Friday, April 7, 2017

और वह चला गया...

जब सुख में हम सब हंसते हैं,
मदमस्ती में फिरते हैं,
फिर रोना भी तो बनता है,
जब दुख के बादल घिरते हैं!

दुख जीवन का ही अनुभव है,
इक नए इन्सां का उद्भव है,
बिना कठोर आघातों के
न कुंदन बनना संभव है!

वह विलीन हो गया पंचतत्व में. कई खट्टीमीठी यादें रहीं उसके साथ. अभीअभी
१० दिनों पहले ही आया था, सबसे मिलकर गया था. शायद अपनी अंतिम यात्रा से पहले
सबसे मिलना चाहता था. मेरी पत्नी यानी अपनी बहन से मिलकर गया था. और ३ दिनों
पहले समाचार मिला कि एक दुर्घटना में वह हमें छोड़कर चला गया. ३०-३२ वर्ष के
अल्पायु में उसका चले जाना, सबको दुखी कर गया. पर जीवन मृत्यु का अनुभव ही
उस परम शक्ति सर्वशक्तिमान के होने का एहसास कराता है. ईश्वर उसकी आत्मा को
शांति प्रदान करे!

Saturday, January 14, 2017

गली के गार्जियन

हमारी गली के गार्जियन थे, शर्मा अंकल। नहीं रहे, जानकर बहुत तकलीफ हुई।
१३ जनवरी, २०१७ शनिवार का दिन था। मैं ७ बजे शाम को जब अपनी गली में घुसा तो यह दुखद जानकारी मिली। बैग रखकर सीधे उनके यहां भागा। कारुणिक दृश्य था। सभी रो रहे थे। स्वाभाविक रूप से मेरी आंखें भी गीली हो रही थीं।

सुबह के सात बजे अंतिम यात्रा शुरू हुई। जीवन में पहली बार इस तरह की यात्रा में शामिल हो रहा था।  राम नाम सत्य है।।। राम नाम सत्य है।।। के बीच मेरे कदम आगे बढते जा रहे थे लेकिन मेरी याद्दाश्त मुझे लगभग २० साल पीछे लिए जा रही थी....

शर्माजी सिर्फ शर्माजी ही नहीं थे, बल्कि मेरे दिल्ली के एकमात्र मित्र बाजू के पिता भी थे। पिता के व्यक्तित्व को पता करने का प्रयास मैंने कभी नहीं किया पर एक दोस्त के रूप में बाजू की दोस्ती बहुत विराट थी, इसका एहसास बाजू ने मुझे बहुत बार कराया।

१९९५ में दिल्ली आने पर हम किसी को जानते तक नहीं थे। जानने की इच्छा भी नहीं थी। एक लक्ष्य था, जिसे पाने के लिए श्रम करना था। लेकिन लगातार पढ़ाई से मन थकने लगता था। बगल में पुस्तकालय था वहां जाने लगा। लेकिन मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है जल्द ही इसका बोध होने लगा। इसी बीच बाजू से संपर्क हुआ और निकटता बढ़ती गयी। आना जाना भी बढ़ता गया। उस समय लैंडलाइन फोन हुआ करता था। बाजू के यहां ही मेरे घर से फोन आते। कभी कभी तो रात को भी शर्मा अंकल खुद बुलाने आ जाते। ओए झा, जल्दी आ जा तेरे घर से फोन है... आवाज दमदार थी। कभी कभी डांट भी पड़ती थी, लेकिन वह प्यार की झिड़की से अधिक कुछ नहीं था। जहां यहां के लोग बाहर के लोगों पर भरोसा नहीं करते, वहीं शर्मा अंकल
ने बाजू को मेरे साथ मेरे घर तक जाने की आज्ञा दी थी। उनका यह विश्वास दिखाना मेरे लिए बहुत बड़ी बात थी। ऐसी कई बातें थीं जिसे भुला पाना संभव नहीं।

...पापा...तभी एक चिल्लाहट से मैं चौंक गया। हम लोग इस यात्रा के अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुके थे। बाजू के बड़े भाई का रूदन था। मुखाग्नि दे दी गई थी। शर्मा अंकल का शरीर धू-धू कर जलने लगा। यादें कहीं और ले जा रही थीं पर ठहरी हुई आंखें कुछ और करने पर आमादा थीं। मेरे हाथ श्रद्धा से जुड़ गए। मैं ने कभी यह सब देखा नहीं था इसलिए मन कह रहा था यही जीवन का अंतिम दर्शन है। दिल कह रहा था ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। मैं दो फांक हो गया था।

Sunday, January 1, 2017

नया वर्ष 2017

2016 कैसे बीता पता ही नहीं चला. हर वर्ष ऐसा ही होता है. पुराना वर्ष जाते हुए नए वर्ष को ढकेल जाता है. कई अच्छी बुरी बातें, घटनाएं हमें कुछ देकर या हम से कुछ लेकर चली जाती हैं. हम वहीं रह जाते हैं. इस वर्ष की
सबसे अच्छी यादें रहीं मां बाबूजी का
साथ, ढेर सारी मस्ती, घूमना फिरना
और घंटों बातचीत. बहुत मजा आया
इसके लिए पुराने वर्ष का धन्यवाद.
उम्मीद है सभी के लिए पुराना वर्ष अच्छा रहा होगा. आइए हम सभी नए
वर्ष का स्वागत करते हैं. सभी को नए वर्ष की ढेरों शुभकामनाएं!

Sunday, December 18, 2016

17 जनवरी, बाबूजी का जन्मदिन

बाबूजी का जन्मदिन फिर से आनेवाला  है, 17 जनवरी।  पिछले वर्ष के जाने और इस वर्ष के आने में बाबूजी के साथ की कई खूबसूरत यादें हैं, जिसे अपने ब्लौग पर यादों के रूप में संजो कर रखना चाहता हूं।

पिछले वर्ष नवंबर की २० तारीख को मां बाबूजी की दिल्ली यात्रा का कार्यक्रम बना।  कई बार मिन्नतों के बाद मां बाबूजी हमलोगों के पास आने को राजी हुए थे. बड़े भाई साहब ने 21 नवंबर का टिकट बनवा दिया. उस दिन के बाद रातों को सोते समय मैं अपने
बच्चों के पास होकर भी मां बाबूजी के पास होता था. सोचता एक साल के बाद मां बाबूजी से मिलूंगा. क्या क्या बातें करूंगा, योजना बनाता. बाबूजी पढने लिखने की बातें करेंगे,  मां
घर परिवार और हमलोगों के बारे में. वाह, कितना मजा आएगा. घूमने फिरने की तो योजना बनेगी ही, छोटा भाई भी आ रहा है.  खुशी से कई रातों की नींद हराम हो गई थी.

२१ नवंबर को गाड़ी नई दिल्ली स्टेशन पहुंचनी थी। गाड़ी लेट थी इसलिए मैं औफिस से ही स्टेशन पहुंचा। छोटा भाई  गाड़ी लेकर पहले ही स्टेशन पहुंच चुका था। बड़े भैया भी स्टेशन पहुंच चुके थे। हम सभी ट्रेन के आने की बेसब्री से प्रतीक्षा कर रहे थे। तभी ट्रेन की आवाज आई धक...धक...धक...धक। ट्रेन स्टेशन पर आ गई। थोड़ी ही देर में मां बाबूजी सामने थे। उम्र की ढलान, लंबी यात्रा की थकावट उनके चेहरे पर साफ साफ दिख रही थी। हम सभी स्टेशन से बाहर आ गए। बाबूजी की तबीयत थोड़ी खराब लग रही थी। छोटे भाई की गाड़ी में बैठकर मां बाबूजी उसके घर की ओर रवाना हो गए। मैं और बड़े भैया मैट्रो स्टेशन की ओर बढ गए। हम दोनों बहुत खाली खाली महसूस कर रहे थे पर दिल को यह संतोष था कि वे अब यहीं हैं और एक हफ्ते बाद हमलोगों के साथ होंगे।

एक हफ्ते बाद मां बाबूजी हमारे यहां आ गए। अब मैं औफिस से भागकर जल्दी जल्दी घर आने लगा ताकि अधिक समय मिले मां बाबूजी के साथ रहने का। विशेष रूप से बाबूजी के साथ।  पिछले वर्ष मैं ने जितनी किताबें खरीदी थीं, सारी बाबूजी के सामने रख दीं। कुछ औफिस से भी ले आया। आज भी बाबूजी को पढना लिखना बहुत पसंद है। पढने लिखने की थोड़ी बहुत प्रेरणा
हमें जो मिली है, वह बाबूजी के वजह से ही। इसलिए साल भर की अपनी खरीदी किताबें जब उनके सामने रखता हूं तो उनकी आंखों में प्रतिक्रिया ढूंढता हूं कि वे क्या सोचते हैं। पर उनके चेहरे पर सिर्फ मुसकराहट आकर चली जाती है। फिर जल्दी ही वे किताबों में मशगूल हो जाते हैं।

उस दिन अक्षरधाम मंदिर जाने की योजना बनी। छोटा भाई भी वहीं आ गया था। परिवार के तीन संस्करण एक साथ थे, मां बाबूजी, हम सभी और हमारे बच्चे। स्थान भी शांत, सुंदर और मनोरम था। वहां घूमते हुए जो आनंद आया, उसे बयान नहीं किया जा सकता। वहीं मैंने कुछ किताबें भी खरीदीं, सस्ती, सुंदर और शिक्षाप्रद। शाम होते होते हम सभी कैंटीन में थे।
संडे था इसलिए मां बाबूजी ने सिर्फ कुछ मिठाइयां लीं। मांबाबूजी संडे को नमक
नहीं खाते। खाने के मामले में बाबूजी प्योर वैजिटेरियन हैं। बचपन से ही प्याज, लहसन नहीं खाते। कुरता धोती बचपन से ही पहनते हैं। यानी सादा जीवन उच्च विचार। साधना और साधुत्व की मिशाल हैं बाबूजी। खैर, कैंटीन से खापी कर हम सभी पार्किंग में आ गए। पार्किंग में हमने कुछ फोटोग्राफी की। वहां से फिर हम सभी घर आ गए। घर आने के दो दिनों बाद तक हम सभी ने इस यात्रा की खूब चर्चा की।  छोटे भाई की फ्लाइट दूसरे दिन थी। वह अपने परिवार के साथ चला गया। अब वापसी की बारी मां बाबूजी की थी।

१८ दिसंबर का आरक्षण पहले से था। हमलोगों की इच्छा थी कि ये लोग कुछ दिन और रुकें पर ठंड का प्रकोप बढता जा रही था, गाड़ियां लेट होने के समाचार आ रहे थे। इनलोगों को वापस पहुंचने में कोई दिक्कत न हो इसलिए दबाव बनाना बहुत उचित न था। १८ तारीख की सुबह हम सभी जल्दी जल्दी तैयार हो रहे थे। मां बाबूजी को आज स्टेशन छोड़ने जाना था। पिछली रात मुझे नींद नहीं आई। यह सोच सोच कर मैं परेशान था कि कल मां बाबूजी चले जाएंगे। दूर होने का दुख नजदीक रहने के सुख से ज्यादा बड़ा होता है। कई बातों से उमड़ते घुमड़ते हम स्टेशन पहुंच गए।

थोड़ी प्रतीक्षा के बाद ट्रेन स्टेशन आ लगी।  आरक्षित बर्थ पर मांबाबूजी बैठ गए थे। ' मांबाबूजी अपनी जगह पर वापस चले जाएंगे। मैं भी अपनी जगह पर वापस जाऊंगा। पर अब वह जगह खाली होगा, जहां मां से घंटों बातचीत होती थी, वह जगह भी खाली होगा जहां बाबूजी से किताबों के बारे में चर्चा करता था...' सोचकर आंखें भर गई थीं। मां बाबूजी के चरणस्पर्श कर मैं बौगी से बाहर निकल आया। ट्रेन को हरी झंडी मिल गई थी। बाबूजी गेट पर आकर खड़े हो गए। चश्मे के अंदर उनकी आंखों में भी झिलमिलाती बूंदें साफ साफ दिखाई दे रही थीं। गाड़ी सरकने लगी थी। बाबूजी हाथ हिला रहे थे। हमारे हाथ भी हिलने लगे।

धक...धक...धक...धक... आज भी ट्रेन की वही आवाज थी, जब दोस्त बनकर मांबाबूजी को हम तक पहुंचाया था। वही ट्रेन आज दुश्मन बनकर मांबाबूजी को हम से दूर लिए जा रही थी। बाबूजी का हिलता हाथ अब दिखाई नहीं दे रहा था।  मैं भैया के साथ वापस चल पड़ा था, खाली घर की ओर। तभी एक दृश्य देखकर भैया के कंधे पर हाथ रखकर मैं जोर से हंसने लगा। भैया भी मेरी ओर देख कर हंसने लगे। वह दृश्य कहीं से भी हंसने वाला नहीं था, लेकिन हृदय के दर्द और आंखों से निकलने वाली धारा को रोकने का इससे बढिया कोई उपाय न था। यह हमदोनों जानते थे इसलिए हंसे जा रहे थे।

पिछले वर्ष उनके जन्मदिन के आसपास ही उनकी नई किताब आई थी, जो मेरे लिए अनमोल उपहार थी। इस वर्ष उनकी स्वयं की उपस्थिति और उनकी कई स्नेह से भरी यादें मेरे लिए अनमोल उपहार से कम नहीं, मैं उनसे जुड़ी हर बातों को सहेज कर रखना चाहता हूं। कामना यही है कि बाबूजी सदा स्वस्थ रहें और उनका स्नेह और आशीष परिवार के सभी सदस्यों पर सदा बना रहे। आने वाले जन्मदिन की उन्हें ढेरों शुभकामनाएं हैं।

Tuesday, October 11, 2016