हों कभी गर आह में, या कहीं भी राह में,
सोच कभी भी शून्य न हो!
जीत हो या हार में, हर महत्त्वपूर्ण कार्य में,
सोच कभी भी शून्य न हो!
रसगुल्ला चीनी के मीठे रसों से भरा होता है। बतगुल्ला भी रसों से भरा होगा। लेकिन जिंदगी के अनुभव, यादें और बातों के खट्टे मीठे रसों से। आइये बतगुल्ला में बातें करें। जिंदगी की खट्टी मीठी बातें।
Thursday, June 15, 2017
हर पल...
Tuesday, June 13, 2017
पति और पत्नी
सुबह उठते ही
सबसे पहले पत्नी पति को
और पति पत्नी को देखते हैं,
कभी कभी प्यार से,
ज्यादातर तकरार से,
फिर दिन भर दूरदूर रहते हैं।
शाम को फिर मिलते हैं,
फिर दोनों के बीच मैं... मैं,
और बच्चों के टें...टें के बीच
खाना पक जाता है,
दोनों पके हुए इंसान,
खाना खाकर,
बहुत थकावट की
शोबाजी करते हुए,
बच्चे की जिम्मेदारी
एक-दूसरे पर
उछालते हुए
सोने की नौटंकी करते हैं।
जो ज्यादा बड़ा नौटंकी बाज है,
वह पहले सो जाता है।
दूसरे के जिम्मे बच्चे का होमवर्क,
नैतिक शिक्षा और
लोरी सुनाना आ जाता है।
खट्टे मीठे अनुभवों पर
चलने वाली,
संबंधों की यह गाड़ी है,
पति-पत्नी जिसके
दो पहिए हैं,
जो जितनी जिम्मेदारी
से चलाता है,
वह उतनी ही दूर तक
यात्रा कर पाता है।
Saturday, June 10, 2017
तपती दोपहरी में
तपती दोपहरी में,
पिघलती, दहकती, दरकती
सड़क के किनारे,
वह नन्हा सा बच्चा,
फूट फूट कर रोए जा रहा था
उसकी माँ सिर को पल्लू में ढके,
सिर पर 8-10-12 ईंटे लिए
सामने बन रहे मकान की ओर जा रही थी,
सब कुछ सूख चुका था,
दूध, पानी और हमारी संवेदनाएं.
ये सारी भावनाएं,
बंद कमरे में एसी चलाकर,
मसूरी, शिमला की वादियों में जाकर,
जब एक लेखक
व्यक्त करने लगता है,
तभी हमें उस लेखक
और उसकी लेखनी पर संदेह होने लगता है!
Monday, May 8, 2017
मिलते हैं जिंदगी में---
कितनी मुश्किलों से अभी अभी
रस्ता उसे मिला,
फिर से उसी भीड़ में
खोने चला है वो।
अभी अभी तो महकी सी
कुछ सर्द सी हवा चली,
फिर से गरम हवा को
बुलाने चला है वो।
एक एक पत्थर जोड़ कर
बना था रंगमहल,
कीलें फिर दीवार में
लगाने चला है वो।
जिंदगी में कुछ मौके
न आते हैं बार बार,
ग्रंथों में लिखी इस बात को
मिटाने चला है वो।
पीछे खड़े हैं बेशक
पर आगे भी है नजर,
दर पे किसी और के
सिर झुकाने चला है वो।
Sunday, April 16, 2017
उधार का संदेश
पिछले दिनों एक मित्र टीवी पत्रकार मिले। बहुत नाराज थे। कारण पूछा तो बताया कि मैं इतने अच्छेअच्छे मैसेज फोरवर्ड करता हूं आप तो लाइक ही नहीं करते। मैं ने कुछ जवाब नहीं दिया। लेकिन घर आकर सोचने लगा तो हंसी
आ गई। हम किसी के शेयर किए गए कथन से, विचार से, चित्र से, घटना से असहमत होते हुए भी सहमत कैसे हो सकते हैं। खासकर तब जब शेयर करने वाली चीज ही उधार की है।
कई बार एफबी पर नैतिकता का मैसेज शेयर करने वाले बहुत लोग मिल जाएंगे। आप कभी उनके घर जाकर देखिए तो आप हैरान रह जाएंगे कि वे साहब अपने बच्चे तक को नैतिक शिक्षा की ए,बी, सी नहीं सिखा पाए। दरअसल हम सभी ने आभासी दुनियां बना रखी है, जिसमें हमारी हकीकत कुछ और होती है और हम दिखाना कुछ और चाहते है। दुर्भाग्य वश हम अपने
बच्चों में भी यही प्रवृत्ति भरते जा रहे हैं। यह उस पूरी पीढ़ी के लिए खतरनाक है।
संदेश पढिए जरूर पर सहमति देने, पसंद करने का अधिकार आपका है। एक बार विचार करिए। विशेष रूप से उधार के विचार को आगे सरकाने से पहले तो जरूर सोचिए। अच्छा तो यह होगा कि आप अपने अंदर की भावनाओं, विचारों को ही सामने रखें। उनमें कुछ तो आप होंगे ही।
प्रसिद्ध मनोचिकित्सक और लेखक कार्ल जंग ने कहा है कि आपकी दृष्टि तभी साफ होगी जब आप अपने दिल की बात सुनेंगे। जो व्यक्ति प्रेरणा के लिए बाहर की ओर देखता है, वह सपना देखता है और जो अंदर की तरफ देखता है वह जागृति की अवस्था को प्राप्त होता है।