Saturday, June 15, 2019

शिक्षक का थप्पड़

शिक्षक का थप्पड़
जो आज भी याद है!!

बाबूजी प्राचार्य के साथ साथ गणित के शिक्षक भी थे। विश्वविधालय से गणित की कौपियां जांच के लिए आती थीं। जांच के बाद उन कौपियों को पुन: पैक कर उस पर विश्वविद्यालय का पता लिख कर भेज दिया जाता।

मैं उस समय इंटरमीडियट का छात्र था और घर पर ही था। मेरी हैंडराइटिंग ठीकठाक थी। कौपियां जांचने के बाद बाबूजी ने उसकी पैकिंग करवाई और मुझे उसके ऊपर अंगरेजी में पता लिखने को कहा।

पता लिखने के बाद मैंने बाबूजी से देख लेने को कहा।  बाबूजी ने जैसे ही लिखा हुआ पता देखा उनका चेहरा तमतमा गया। 

उन्होंने कहा," तुम अपना लिखा फिर से पढो, इसमें गलती है। "

मैंने दोबारा देखते हुए कहा, "इसमें कोई गलती तो नहीं... "

अभी मेरी बात पूरी नहीं हुई थी कि बाबूजी का झन्नाटेदार थप्पड़ लगा। मैं सन्न रह गया। आंखों में आंसू आ गए थे पर रोया नहीं। आंखें नीचे उस शब्द को तलाश रही थी जो मैं ने गलत लिखा था।

कुछ देर बाद बाबूजी ने उस शब्द पर उंगली रखी। शब्द था UNIVERSITY. जिसमें मैं ने 'ई' छोड़ दिया था।

बाबूजी ने कहा, " बात सिर्फ एक शब्द छूटने की नहीं है। पहली बात तो यदि तुम्हें उस शब्द का पता था और फिर तुमने गलती की तो इसका मतलब तुम वह कार्य करते समय वहां नहीं थे, तुम्हारा ध्यान कहीं और था। और दूसरी बात यदि इंटरमीडियट में पढते हुए तुम्हें यह शब्द लिखना नहीं आता तो फिर पढाई कैसी? दोनों स्थितियां तुम्हारे लिए ठीक नहीं इसलिए तुम्हें सजा मिली।"

बात बहुत छोटी थी लेकिन आज भी पढते ,लिखते हुए बाबूजी की बातें ध्यान में ऱखता हूं।

एक पिता के रूप में वे जितने सख्त थे उससे कहीं अधिक शिक्षक के रूप में। शिक्षक दिवस पर अपने जीवन में मिले सभी शिक्षकों के बारे में सोचा, स्मरण किया। लेकिन स्मरण में बाबूजी से अधिक योग्य शिक्षक नहीं ढूंढ पाया। स्वभाविकतया आज उन्हें ही याद कर नमन करना श्रेयस्कर लगा। 

आज के दिन आप भी अपने जीवन के उन श्रेष्ठ शिक्षकों को याद करिए, नमन करिए! अच्छा लगेगा!!

Thursday, January 17, 2019

बाबूजी का जन्मदिन

अब हमें प्रतीक्षा रहती है बाबूजी के जन्मदिन की यानी 17 जनवरी की। और सुखद बात यह है कि हम लोगों से अधिक हमारे बच्चों को प्रतीक्षा रहती है, दादाजी के जन्मदिन की।  दीदी के बच्चे यानी नाती नातिन तो किसी न किसी माध्यम से उपहार तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं। बच्चों का उनके प्रति यह निश्छल प्रेम उनकी सबसे बड़ी  ताकत है।

कल एक बहुत बड़े  व्यक्ति जो एक सफल उद्यमी भी थे की जीवनी पढ रहा था। उस व्यक्ति से किसी ने एक बार पूछा कि एक सफल व्यक्ति की पहचान क्या होती है ? तो उस व्यक्ति का उत्तर था जिस व्यक्ति का बुढापा सुखद हो, आनंद से गुजरे।

उन का कहना था कि आप अपने  अच्छे दिनों में जिस चीज के ऊपर अपनी जिंदगी की ऊर्जा लगाएंगे वही बाद में आप की जरूरत के समय आप की ऊर्जा आप की ताकत बन कर आपके साथ खड़ी होगी।  दुर्भाग्य से उस व्यक्ति का बुढापा अच्छा नहीं गुजरा था क्योंकि उन्होंने पूरी जिंदगी बच्चों को बनाने के बजाय रुपए कमाने में लगा दिए।  बच्चों ने भी सिर्फ पैसा देखा, कभी पिता का प्रेम नहीं देखा। यहीं कमी रह गई।  बच्चे भी कभी पिता से प्रेम नहीं कर पाए।
यह बात समझने की है।

हम ने बाबूजी में सिर्फ प्रेम देखा। उनकी दी गई शिक्षा, संस्कार और नैतिकता को जाना। यह घोषणा करने की चीज नहीं है लेकिन यह कहने में हर्ज भी नहीं है कि जो त्याग उन्होंने हम सभी के लिए किया उसी का परिणाम है कि आज हम सभी और हमारे बच्चे उनसे बहुत करीब हैं ।उनका हम सभी के लिए प्रेम इतना जीवंत और दूरसंवेदी है कि बहुत दूर होकर भी हम सभी उनके प्रेम को  बहुत करीब महसूस करते हैं। उनके जन्मदिन पर हमारी और हमारे बच्चों की ओर से ढेरों शुभकामनाएं !

इस अवसर पर मैं अपने परम आदरणीय स्नेहिल चाचाजी नुनु काका को याद करना नहीं भूलता।
वे आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनका पूरे परिवार के प्रति जो प्रेम था वह जेहन में ताजे फूल की तरह है।  मैं तो जीवनपर्यंत उनका शिष्य ही रहूंगा क्योंकि वे मेरे सांस्कारिक गुरू थे।  संस्कार के मंत्र मुझे उन्होंने ही दिए थे। लेकिन जहां तक मुझे याद है उनका परिवार के बच्चों के प्रति बहुत प्रेम था।  परिवार बहुत बड़ा होने के बावजूद वे सभी बच्चों के प्रति समान रूप से चिंतित  रहते थे।  कौन बच्चा क्या पढ रहा है,  कौन बच्चा क्या कर रहा है इस पर उनकी विशेष निगाह रहती थी।  परिवार को एकजुट रखने में उनका बहुत बड़ा योगदान  था।
हालांकि मैं उस समय छोटा था लेकिन मैं उनके व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित था और बच्चों के प्रति उनका आदर और प्रेम का भाव आज भी मेरे अंदर जीवंत है।  आज के दिन अपने प्रिय नुनु काका को भी शत शत नमन!!!

Thursday, December 27, 2018

माँ बाबूजी का आना...

माँ बाबूजी का हमारे पास आना हमें असीम ऊर्जा से भर देता है। 21नवंबर से 26 दिसंबर तक का समय कैसे गुजरा पता ही नहीं चला।  26 दिसंबर को दोनों वापस चले गए।  कुछ यों कि हवा के साथ खुशबू  आई और उसी हवा के साथ चली गई।  इन 30-31 दिनों के कुछ खूबसूरत लम्हों के साथ हम फिर बेकार की व्यस्तताओं में व्यस्त हो गए।

अब बाबूजी को चलने में दिक्कत होती है फिर भी खूब चलते हैं।  पढने में दिक्कत होती है फिर भी खूब पढ़ते हैं।  लिखने में दिक्कत  होती है फिर भी खूब लिखते हैं।  बच्चों के साथ खूब खेलते हैं।  सभी को उत्साहित करते हैं। घर को सकारात्मक  ऊर्जा से भर देते हैं।  यह उनकी हिम्मत है कि 83-84 वर्ष की अवस्था में भी हम लोगों के बीच पहुंच जाते हैं।  इस के लिए हमलोगों का उस ईश्वरीय अनुकंपा का धन्यवाद है,  जो ईश्वर  ने उन्हें प्रदत्त की है और जिसका लाभ हम सभी को मिलता है।

बाबूजी से बचपन से सीखने का प्रयास करता रहा। आज भी उनसे सीखने के लिए बहुत कुछ है।  उनके चेहरे पर कभी उदासी नहीं।  सबसे हंसते हुए मिलना बातें करना उनका स्वभाविक  व्यवहार है।  विपरीत  परिस्थितियों  में भी बहुत सहज ढंग से उठ खड़े  होते हैं।

उस दिन बाबूजी को लेकर मुझे डाक्टर के पास जाना था। ठंड बहुत थी,  थोड़ी बहुत बूंदाबूंदी भी हो रही थी।  मुझे लगा शायद उन्हें परेशानी होगी।  मेंने पूछा,  मौसम तो बहुत खराब लग रहा है।  क्या हमलोग डाक्टर के पास जा सकते हैं?

बाबूजी का जवाब था,  क्यों नहीं,  मौसम इतना भी खराब नहीं है।

इस जवाब में जो आत्मविश्वास  था,  उससे मैं उत्साहित हो गया। हमलोग डाक्टर से मिलकर आराम से वापस आ गए। कई बातें छोटी होकर भी बहुत महत्त्वपूर्ण  होती हैं।

मांबाबूजी ने अपने जीवन में जितनी कठिनाइयां देखीं, हमें उसका एक प्रतिशत भी देखने नहीं दिया।  शायद इसीलिए हमें वह हिम्मत, वह ताकत नहीं है।

बहुत जल्द उनके जीवन की पूरी कहानी  उनकी आत्मकथा के रूप में प्रकाशित होने वाली है,  जो हमें और प्रेरित करने में सहायक होगी।

परिवार के सभी लोगों को ईश्वर का धन्यवाद करना चाहिए जिनकी कृपा से मांबाबूजी स्वस्थ चित्त प्रसन्न हैं।  साथ ही ईश्वर से यह विनती भी
कि इसी तरह उन्हें स्वस्थ चित्त प्रसन्न  रखें।

आज से मेरे लिए उस पल की प्रतीक्षा शुरू है,  जब मैं मांबाबूजी से मिल पाऊंगा।

Tuesday, August 28, 2018

लोभ का लाभ

बुक फेयर की सूचना मिलते ही सहज नहीं रह पाता। सारे काम छोड़ कर बुक फेयर की ओर भागता हूं। यह लोभ है। किताबें पढ़ने का, किताबें खरीदने का लोभ। लेकिन इस लोभ का लाभ भी है। कई तरह जानकारियां, कई
तरह की बातें सीखने को मिलती हैं। समय समय पर नई नई किताबें खरीद कर घर लाने का सबसे बड़ा जो लाभ है, वह है बच्चों में भी पढ़ने की प्रवृति का विकास होना।
मैं किताबें खरीदने को दोहरा लाभ मानता हूं, खुद भी पढ़िए और बच्चों को भी पढ़ने की ओर उत्साहित करिए।

इसलिए मुझे लगता है कि जिसे भी
ऐसा लोभ है, उसे बहुत ही लाभ है। और लोभ तो ऐसा ही करना चाहिए, जिसका लाभ हो।।

Saturday, August 4, 2018

' म ' से मामी ( यादें...स्मृतिशेष )

' म ' से मामी

आम का मौसम आते ही नानीगांव की याद आ जाती है और विशेष रूप से प्यारी मामी की. मामी बहुत सुंदर थीं. देखने में भी और मन से भी. कभी उनके चेहरे पर उदासी या शिकन नहीं देखी. हर समय उनका चेहरा खिला खिला
रहता था, फूलों की तरह.गरमी की छुट्टियों में अक्सर नानीगांव जाना होता था. पर उस समय परिवहन की अच्छी व्यवस्था नहीं थी. गांव से कुछ पहले तक बस से जाना होता था,

उसके बाद बैलगाड़ी पर हिचकोले खाते हुए गांव तक पहुंचना होता था. छुटपन था इसलिए बैलगाड़ी की यात्रा बहुत मजेदार लगती थी. बैलगाड़ी ले उतरते ही सबसे पहले स्वागत करती थीं, मामी. लंबा सा घूंघट, सिर पर साड़ी का पल्लू लिए मामी का मुसकराता चेहरा सबसे पहले सामने आता था.

घर की ओर जाने वाली गली में ही मामी सबका पैर धोती थीं. फिर खानेपीने के साथ बातचीत, मामी की हंसाने वाली बातें, कहानियां मन को मोह लेती थी.

सुबह उठते ही मामी की दिनचर्या शुरू हो जाती थी. जहां तक मुझे याद है, सबसे पहले मामी उठती थीं. कुएं से भरकर पानी लातीं, पैरों से लाचार नानी के नहलाती धुलातीं, खाना बनातीं. हम सभी भाई बहनों के साथ साथ अपने चार बच्चों की जिम्मेदारी भी उनकी ही थी.

नानाजी की उम्र अधिक हो गई थी इसलिए इकलौते मामाजी कालेज में पढाने से लेकर खेतखलिहीन, बगीचे में व्यस्त रहते और घर के सभी कामों की जिम्मेदारी मामी के कमधों पर थी और मामी बखूबी इसे निभा भी रही थीं.

मामी को कूटनापीसना भी आता था. मैंने कई बार मामी को ऊखल, ढेंकी और जांता पर पसीने से तरबतर कूटतेपीसते देखा था. बहुत मेहनती थीं मामी.

एक बार मैंने मामी से डांट भी खाई थी.दरअसल, नानाजी का आम का बहुत बड़ा बगीचा था. जब हमलोग पहुंचते तो दो-चार सौ कच्चे आम लाकर
कोठी ( मिट्टी से बने ड्रम ) में डाल दिए जाते. मैं अक्सर इस से आम चुराकर खा लेत था. उस दिन भी मैंने कोठी का निचला ढक्कन खोला ही था कि मामी आ गईं. मेरा हाथ पकड़ते हुए बोलीं, " भागिन बाबू, गलत बात. ये सारे आम
आपलोगों के लिए ही है. मांग लीजिए. चोरी करना गलत बात है." कहकर मामी मुसकराती हुईं चली गईं." मैं अवाक् था. जीवन की बहुत बड़ी सीख बहुत सरलता से दे गईं थीं.

कई बार हम बच्चों में से कोई रोता तो, तो मामी हमें खुश करने के लिए गाते हुए नाचने लगतीं. और तब तक नाचतीं, जब तक रोने वाला हंसने न लगता. मामी जिंदादिल थीं, दूसरों की खुशी में अपनी खुशी देखने वाली. यही तो एहसान है जो बिना बताए आपकी खुशी के लिए कुछ भी करने को तैयार हो जाए. वरना एहसान कर जताने वाले तो बहुत मिल जाते हैं.

हम सभी जब भी खाने बैठते, मामी सामने बैठतीं. मिट्टूी के चुल्हे की ताजी रोटियां, चावल, अार, मिर्च, सब्जी, मकई के दाने, उसना ( मूंग को उबाल कर बनी सब्जी), साग और भी बहुत कुछ. हर समय खाने की अलग अलग वैरायटी. साधारण घरेलू चीजें, पर प्यार से लबालब और स्वादिष्ठ.

मुझे याद है आम खाते समय हम जब भी अपने कपड़ों को रस गिरने से बचाने की केशिश करते, तो मामी तुरंत कहतीं," भागिन बाबू, आम खाओ तो कपड़ों की चिंता मत करो, वरना आम नहीं खा पाओगे."

धीरे धीरे समय निकलता गया और उम्र और पढई की वजह से नानीगांव पीछे छूटता गया. नाना, नानी भी नहीं रहे, नानीगांव जाना बंद हो गया.

मैं पढाई और कार्य के सिलसिले में घर से भी दूर चला आया. व्यस्तता बढती गई. कभी कभी जानकारी मिलती की मामी की तबीयत खराब रहने लगी है.

एक दिन मां से बातचीत के क्रम में पता चला कि...मामी नहीं रहीं. उन्हें कैंसर हो गया था. हठात उनका मुसकराता चेहरा सामने आ गया, जैसे कह रही हों,'' भागिन बाबू..."

इन बातों को गुजरे वर्षों हो गए. लेकिन कल रात एक अजीब बात हो गई. खाना खाते समय आम खा रहा था. अचानक आम का रस हाथों से फिसलते हुए कपड़ों पर गिर गया. मैंने रस को पोंछने की कोशिश की तो मामी की बात
सामने आकर खड़ी हो गई," भागिन बाबू, आम खाते समय कपड़ों की चिंता मत करो, वरना आम नहीं खा पाओगे." आंखों में बरबस आंसू आ गए. इतने दिनों बाद मामी से जुड़ी कई बातें फिर से मानस पटल पर उमड़ने घुमरने लगीं.

मामी से बचपन में मिलता था और वह भी बहुत कम समय के लिए. बहुत सारी और भी बातें हुई होंगी जो स्मृति से दूर चली गईं या जिसे मेरे बचपन ने गंभीरता से नहीं लिया, न ही संजो कर रखा. लेकिन इतना स्मृतिशेष जरूर है कि मां के
बाद प्यार को, स्नेह को यदि किसी से गहराई से महसूस किया, तो वह मेरी मामीथीं. मामी जहां भी हैं उन्हें दिल से नमन और श्रद्धांजलि है...