माँ तो मां है
जो समझ जाती है हर बात,
कही भी, अनकही भी
सुनी भी, अनसुनी भी,
कितनी तकलीफें उठाई होंगी
रातों को अपनी नींद गंवाई होंगी.
अब भी याद है
स्कूल जाने से पहले गेट तक आना
आंखें पोंछते हुए
वापस चले जाना.
लबे इंतजार के बाद शाम को मिलना
चूमना, दुलराना, खाना खिलाना.
फिर भेज दिया हमें दूर पढने को
जब भी हम आते थे
होती थीं कितनी बातें
कितनी चीजें बनातीं थीं, जबरदस्ती खिलातीं थीं
दिल पर पत्थर रख कर
वापस भेजती तो थीं
पर आप रोती बहुत थीं.
देखता था जब भी सूई में धागे पिरोते
अपने कपड़ों को सीते
अब सब समझने लगा हूं
बच्चों की ख्वाहिशो के लिए
अपनी चाहतों को हवन किया होगा
दे कर खिलौने हमें
अपनी हसरतों को दफन किया होगा.
याद है सबकुछ मां,
यादें और भी मजबूत होती हैं
जब रातों को बच्ची रोती हैं
आपके समर्पण से कैसे इंकार करूं
इतनी बातें हैं, इतनी यादें हैं,
क्या भुलूं, क्या याद करूं?
No comments:
Post a Comment
Please do not enter any spam link in comment box.