लंच कर औफिस से निकला,
पार्क में चला गया, हवा सर्द थी,
धूप शरमाई थी, फिर भी हम खड़े थे।.
मैंने अपने मित्र से कहा,
ठंड बढ़ गई है, मैं तो कांप रहा हूं,
तभी फड़फड़ाती हुई एक मैना कांपती
हुई सामने ही आकर गिरी,
वह मेरी ओर मुंह उठाकर देखने लगी,
मानो कह रही हो,
ठंड तुम्हें ही नहीं, मुझे भी लग रही है।
मैंने अपना मफलर उतारा,
उस मैना को उसमें लपेट दिया,
गर्माहट मिली तो उसका कांपना,
थरथराना बंद हो गया।
मैं वापस औफिस आ गया,
शाम को फिर पार्क गया,
यह देखने कि मैना, मुनमुन मैना कैसी है?
वहां पहुंचा तो मफलर गायब था,
किसी इंसान ने जानवर को
नंगा कर दिया था,
मैना, मुनमुन मैना फिर से कांप रही थी,
मुनमुन ठगी सी मेरी ओर देख रही थी।
मैंने अपने सिर से टोपी उतारी,
उसके अंदर मुनमुन को बिठा दिया,
घर चला आया।
दूसरे दिन सोचा, पार्क से ही चलूं,
मुनमुन को एक बार देख लूं।
मुनमुन वहीं थी, लेकिन इस बार
टोपी को अपनी चोंच से मजबूती से पकड़ रखा था,
शायद वह समझ गई थी,
जिस चीज पर मेरा अधिकार है,
उसकी रक्षा मुझे खुद करनी होगी,
उसे खुद ही बचाना होगा।
मैं बहुत बहुत खुश था।
मैं उसे देखकर मुस्कुराया और
" बाय बाय मुनमुन...." कह कर
अपने औफिस की ओर चल पड़ा।
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in comment box.