सभी को दशहरा की हार्दिक शुभकामनाएं!
रसगुल्ला चीनी के मीठे रसों से भरा होता है। बतगुल्ला भी रसों से भरा होगा। लेकिन जिंदगी के अनुभव, यादें और बातों के खट्टे मीठे रसों से। आइये बतगुल्ला में बातें करें। जिंदगी की खट्टी मीठी बातें।
Tuesday, October 11, 2016
Saturday, September 17, 2016
आँखन देखी
अभी दिल्ली में 2-3 बीमारियों का जबर्दस्त कहर है। यह संयोग ही था कि अपने जन्मदिन
पर ही मैं भी बुखार की चपेट में आ गया। हालांकि दो तीन दिनों से जुकाम था तो मुझे पता
था कि यह साधारण वायरल फीवर है, दवाओं से परहेज करता हूं। लेकिन परिवार के लोगों
की दबाव की वजह से डाक्टर से मिला। उन्होंने कुछ दवाएं दीं और एक टैस्ट लिख दिया.
टैस्ट रिपोर्ट लेकर शाम को जब डाक्टर साहब के पास पहुंचा तो भीड़ बहुत ज्यादा थी। पीए
ने कुछ देर रुकने को कहा। मैं वहीं बैठकर अपनी रिपोर्ट पढने लगा। तभी दनदनाती हुई एक
महिला अंदर आईं और सीधे पीए के पास पहुंच गईं. महिला के कपड़ों से लग रहा था कि वह
बहुत गरीब है. उस महिला की गोद में एक बच्चा था, जो बहुत बीमार लग रहा था. खैर पीए
के पास पहंचते ही उसने हाथ में पकड़े रिपोर्ट को पीए के सामने रखते हुए कहा कि मैडम
मेरे बच्चे की रिपोर्ट डाक्टर साहब को दिखा दीजिए कोई बड़ी बीमारी तो नहीं है. पीए ने
कहा आपसे पहले कई लोग हैं दो मिनट रुकिए. ' नहीं मैडम, सबसे पहले मेरे बच्चे की रिपोर्ट
दिखा दीजिए, मैडम, मेरा एक ही बच्चा है टैस्ट के लिए 1600 रुपए मैं ऩे किसी से उधार लिए
हैं. यदि फिर भी मेरे बच्चे को कुछ हो गया तो मैडम मेरा क्या होगा...मैडम प्लीज...' वह
महिला दहाड़ें मार कर रोने लगी थी. बच्चा निढाल सा उसकी गोद में पड़ा हुआ था.
पीए अभी भी उसे अंदर नहीं जाने दे रही थी, लेकिन महिला की तेज रूदन सुनकर डाक्टर
साहब स्वयं बाहर आ गए. ' क्या हुआ?' रोते हुए महिला की ओर उनकी नजर पड़ गई.' आप
रो क्यों रही हैं?' कह कर महिला के हाथ से रिपोर्ट ले ली. डाक्टर साहब रिपोर्ट पढने लगे
और वह महिला डाक्टर साहब के चेहरे पर आतेजाते भाव को. अचानक डाक्टर साहब
के चेहरे का भाव बदला. उन्होंने बच्चे के सिर पर हाथ रखा और मुसकराते हुए बोले
' आपका बच्चा बिलकुल ठीक है. इसे कोई गंभीर बीमारी नहीं है. बस लिक्विड देते रहिए.'
डाक्टर साहब का यह कहना था कि वह महिला बच्चे को सीने से चिपटा कर नाचने लगी.
वह महिला उत्सव मना रही थी. और वहां मौजूद लगभग २० मरीज उस के उत्सव में शरीक
थे. हैरान करने वाला दृश्य था. उस महिला की खुशी इतना गमगीन करने वाली थी कि मैं
भी सबकुछ भूल चुका था. जब मेरा नाम पुकारा गया तो मैं चौंका और अपनी रिपोर्ट हाथ
में पकड़े डाक्टर के केबिन की ओर बढ़ गया.
Wednesday, September 14, 2016
मेरे ही जन्मदिन पर...
१. सौंदर्य की तलाश
रवींद्रनाथ के जीवन में एक बहुत अच्छा उल्लेख है. रवींद्रनाथ एक रात सौंद्रय पर एक
किताब पढ रहे थे.
रात के दो बज गए, पढते पढते थक गए. फिर क्रोध से किताब पटक कर दीया बुझा दिया और
फिर खड़े होकर नाचने लगे, क्योंकि जब तक वे किताब पढ रहे थे, तब तक उन्हें पता ही नहीं
था कि बाहर पूर्णिमा की रात है. जैसे ही किताब पटकी है और दीया बुझाया है चाँद की सभी
किरणें भीतर भर गईं है. उन्होंने सोचा मैं भी कैसा पागल था, आधी रात गंवा दी, किताब पढता
रहा जानने को कि सौंदर्य क्या है और सौंदर्य बाहर खड़ा था और पूरे वक्त दरवाजे पर ठोकर
दे रहा था कि तुम दीया तो बुझाओ, तुम किताब बंद करो,तो मैं आ जाऊं...
................................................
२. हर काम भगवान के लिए
शांत आदमी जो भी काम करेगा, वह उसमें कुशल हो जाएगा. क्योंकि शांति कर्म में सहयोगी
है. जैसे कबीर था, कपड़े बुनता रहा. तो कबीर के बाबत यह कहा जाता रहा कि वैसे कपड़े
कभी किसी बुनकर ने नही बुने और जब वह अपने कपड़े को लेकर बाजार मे बेचने जाता था
तो लोग पागलों की तरह टूट पड़ते थे. कबीर से लोग कहते कि ऐसे कपड़े कभी किसी ने बुने
नहीं तो कबीर रहता इतनी शाति से यदि भगवान के लिए किसी ने कपड़े नहीं बुने तो मैं क्या
करूं? मै तुम्हारे लिए नहीं कपड़े नहीं बुनता, बल्कि तुम्हारे भीतर जो भगवान है उसके लिए
बुनता हूं. मै उसी को जानता हूं, वही पहनेगा और उसके लिए तो कोई गलत चीज बुनी नहीं
जा सकती. और जब बुनता हूं तो भगवान में भरा हुआ बुनता हूं तो भूलचूक की तो कोई
गुंजाइश नहीं है.
....................................................
आज ओशो की एक किताब " शिक्षा: नए प्रयोग" फिर से पढ़ रहा था. उसी क्रम में ये दोनों
प्रसंग आए. ये दोनों प्रसंग अपनेआप में बहुत कुछ कह रहा है. शेयर कर रहा हूं क्योकि
मुझे अच्छे लगे. आज मेरा जन्मदिन भी है. सभी गुरुओं, गुरुतुल्य व्यक्तियों एवं
अपने बड़ो को चरण स्पर्श है.
.....................................................
Sunday, September 11, 2016
दहेज से बड़ा न कोई रोग!
दुल्लूजी पास हो गए, बने नौकर सरकारी,
बापू से बोले, शादी करवा दो, दूर हुई बेकारी।
दूर हुई बेकारी, अब हम होंगे मालामाल,
लड़की जैसी भी हो, ससुर न हो कंगाल।
ससुर न हो कंगाल सुने जब, एक गरीब जी आए,
पर देख कर फूस की झोंपड़ी, गरीब जी घबराए।
गरीबजी चल पड़े वहां से, लड़की यहां न दूंगा,
तभी कुदक कर दुल्लू बोला, अब न जाने दूंगा।
अब न जाने दूंगा ससुरजी, दे दो पंद्रह लाख,
वरना बापू की गांव में गिर जाएगी साख।
गिर जाएगी साख बापू की, और मेरा क्या होगा?
सोचो लंगोटिया यारों को मैं क्या कहूंगा?
गरीब जी ने दस लाख में मानी सारी बात,
आने वाले दस तारीख को निकलेगी बारात।
जब बेटी कंचन को, गरीब पिता ने सारी बात बताई,
आंखों में आंसू भर कर, कंचन मंद मंद मुसकाई।
इस संसार में हो नहीं सकता दहेज से बड़ा कोई रोग।
कैसे इनसां बेच खरीद कर इन्सां बनते लोग।
रुपयों पर बिकने वालों से नहीं करूंगी शादी,
न होने दूंगी मैं खुद की, और इस समाज की बरबादी।
Sunday, September 4, 2016
माँ
माँ तो मां है
जो समझ जाती है हर बात,
कही भी, अनकही भी
सुनी भी, अनसुनी भी,
कितनी तकलीफें उठाई होंगी
रातों को अपनी नींद गंवाई होंगी.
अब भी याद है
स्कूल जाने से पहले गेट तक आना
आंखें पोंछते हुए
वापस चले जाना.
लबे इंतजार के बाद शाम को मिलना
चूमना, दुलराना, खाना खिलाना.
फिर भेज दिया हमें दूर पढने को
जब भी हम आते थे
होती थीं कितनी बातें
कितनी चीजें बनातीं थीं, जबरदस्ती खिलातीं थीं
दिल पर पत्थर रख कर
वापस भेजती तो थीं
पर आप रोती बहुत थीं.
देखता था जब भी सूई में धागे पिरोते
अपने कपड़ों को सीते
अब सब समझने लगा हूं
बच्चों की ख्वाहिशो के लिए
अपनी चाहतों को हवन किया होगा
दे कर खिलौने हमें
अपनी हसरतों को दफन किया होगा.
याद है सबकुछ मां,
यादें और भी मजबूत होती हैं
जब रातों को बच्ची रोती हैं
आपके समर्पण से कैसे इंकार करूं
इतनी बातें हैं, इतनी यादें हैं,
क्या भुलूं, क्या याद करूं?