पिछले वर्ष के लौकडाउन में मैंने अपनी हाइट से संबंधित पीड़ा को व्यंग के रूप में व्यक्त किया था। हालांकि व्यंग्यकार नहीं हूं। बस लेखन के हर विधाओं को चैलेंज की तरह लेकर लिखने का प्रयास करता हूं। लेकिन पहले भाग को लोगों ने बहुत पसंद किया था।
यह सच है कि लोग सच को सुनना, पढ़ना पसंद करते हैं। इसलिए मेरी हाइट और उससे संबंधित आंशिक सच्चाई का दूसरा भाग तैयार है। जिसे शेयर कर रहा हूं।
पहले भाग को पढ़ने वाले सभी पाठकों को मेरी हाइट का अंदाजा हो गया होगा। मेरी हाइट एवरेज से भी कम है। और दुबला पतला तो ऐसा हूं कि कभी बगल से तेज रफ़्तार बाइक गुजर जाती है तो उस हवा के साथ दो चार मीटर आगे तो निकल ही जाता हूं। इसी डर से बाइक तो छोड़िए, साइकिल तक से परहेज़ करता हूं।
एक बार तो ऐसा सपना भी देख लिया कि बस पूछिए मत। सपने में देखा कि एक नई बुल्लेट खरीद कर लाया और स्टार्ट कर औफिस के लिए निकला। कुछ देर बाद पता चला कि मैं तो वहीं खड़ा रह गया, जहां था। बुल्लेट औफिस पहुंच गया। जब नींद खुली, तो मैं हंसते हंसते लोटपोट होने लगा। पत्नी ने डांटा तो मुंह दबाकर एक कोने में दुबक गया।
एक बार तो इससे भी अधिक मजेदार बात हो गई। बाजार में कुछ सामान लेना था। सामान लेकर मैं ने एक रिक्शा रुकवाया। मैं सामान रखकर रिक्से पर बैठ गया। अभी रिक्सा आगे बढ़ता कि एक मित्र ने आवाज लगाई और मैं रिक्से से उतर कर उनसे बातें करने लगा। बातचीत के बाद पलट कर देखा तो रिक्शावाला गायब। मैं हैरान, परेशान। अब क्या करूं? रिक्सा वाला भी गया और सामान भी।
अभी कुछ समझ पाता कि वह रिक्सा वाला दूर से आता दिखा। गुस्सा तो बहुत आ रहा था। पर मेरे कुछ बोलने से पहले वह रिक्सा वाला बोल पड़ा, ' साहब, अपना कुछ वेट बढ़ाइए। आप रिक्से पर बैठ कर, उतर भी गए। और मुझे पता भी नहीं चला। वह तो अगले मोड़ पर जब रिक्से को मोड़ा तो पीछे नजर पड़ गई। आप गायब थे...'
मेरा चेहरा देखने से तो आप उम्र का पता लगा सकते हैं। पर वैसे आप 15-16 वर्ष से अधिक का नहीं कह सकते। इसके कई फायदे हुए तो नुकसान भी कम नहीं हुआ।
मैट्रो या बस में कई बार लोग बच्चा समझकर सीटें दे देते हैं।। लेकिन जब उन्हें समझ आता है कि यह बच्चा नहीं, यह तो चच्चा है। तो सीटें देने के बाद धकिया कर उठा भी देते हैं। सीटें मिलने का आनंद जब तक महसूस करता हूं, तब तक धकिया कर उठाए जाने की दुखद स्थिति आ जाती है।
अब तो मैं ने अपने फिजिकल स्टेटस की वजह से गुस्सा करना भी छोड़ दिया है। चूंकि घर वालो को थोड़ा मेरे ओहदे का ख्याल है इसलिए कभी कभी मजाक - मजाक में उन पर ही गुस्से का शौक निकाल लेता हूं। वे भी अब सीरियसली नहीं लेते। बल्कि जिन बच्चों को मैं उंगली पकड़कर कभी टहलाता था। वे अब मेरे साथ कहीं जाने से कतराते हैं।
कुछ दिनों पहले की ही बात है। भतीजे के साथ पैदल ही नजदीक के बाजार की ओर निकला। हम सभी के चेहरे पर मास्क थे। रास्ते में उसका एक दोस्त मिल गया। मेरी ओर देखते हुए उसके दोस्त ने कहा, ' अरे यार, अभी इस हालात में इस बच्चे को लेकर कहां जा रहे हो?'
भतीजा मेरी ओर देख रहा था। मैंने अपने मास्क को थोड़ा और ऊपर खींच लिया। अब मेरे उस भतीजे का जवाब सुनिए, जो 8-10 साल पहले तक मेरी उंगलियां पकड़ कर घूमने निकलता था। भतीजे ने कहा, ' हां, बहुत जिद्दी बच्चा है। किसी की सुनता ही नहीं।' इस घटना के बाद से मेरे साथ बच्चे कहीं जाना नहीं चाहते। कहते हैं शर्म आती है।
अब बहुत पुरानी बात बताता हूं। उस समय दिल्ली में डीटीसी की खटारा बसें चला करती थीं। पुरानी बसों में ऊपर पकड़ने वाली हैंडिल की ऊंचाई बहुत अधिक होती थी और अपनी हाइट की वजह से उस हैंडिल तक नहीं पहुंच पाता था। परिणाम स्वरूप कई बार खुद ही दब जाता था। तो कई बार लोगों द्वारा दबा दिया जाता था।
कई बार बस से उतरते उतरते दो तीन स्टैंड आगे भी निकल जाता था। पर हर जगह कुछ बुरे तो कुछ अच्छे लोग भी मिल जाते हैं। उन अच्छे लोगों ने बड़ी मुश्किल से कई बार मुझे उस भीड़ से बाहर भी निकाला। लेकिन उतारते हुए वे अच्छी अच्छी टिप्पणी भी चिपका देते थे कि पता नहीं कैसे कैसे मां बाप हैं? इतनी भीड़ में भी बच्चे को अकेला छोड़ देते हैं।
मुझे यह सुनते हुए अच्छा तो नहीं लगता था लेकिन वे लोग जिस भीड़ से मुझे निकाल लेते थे। उस में दबने से तो अच्छा था कि उन अच्छे लोगों की बातें ही सुन ली जाए।
मैं ने यह भी महसूस किया कि मेरी हाइट के बारे में मुझसे अधिक कुछ अन्य लोग चिंतित रहते थे। एक बार किसी ने मुझे सलाह दी कि यदि हाइट बढ़ानी हो तो सुबह सुबह किसी पेड़ से लटक कर थोड़ा एक्सरसाइज कर लिया कऱो।
मैं किसी की सलाह पर न सिर्फ जल्दी यकीन कर लेता हूं बल्कि अमल भी करने का प्रयास करता हूं। बस एक दिन सुबह सुबह पार्क की ओर निकल गया। अभी एक पेड़ की टहनी से लटका ही था कि पीछे से खिलखिलाने की आवाज आई।
मैं ने पलट कर देखा तो वह एक पहलवान जैसा व्यक्ति मुझे ही देखकर हंस रहा था। उसने इशारे से मुझे पास बुलाया।
' क्यों भई, हाथ पैर तुड़वाने का इरादा है के? इस उम्र में लटक रहा है, ऐं। तू जैसे कर रहा है न, ऐसे में तेरा हाथ टहनी में लटका रहा जाएगा और तू नीचे चला आएगा। समझा?' उसने पहलवानी वाले रौब में कहा।
उस दिन के बाद मैं ने कभी पार्क की ओर मुड़कर नहीं देखा। और उसी दिन इस बात का भी एहसास हुआ कि मेरे बारे में मैं खुद इतना नहीं सोचता, जितना कि लोग सोचते हैं।
एक दिन बिना कुछ सोचे-समझे मूवी देखने निकल पड़ा। टिकट खिड़की थोड़ी ऊंची थी। टिकट लेने के लिए किसी तरह हाथ को अंदर पहुंचाया, तो टिकट क्लर्क ने हाथ झटक दिया। न उसका चेहरा मुझे दिखाई दे रहा था, न मेरा उसे। मैं ने किसी तरह दोबारा हाथ अंदर किया, तो उसने फिर से हाथ झटक दिया। मैं परेशान हो गया। मैं ने खिड़की से लटक कर पूछा, ' भाई साहब, क्या दिक्कत है? टिकट क्यों नहीं दे रहे?'
उसने कहा, ' बेटे, यह फिल्म बच्चों के लिए नहीं है।'
तकलीफ तो हुई। पर अपने लिए बेटे जैसे संबोधन अक्सर सुनने की वजह से उतनी तकलीफ नहीं हुई।
अक्सर बसों में, मैट्रो में सातवीं आठवीं क्लास के बच्चे भी पीछे से कह देते हैं, ' बेटे, जरा साइड हो जा। मुझे आगे निकलने दे।' और मैं उन्हें साइड दे देता हूं।
जीवन के इन कड़वे अनुभवों के बीच भी मुझे बच्चों के बीच रहना, बचपन के साथ रहना अच्छा लगता है। क्योंकि बच्चे अपने बीच, अपने जैसे ही ही किसी इंसान को देख बहुत खुश होते हैं। और बच्चों को खुश देखकर मैं बहुत-बहुत खुश हो जाता हूं। यदि मेरे इन संस्मरणों को पढ़कर पाठकों को भी खुशी हुई हो, तो खुश हो लीजिए। हर्ज क्या है? आप खुश होंगे, तो मुझे भी खुशी मिलेगी।