Friday, December 22, 2017

मुनमुन मैना

लंच कर औफिस से निकला,
पार्क में चला गया, हवा सर्द थी,
धूप शरमाई थी, फिर भी हम खड़े थे।.

मैंने अपने मित्र से कहा,
ठंड बढ़ गई है, मैं तो कांप रहा हूं,
तभी फड़फड़ाती हुई एक मैना कांपती
हुई सामने ही आकर गिरी,
वह मेरी ओर मुंह उठाकर देखने लगी,
मानो कह रही हो,
ठंड तुम्हें ही नहीं, मुझे भी लग रही है।

मैंने अपना मफलर उतारा,
उस मैना को उसमें लपेट दिया,
गर्माहट मिली तो उसका कांपना,
थरथराना बंद हो गया।

मैं वापस औफिस आ गया,
शाम को फिर पार्क गया,
यह देखने कि मैना, मुनमुन मैना कैसी है?

वहां पहुंचा तो मफलर गायब था,
किसी इंसान ने जानवर को
नंगा कर दिया था,
मैना, मुनमुन मैना फिर से कांप रही थी,
मुनमुन ठगी सी मेरी ओर देख रही थी।

मैंने अपने सिर से टोपी उतारी,
उसके अंदर मुनमुन को बिठा दिया,
घर चला आया।

दूसरे दिन सोचा, पार्क से ही चलूं,
मुनमुन को एक बार देख लूं।

मुनमुन वहीं थी, लेकिन इस बार
टोपी को अपनी चोंच से                        मजबूती से पकड़ रखा था,
शायद वह समझ गई थी,
जिस चीज पर मेरा अधिकार है,
उसकी रक्षा मुझे खुद करनी होगी,
उसे खुद ही बचाना होगा।

मैं बहुत बहुत खुश था।
मैं उसे देखकर मुस्कुराया और
" बाय बाय मुनमुन...."  कह कर
अपने औफिस की ओर चल पड़ा।

Saturday, December 16, 2017

क्योंकि मैं शायर तो नहीं...

मौन सा, उदास सा,
और थोड़ा नाराज सा,
यह शहर क्यों है?
जानकर भी हर खबर,
यह शहर
बेखबर क्यों है?

Thursday, October 19, 2017

फोर्टिस की दूसरी मंजिल

आज दीवाली है, सभी को बधाई है!

मैं फोर्टिस की दूसरी मंजिल
की एक खिड़की के पास अंधेरे में खड़ा
हूं, अस्पताल की ड्रैस में,
बैड नं 206/1. डैंगू का मरीज।

रौशन होती
बाहर की दुनियां को देख रहा हूं,
अभी बिलकुल अकेला हूं,
समय भी निस्तब्द है,
मुस्कुराते हुए सोचने लगता हूं,
मैं कितनी बुरी तरह बीमार हूं
पर जालिम दुनिया घर बैठ कर
दीवाली मना रही है।

मन ने कहा, मित्र, क्या तुमने कभी
किसी त्योहार पर किसी बीमार के बारे में सोचा है?

'सच कह रहा है मन, मैं ने आज तक
ऐसा नहीं सोचा।'चलो, अभी तो दीवाली ही बीत रही है। आने वाले हर पर्व में एक मरीज के बारे में जरूर सोचूंगा।'

तभी एक रौकेट तेजी से ऊपर की ओर
बढा, बचपन में भैया से कहकर चलवाता था, अब पता नहीं कब...?
आंखें झिलमिलाने लगीं।

' सर, सर आप कहां हैं?' सिस्टर चिल्लाई।

' आ रहा हूं,' मैं ने कहा।

आ कर बिस्तर पर गिरा, मोबाइल हाथ में उठाया, तो  बाबूजी के 7 मिस्स्ड
कौल्स थे। तो क्या बाबूजी से झूठ
बोल दूं कि मिनिमम प्लैटलेट्स मेरा
हो गया है।

पर बाबूजी से झूठ कैसे बोलूं, पर सच भी कैसे बोलूं वे तो बहुत परेशान हो
जाएंगे। क्या करूं?

Thursday, September 14, 2017

अठन्नी

मुल्ला नसीरुद्दीन रास्ते से गुजर रहा था। तभी एकदम झपट्टा मार कर आगे बढा। कुछ उठाया झुक कर सड़क से, फिर क्रोध से बड़ी वजनी गाली दी और जो उठाया था उसे फेंका और कहा कि अगर यह आदमी मुझे मिल जाए तो इसकी गर्दन काट दूं।

पत्नी ने पूछा, मामला क्या है? किसकी गर्दन काट रहे हो? क्या उठाया, क्या फेंका?

नसीरुद्दीन ने कहा, कोई दुष्ट इस तरह से खंखारता है कि अठन्नी मालूम पड़ती है।

फिर कभी ( पार्ट - २ )

दूरियां जो बना कर रखीं,
तो आज भी यादें हैं,
न हुई मुलाकातें हैं, अनकही बातें हैं ।

संबंध बेनाम थे,
तो आज भी महक है, खुशबू है,
एहसास है, विश्वास है ।

कभी मुलाकात को बेचैन नहीं हुए,
तो आज भी जिज्ञासा है, उत्सुकता है,
जानने की इच्छा है ।

न कोई निवेदन था, न ही संबोधन था,
इसीलिए स्वतंत्र हैं,
और यही तो संबंध है ।

संबंधों​ को न बांध दें,
न ही उसे नाम दें,
दूर तक चलना साथ हो तो,
दूर से सलाम दें ।