खुश रहने के राज क्या हैं?
आज के तनावपूर्ण माहौल में हर कोई खुश रहना चाहता है। खुशी चाहता है। यह स्वाभाविक भी है। और यह होना भी चाहिए। लेकिन अक्सर इन खुशियों के पीछे भागते हुए जाने या अनजाने हम चीजों को पकड़ने की, बांधने की कोशिश करते हैं। पर वे चीजें नहीं बंधती, हम स्वयं बंध जाते हैं। अंततः हमारे हाथ खुशियों के बजाय दुख के डोर आ जाते हैं।
दरअसल, हम जिन चीजों को जितनी शिद्दत से मुट्ठी में बांधने की कोशिश करेंगे। वे हमसे उतनी ही दूर चली जाएंगी। हमारे पास वही चीजें ठहरती हैं, जिन्हें हम छोड़ना जानते हैं। खुश वही रह सकता है, जो छोड़ना जानता है। ये बातें अजीब लगती हैं। पर समझकर देखिए!
हम प्रकृति से बने हैं। कभी प्रकृति को गौर से देखिए। एक पेड़ अपने फूल और फलों को छोड़ना जानता है। नदियां पानी को समेटने का प्रयास नहीं करतीं। सूरज और चंद्रमा यह जानते हुए भी कि हमें डूबना है। कभी अपने प्रकाश को रोकने का प्रयास नहीं करते। क्या प्रकृति की इन चीजों को कभी उदास या निराश देखा है?
हमें भारी भरकम जहाज से उड़ने में भी डर लगता है। यह जानते हुए भी कि उसमें हमारी सुरक्षा की पर्व्ययाप्त व्यवस्था है। पर पक्षियों को देखिए। वह आकाश में निडरता से उड़ता है। उसकी निर्भीकता के कारण क्या हैं?
पक्षियों ने अपने आपको, अपने पंखों को बांधकर रखने का प्रयास नहीं किया। उसने डर को केवल छोड़ा ही नहीं, बल्कि स्वयं को भी आकाश के हवाले कर दिया। और पक्षी कभी उदास नहीं दिखाई देते।
बंजारों के बारे में तो सुना होगा। इन का कोई ठौर ठिकाना नहीं होता। जहां रुकते हैं, अपना तंबू लगाते हैं और दूसरे तीसरे दिन वहां से विदा हो जाते हैं। आज भी ये बंजारे या इनसे मिलता-जुलता समाज है। सड़क किनारे तंबू लगाए ऐसे समाज के लोगों को देखा होगा। ये लोग बिना किसी पहचान के, बिना स्थायी मकान के रहते हैं।
ऐसे लोगों से मौका मिले तो मिलिए। ये आपको हंसते, खेलते, गुनगुनाते ही मिलेंगे। क्यों? क्योंकि ये किसी बात के, किसी वक्त के, किसी समय, परिस्थिति, जगह, जमीन या व्यक्ति के गुलाम बनकर नहीं रहते। ये इन्हें छोड़ना जानते हैं। और ये खुश हैं।
अपने आसपास या अपने घर के ही किसी सफल व्यक्ति की सफलता की वजह का सूक्ष्मता से निरीक्षण कीजिए। आप पाएंगे कि ऐसे लोगों ने बहुत कुछ छोड़ा है। उसने छोड़ना सीख लिया, इसलिए वे सफल हैं।
बचपन से घर, परिवार, माता पिता से चिपटे रहने वाले बच्चों की सफलता संदिग्ध हो जाती है। कभी अपने बच्चों के ही सफल या असफल होने के कारणों को समझिए। यदि वह असफल है तो किसी चीज के बंधन में है। यदि वह सफल है, तो उसने बहुत कुछ छोड़ा है। वह बंधन से मुक्त है, आजाद है। चूंकि वह छोड़ने में खुश है इसलिए सफल है।
ओशो ने कहा है, " खोजना कम है, खोना ज्यादा है। बीज स्वयं को खोकर वृक्ष बनता है, और बूंद सागर। हम अक्सर सुख की खोज में रहते हैं। दुख से दूर भागते हैं। पर कभी सुख को छोड़कर देखिए, दुख को जागकर देखिए। जो दुख को भी जाग कर देखेगा उन्हें ये चीजें प्रभावित नहीं कर सकतीं। पर हर वक्त सुख की तलाश में रहने वाला व्यक्ति थोड़े से दुख के आने से भी घबड़ा जाता है। "
बुद्ध, महावीर राजघराने से थे। लेकिन उन्होंने राजपाट छोड़ दिया और सुखी हो गए। ऐसे बहुत से उदाहरण मिल जाएंगे।
यह सच है कि हम इन्सान हैं, तो हमारा स्वभाव, प्रवृतियां और आदतें इन्सानों की तरह ही होंगी। हम भी खुश रहना चाहते हैं। यह स्वाभाविक है। लेकिन इसके लिए हमारी हिम्मत, हमारी स्वीकृति छोड़ने की हो। छोटी छोटी सामान्य सी बातों को भी हम पकड़ कर बैठ जाते हैं। जो हमारे दुख, हमारी मुसीबत का कारण बनती हैं।
हमें स्वयं को विकारों, भारों से दबाकर रखने की आदत हो गई है। खुश रहने के लिए हमें निर्विकार, निर्भार होने की जरूरत है। ये बातें गैर व्यवहारिक होते हुए भी सच के बहुत करीब है।
यदि हमने छोड़ना सीख लिया। हर बातों से मुक्त और आजाद रहना अपने व्यवहार में शामिल कर लिया तो यह तय है कि हम दुखी नहीं हो सकते। हम खुशी के बहुत पास होते हैं।
तो खुश रहने के लिए छोड़ना सीखिए! और खुश रहिए!