अब हमें प्रतीक्षा रहती है बाबूजी के जन्मदिन की यानी 17 जनवरी की। और सुखद बात यह है कि हम लोगों से अधिक हमारे बच्चों को प्रतीक्षा रहती है, दादाजी के जन्मदिन की। दीदी के बच्चे यानी नाती नातिन तो किसी न किसी माध्यम से उपहार तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं। बच्चों का उनके प्रति यह निश्छल प्रेम उनकी सबसे बड़ी ताकत है।
कल एक बहुत बड़े व्यक्ति जो एक सफल उद्यमी भी थे की जीवनी पढ रहा था। उस व्यक्ति से किसी ने एक बार पूछा कि एक सफल व्यक्ति की पहचान क्या होती है ? तो उस व्यक्ति का उत्तर था जिस व्यक्ति का बुढापा सुखद हो, आनंद से गुजरे।
उन का कहना था कि आप अपने अच्छे दिनों में जिस चीज के ऊपर अपनी जिंदगी की ऊर्जा लगाएंगे वही बाद में आप की जरूरत के समय आप की ऊर्जा आप की ताकत बन कर आपके साथ खड़ी होगी। दुर्भाग्य से उस व्यक्ति का बुढापा अच्छा नहीं गुजरा था क्योंकि उन्होंने पूरी जिंदगी बच्चों को बनाने के बजाय रुपए कमाने में लगा दिए। बच्चों ने भी सिर्फ पैसा देखा, कभी पिता का प्रेम नहीं देखा। यहीं कमी रह गई। बच्चे भी कभी पिता से प्रेम नहीं कर पाए।
यह बात समझने की है।
हम ने बाबूजी में सिर्फ प्रेम देखा। उनकी दी गई शिक्षा, संस्कार और नैतिकता को जाना। यह घोषणा करने की चीज नहीं है लेकिन यह कहने में हर्ज भी नहीं है कि जो त्याग उन्होंने हम सभी के लिए किया उसी का परिणाम है कि आज हम सभी और हमारे बच्चे उनसे बहुत करीब हैं ।उनका हम सभी के लिए प्रेम इतना जीवंत और दूरसंवेदी है कि बहुत दूर होकर भी हम सभी उनके प्रेम को बहुत करीब महसूस करते हैं। उनके जन्मदिन पर हमारी और हमारे बच्चों की ओर से ढेरों शुभकामनाएं !
इस अवसर पर मैं अपने परम आदरणीय स्नेहिल चाचाजी नुनु काका को याद करना नहीं भूलता।
वे आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनका पूरे परिवार के प्रति जो प्रेम था वह जेहन में ताजे फूल की तरह है। मैं तो जीवनपर्यंत उनका शिष्य ही रहूंगा क्योंकि वे मेरे सांस्कारिक गुरू थे। संस्कार के मंत्र मुझे उन्होंने ही दिए थे। लेकिन जहां तक मुझे याद है उनका परिवार के बच्चों के प्रति बहुत प्रेम था। परिवार बहुत बड़ा होने के बावजूद वे सभी बच्चों के प्रति समान रूप से चिंतित रहते थे। कौन बच्चा क्या पढ रहा है, कौन बच्चा क्या कर रहा है इस पर उनकी विशेष निगाह रहती थी। परिवार को एकजुट रखने में उनका बहुत बड़ा योगदान था।
हालांकि मैं उस समय छोटा था लेकिन मैं उनके व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित था और बच्चों के प्रति उनका आदर और प्रेम का भाव आज भी मेरे अंदर जीवंत है। आज के दिन अपने प्रिय नुनु काका को भी शत शत नमन!!!