुरु जी आ रहे हैं? देखना जरा, गुरु जी आते हुए दिखाई दे रहे हैं?'
लेकिन पत्नी बेचैन नहीं थी। उसके दैनिक कार्यों में कोई परिवर्तन नहीं था। वह अन्य दिनों की भांति गुनगुनाती हुए उठी। गुनगुनाते हुए अपने पेड़ पौधों से बातें कीं, पानी दिया। और फिर गाते हुए अपने घर के बाहर झाड़ू देने लगी।
तभी गुरु जी आ गए। पत्नी भागकर गई। कुर्सी लेकर आई। पानी लेकर आई। गुरु जी के पैर धोकर आशीर्वाद लिए। ये सारे कार्य मोहन खिड़की से झांकते हुए देख रहा था। उसने जोर जोर से पाठ करना शुरू कर दिया, ताकि गुरु तक उसकी आवाज पहुंच सके।
गुरु जी ने पूछा, ' मोहन कहां है? '
पत्नी ने कहा, ' वे तो अभी अभी अपनी चप्पल ठीक कराने बाहर गए हैं। '
यह सुनते ही मोहन अपने कमरे से भागता हुआ बाहर आया। चिल्लाते हुए बोला, ' देखा न गुरु जी, मैं न कहता था मेरी पत्नी मुझे परेशान करने के लिए कुछ भी कर सकती है। अब देखिए, मैं घर में बैठा पूजा कर रहा हूं और आपसे कह दिया कि मैं बाहर गया हूं। अब बताइए, इतना बड़ा झूठ कौन बोल सकता है?'
गुरु जी ने कहा, ' शांत हो जाओ, मोहन! मैं ने सबकुछ अपनी आंखों से देख लिया। अब तुम्हें कुछ भी बताने की जरूरत नहीं।
और जो मैं ने देखा, उसमें दोषी तुम हो। तुम्हारी पत्नी नहीं। मैं जब यहां पहुंचा तो तुम्हारी पत्नी अपने नित्यकर्म में अन्य दिनों की भांति ही तल्लीनता से लगी हुई थी। क्योंकि उसमें बनावटीपन, दिखावा नहीं था। लेकिन तुममें बेचैनी थी। इस दिखावे की बेचैनी कि तुम पूजा पाठ में व्यस्त हो। यही कारण था कि मेरे आते ही तुम्हारा स्वर ऊंचा हो गया।
तुम्हारी पत्नी ने जानबूझकर झूठ बोला कि तुम घर पर नहीं हो। पर तुम तो पूजा कर रहे थे। तुम्हारे कानों तक यह आवाज पहुंची कैसे? जो तुम भागते हुए बाहर आ गए।
आज जो मैंने देखा, उसके आधार पर मैं यह कह सकता हूं कि भगवान की असली भक्ति तुम्हारी पत्नी कर रही है। तुम नहीं। क्योंकि वह जो भी कार्य करती है, उसमें समर्पण है, तल्लीनता और एकाग्रता है।
मोहन, एकाग्रता बाहर से आने वाली कोई चीज नहीं। यह तो मन पर नियंत्रण का विषय है। और जिसने अंदर मन पर नियंत्रण कर लिया, उसे बाहरी हलचल, शोरगुल कभी प्रभावित नहीं कर सकते।
तुम अपनी ही पत्नी को देख लो। क्या उसे आसपास के वातावरण, बाहरी दुनिया प्रभावित नहीं करती होंगी? जरूर करती होंगी। फिर भी वह अपना हर कार्य गीत गाते हुए, गुनगुनाते हुए करती हैं, खुशी खुशी करती है। और जिसकी आत्मा खुश है, उससे परमात्मा भी खुश रहते हैं। क्योंकि ऐसे लोग अपनी खुशियां ईश्वर की बनाई हुई पूरी प्रकृति में बांट देते हैं।
मुझे तो लगता है, तुम्हारे दिन रात की ईश्वर भक्ति व्यर्थ है, दिखावा है। यदि सीखना हो तो पहले गाना सीखो, मुस्कुराना सीखो। हर चीज से प्रेम करना सीखो। यदि ईश्वर की बनाई चीजों से प्रेम करने लगे, तो ईश्वर से अपने आप प्रेम हो जाएगा। और ईश्वर से प्रेम ही तो सच्चे अर्थों में भक्ति है, पूजा है।'
उस दिन मोहन की आंखें खुल गईं। उसे पूजा का, भक्ति का वास्तविक अर्थ का पता चल गया।