Monday, May 24, 2021

कभी झूठ नहीं बोलता था...

एक आदमी ने देखा कि कुछ बच्चे एक पिल्ले के चारों ओर घेरा बनाकर बैठे हैं. उसने उन बच्चों से पूछा, तुम सब इस पिल्ले के साथ क्या कर रहे हो?

एक बच्चे ने कहा, हम खेल रहे हैं कि जो भी सबसे बड़ा झूठ बोलेगा, पिल्ला उसका हो जाएगा.

" ओह," उस आदमी ने कहा, बड़े शर्म की बात है. जब मैं तुम्हारे जितना छोटा था तो कभी झूठ नहीं बोलता था."

इस बात पर वहां सन्नाटा छा गया. एक बच्चे ने धीरे से कहा, " ठीक है. अब पिल्ला इन्हें दे दो."

बड़ी मुसीबत : कोरोना : छोटी मुसीबत

आज कोरोंना संकट से विश्व के साथ साथ हमारा समाज, हमारा राष्ट्र भी जूझ रहा है। यह वैश्विक संकट, आपदा दुखद है। पर बहुत जल्द हम इस संकट से मुक्ति‌ पा लेंगे। हम सभी जानते ‌हैं कि‌ जीवन में आए दुख और सुख ठहरते नहीं। जैसे सुख के बाद, दुख का आना तय है, वैसे ही दुख के‌ बाद सुख का आना। इसीलिए ऐसी मुसीबतों, आपदाओं से डरना, दुखी या निराश होना खुद को कमजोर करना है। 

यदि इन क्षणों में आप अपने व्यक्तिगत जीवन के पहिए को घुमा कर देखें तो जीवन में कई बार विपरीत परिस्थितियां आई होंगी। इससे भी बड़ी मुसीबतें आई होंगी और आपने मजबूती से उस का सामना किया होगा। आज उससे अलग क्या है? सोचकर देखिए!  इस मुसीबत को छोटा करने के लिए, आप अपनी जिंदगी की उससे बड़ी‌ मुसीबत की रेखा खींच दीजिए...जो आपकी जिंदगी में कभी तूफान की तरह आकर चली 
गई हो! 

दो तीन दिन पहले ऐसे ही एक पुलिस वाले मित्र से मुलाकात हो गई। बातचीत चली तो‌ मैं ने पूछ लिया, ' आज की परिस्थितियों ‌में काम करते हुए डर नहीं लगता?'

उसने कहा, ' कोरोना एक बीमारी‌ है, जिसकी दवा न होने के बावजूद सोशल डिस्टैंसिंग, क्वरैंटाइन और आइसोलेट होकर हम बच‌ सकते हैं।
लेकिन पुुुलिस की अपनी ड्यूटी करते हुए दिन रात मैं चोर, लुटेरे और  हत्यारे जैसे कोरोनाओं का सामना करता रहा हूं। कोरोना से लड़ते हुए यह पता है कि हमारा दुश्मन कौन और कितना ख़तरनाक है, पर उन कोरोनाओं का तो बिलकुल पता नहीं। हल्की सी चूक हुई और सब कुछ खत्म! तो अब इन छोटे मोटे कोरोनाओं से बिल्कुल डर नहीं लगता। 

जिन बड़ी‌ मुसीबतों को उसने करीब से देखा, के बारे में सोचते ही कोरोना जैसी मुसीबत उसे बहुत छोटी लगती है। और यही एहसास उस पर भय को हावी‌ होने नहीं देता। हमारी जिंदगी की मुसीबतें, किसी भी कोरोना के आगे कम नहीं। फिर डरना क्यों?

सकारात्मक रहिए! समाचार से बहुत भला‌ होने वाला नहीं, इसलिए कम समाचार देखिए, कम समाचार पढ़िए! हल्की फुल्की कहानियां, कविताएं, जोक्स, संस्मरण पढ़िए, पढ़ाइए! पति, पत्नी, बच्चों से टास्क लीजिए, टास्क दीजिए। सब मिलकर इनडोर गेम्स खेलिए। पति या पत्नी से नहीं, हो सके तो बच्चों से लड़िए और हार जाइए। ध्यान रखिए,  बच्चों से हारने में भी आप खुश होंगे और बच्चे तो...! वक्त बेशक साथ ‌नहीं, पर पास तो है! एंज्वाय करिए!!

आईना और अकेला उत्सव

सबको असली चेहरे का,
का वह रंग दिखा देता है!
झूठ देखता रहता है खुद,
पर सच दिखा देता है,
इसके बगैर इक पल भी
रह नहीं सकते हैं,
हम सभी इस शीशे को
आईना भी कहते हैं!

*********************

अकेला उत्सव

मौसम के मिजाज को देखकर, 
हसरतों को दबा रहे है।
मिलना हुआ है मुश्किल,, 
हर उत्सव अकेले मना रहे हैं!

**********************




हालात

दरवाजे पर दस्तक हुई. डाक्टर एज ने दरवाजा खोला. बाहर वही रोबोट खड़ा था, लेनोलैप्पी. भूरी आंखों वाला वह रोबोट आकर्षक और सुंदर था. इसे एज के वैज्ञानिक मित्र डा. एवी ने भेजा था, उनकी सहायता के लिए.

डाक्टर एज और डाक्टर एवी किड्स रिसर्च सैंटर में वैज्ञानिक थे. वे दोनों अभी बच्चों के मैंटल डेवलपमेंट के लिए एक नई खोज पर काम कर रहे थे, जो सीआरसी यानी चाइल्ड रिसर्च सैंटर का प्रोजैक्ट था।  इन के पास समय कम था और काम अधिक. एवी सीनियर साइंटिस्ट थे. उन्हें रिसर्च सैंटर से अच्छी सैलरी के अलावा और भी कई सुविधाएं मिल रही थीं. उनकी आर्थिक स्थिति अच्छी थी, इसलिए उन्होंने अपने पैसों से घर पर भी एक छोटी सी लैबोरेटरी बना रखी थी. जहां वह रिसर्च से संबंधित कई काम कर लेते थे.  

डाक्टर एज के साथ ऐसा नहीं था। एज की सैलरी भी कम थी और अभी कोई सुविधा भी नहीं मिल रही थी। जिसकी वजह से उनके आर्थिक हालात ठीक नहीं थे। हालांकि अपने सीमित साधनों में भी वे बहुत मेहनत से काम कर रहे थे।  पर कम समय में अधिक काम हो, इसके लिए उन्हें भी एक छोटी सी लैब की जरूरत थी. पर उके आर्थिक हाालात इसकी इजाजत नहीं दे रहे थे.

एक दिन डा. एवी ने कहा," डा. एज, यू आर एफिसिएंट, बट हमें काम में और तेजी
लाने की आवश्यकता है."

" यस यू आर राइट मिस्टर एवी, बट व्हाट आई कैन डू. आप मेरी हालत से अच्छी
तरह परिचित हैं," कह कर एज चुप हो गए।

एवी ने मुसकराते हुए कहा, " तो आपको घर पर भी एक छोटी लैब चाहिए. हूं, एम आई राईट?"

" शायद," एज ने धीरे से कहा.

"ओके, डौंट वौरी," एवी ने मुसकराते हुए कहा," तो फिर मैं आपके लिए एक रोबोट मंगवाता हूं, लैनोलैप्पी."

"लैनोलैप्पी?" एज ने थोड़ा हैरान से पूछा.

"हां, डा. एज, लैनोलैप्पी है तो एक रोबोट, पर वह एक चलता फिरता लैब है. आप के काम में यह पूरा सहयोग करेगा."

आज वही रोबोट सामने खड़ा था. एज उसे अंदर आने देने से पहले कुछ देर और सोचना
चाहता था. इसे अंदर आने दूं या नहीं? उनके मन में कई तरह के सवाल उमड़ घुनड़ रहे थे.

वे सोच रहे थेे कि अपनी सहायता के लिए किसी और की सहायता लूं कि नहीं? क्या इन्हीं
हालातों में रह कर इस रिसर्च को पूरा नहीं किया जा सकता? यह दूसरे की अमानत होगी,
मैं संभाल पाऊंगा? इतना महंगा रोबोट? रोबोट का कुछ भलाबुरा हो गया तो?  यह मेरा रोबोट तो होगा नहीं...

"हैलो, डा. एज, मे आई कम इन?" अचानक रोबोट की तेज आवाज आई तो एज चौंक गए.

" य...स," एज ने चौंकते हुए कहा.

वह रोबोट धीरे धीरे चलते हुए घर के अंदर आ गया. एज भी उसके पीछे दरवाजा बंद कर
अंदर आ गए.

रोबोट देखते ही बच्चे चिल्ला पड़े, " वाऊ, रोबोट." बच्चे बहुत खुश थे.

" न...छूना मत. यह रोबोट डा. एवी का है. मेरी सहायता के लिए आया है," एज ने मुरझाए
हुए शब्दों में कहा.

तभी छोटी बेटी किड्डी ने उसका एक बटन दबा दिया.

"हाय किड्डी," रोबोट से आवाज आई. और उसने अपना हाथ आगे बढा दिया.

किड्डी ने अभी अपना हाथ आगे बढाया ही था कि एज की पत्नी तेजी से किचन से निकल कर आईं. किड्डी का हाथ पकड़ कर दूसरे कमरे में ले गईं. 

किड्डी को समझाते हुए कहा, " नहीं, बिलकुल नहीं, बेटा यह अपना रोबोट नहीं है. यह पापा के दोस्त डा. एवी का है. तुम तो अच्छे बच्चे हो. तुम्हें पता है न कि दूसरों की चीजें..."

पत्नी किड्डी को समझाती जा रहीं थीं. पर किड्डी मानने को तैयार नहीं थी.

"तड़ाक..." शायद पत्नी ने किड्डी को चांटा मार दिया था. दूसरे कमरे से किड्डी के रोने की आवाज आ रही थी.

एज स्तब्ध था. यह कैसी खुशी थी, जो अपनी नहीं थी. एज खुश नहीं थे। आंखें डबडबा गईं थीं अपने हालात पर।  वे सोच रहे थे कि काश यह रोबोट अपना होता, तो किड्डी को छूने से कोई मना तो नहीं करता...असमंजस में कब नींद आ गई, उन्हें पता ही नहीं चला.

सुबह जागे, तो एवी का मैसेज था," आर यू हैप्पी, एज?"

" यस हैप्पी, औल आर हैप्पी हेयर." उन्होंने बेड पर पलट कर देखा तो किड्डी सो रही थी.

उसकी मासूम आंखों के जायज आंसू गालों पर लुढक कर सो चुके थे. हालात से उपजे उसके सूखे आंसुओं को उन्होंने टटोला और बेड से उतर कर बाथरूम की ओर बढ गए.

Wednesday, September 11, 2019

अच्छ लगा कि...


कुछ दिनों पहले हमारे एक मित्र ने हमारे महल्ले में सात -आठ वर्षों से होने वाले  'भागवत कथा' के बारे में बताया। वे सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं और इस कार्यक्रम के संयोजक भी हैं। राजनीतिक लोगों तक भी इनकी पहुंच है। इन्हीं महाशय से मैंने महल्ले में बच्चों की लाइब्रेरी के बारे में कहा था, जो आज तक संभव नहीं हो पाया। मुझे इनकी मजबूरियों का पता है। खैर!

भागवत कथा आयोजन के बारे में जानकर खुशी हुई। पर तत्काल दिमाग में बच्चे आ गए और एक योजना भी कि इस कथा से बच्चों को कैसे जोड़ा जाए!

डरते हुए मैंने अपनी जिज्ञासा उस महोदय से शेयर की ! उन्होंने कहा, 'आप योजना बताएं? '

मैंने कहा, 'कथा में महिलाओं के साथ बच्चे भी आते होंगे। आप पहले दिन यह घोषणा  करवा दें कि हर बच्चा पहले दिन से कथा सुनें और अंतिम दिन अपना नाम देकर मंच पर बोलने का मौका पाएं! आप या तो सुनी हुई बातों पर बोलें या फिर उससे संबंधित किसी भी विषय पर जो चाहें बोलें! अच्छा बोलने वाले बच्चे को पुरस्कृत किया जाएगा! इस वर्ष तो नहीं, लेकिन अगले वर्ष भगवत्कृपा रही, सबकुछ ठीक रहा तो मैं प्रथम तीन बच्चों को पुरस्कार दूंगा। '

वे महोदय बहुत खुश हुए! हालांकि मुझे यकीन नहीं था कि ऐसा होगा।

बात आई गई, हो गई!  लेकिन कल शाम जब दूध लेने निकला तो कानों में लाउडस्पीकर की आवाज आई। बच्चों के नाम एनाउंस हो रहे थे।  मैं उस यज्ञ स्थल पर नहीं था। पर जहां था, वहीं एक कोने में खड़ा होकर यज्ञ स्थल से लाउडस्पीकर की आती आवाज को सुनने लगा।

बच्चों के नाम एनाउंस हो रहे थे और बच्चे मंच पर आकर कुछ न कुछ बोल रहे थे। मैं जानता था कि बच्चों ने आज मंच पर बोलने के लिए कितनी मेहनत की होगी, कितना सोचा होगा, खुद में कितना आत्मविश्वास पैदा किया होगा। बच्चों को मोबाइल और टीवी से हटाकर समाज से जोड़ने का इससे अच्छा कोई तरीका नहीं हो सकता। मैं यह मानता हूं कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समाज के हर इवैंट से बच्चों को जोड़ना बहुत जरूरी है। 

मन बहुत खुश था। सच कहूं तो मैं अंदर से नाच रहा था। लगभग तीस से चालीस मिनट मैं एक जगह निश्चल खड़ा होकर बच्चों की बातें सुनता रहा। मैं बुदबुदाया, वाह, शानदार!  दिल ने उन बच्चों की मेहनत को दूर से ही नमस्कार किया और मेरी बातों को एक मुकाम देने के लिए उस महोदय को प्रणाम।

घर आकर मैं ने उस महोदय को धन्यवाद देते हुए एक छोटा सा संदेश लिखा, ' अच्छा लगा कि...