Saturday, June 24, 2017

हंसना जरूरी है...

एक गांव में एक साधु पहुंचे। लोगों ने
उनका खूब स्वागत सत्कार किया।
जब वे गांव से चलने लगे तो उन्होंने
गांव वालों की एक परीक्षा लेने की
सोची। उन्होंने गांव वालों को बुलाकर
कहा, आप सभी काफी बुद्धिमान और
स्वस्थ दिखते हैं। आप में से जो अपनी पत्नी की हर बात मानते हैं , वे
मेरी दाईं ओर आकर खड़े हो जाएं।

यह सुनते ही एक एक कर सारे लोग
उनकी दाईं ओर खड़े हो गए। बस एक
दुबला-पतला आदमी अपनी जगह
पर ही खड़ा रहा।

साधु ने हैरानी से उसकी पीठ थपथपाते
हुए कहा, वाह, शाबाश, दुबले-पतले
हो, पर बहादुर लगते हो। बीवी की हर बात नहीं मानते इसलिए अपनी जगह पर ही खड़े रह गए।

उस आदमी ने कहा, नहीं महाराज, ऐसी बात नहीं है। दरअसल, घर से
निकलते समय बीवी ने कहा था कि
खबरदार, आज जिधर भीड़ खड़ी हो उधर जाने की कोशिश भी मत करना।

Thursday, June 15, 2017

हर पल...

हों कभी गर आह में, या कहीं भी राह में,
सोच कभी भी शून्य न हो!
जीत हो या हार में, हर महत्त्वपूर्ण कार्य में,
सोच कभी भी शून्य न हो!

Tuesday, June 13, 2017

पति और पत्नी

सुबह उठते ही
सबसे पहले पत्नी पति को
और पति पत्नी को देखते हैं,
कभी कभी प्यार से,
ज्यादातर तकरार से,
फिर दिन भर दूरदूर रहते हैं।

शाम को फिर मिलते हैं,
फिर दोनों के बीच मैं... मैं,
और बच्चों के टें...टें के बीच
खाना पक जाता है,
दोनों पके हुए इंसान,
खाना खाकर,
बहुत थकावट की
शोबाजी करते हुए,
बच्चे की जिम्मेदारी
एक-दूसरे पर
उछालते हुए
सोने की नौटंकी करते हैं।
जो ज्यादा बड़ा नौटंकी बाज है,
वह पहले सो जाता है।
दूसरे के जिम्मे बच्चे का होमवर्क,
नैतिक शिक्षा और
लोरी सुनाना आ जाता है।

खट्टे मीठे अनुभवों पर
चलने वाली,
संबंधों की यह गाड़ी है,
पति-पत्नी जिसके
दो पहिए हैं,
जो जितनी जिम्मेदारी
से चलाता है,
वह उतनी ही‌ दूर तक
यात्रा कर पाता है।

Saturday, June 10, 2017

तपती दोपहरी में

तपती दोपहरी में,
पिघलती, दहकती, दरकती
सड़क के किनारे,
वह नन्हा सा बच्चा,
फूट फूट कर रोए जा रहा था
उसकी माँ सिर को पल्लू में ढके,
सिर पर 8-10-12 ईंटे लिए
सामने बन रहे मकान की ओर जा रही थी,
सब कुछ सूख चुका था,
दूध, पानी और हमारी संवेदनाएं.
ये सारी भावनाएं,
बंद कमरे में एसी चलाकर,
मसूरी, शिमला की वादियों में जाकर,
जब एक लेखक
व्यक्त करने लगता है,
तभी हमें उस लेखक
और उसकी लेखनी पर संदेह होने लगता है!

Monday, May 8, 2017

मिलते हैं जिंदगी में---

कितनी मुश्किलों से अभी अभी
रस्ता उसे मिला,
फिर से उसी भीड़ में
खोने चला है वो।

अभी अभी तो महकी सी
कुछ सर्द सी हवा चली,
फिर से गरम हवा को
बुलाने चला है वो।

एक एक पत्थर जोड़ कर
बना था रंगमहल,
कीलें फिर दीवार में
लगाने चला है वो।

जिंदगी में कुछ मौके 

न आते हैं बार बार,

ग्रंथों में लिखी इस बात को
मिटाने चला है वो।

पीछे खड़े हैं बेशक
पर आगे भी है नजर,
दर पे किसी और के
सिर झुकाने चला है वो।